विज्ञापन

न डाइटिंग, न जिम... फिटनेस कोच ने बताया रोज ये 6 काम करने से हो जाएगा Weight Loss

चेन्नई के फिटनेस कोच राज गणपथ ने वजन घटाने और हेल्दी रहने के लिए 6 ऐसी आदतें बताई हैं जिन्हें अपनाना बेहद जरूरी है. जब ये सभी आदतें मिलकर काम करती हैं, तो न केवल वजन घटाना आसान हो जाता है, बल्कि फिटनेस के इस सफर को लंबे समय तक जारी रखना भी आसान हो जाता है.

न डाइटिंग, न जिम... फिटनेस कोच ने बताया रोज ये 6 काम करने से हो जाएगा Weight Loss
वजन कम करने के टिप्स
file photo

अक्सर लोग फिटनेस और वजन घटाने को सिर्फ दो चीजों से जोड़कर देखते हैं, अच्छी डाइट और एक्सरसाइज. हालांकि, फिट और हेल्दी रहने के लिए सिर्फ इतना काफी नहीं है. असल में लंबे समय तक अच्छे परिणाम पाने के लिए कई जरूरी आदतों को एक साथ अपनाना पड़ता है. जब ये सभी आदतें मिलकर काम करती हैं, तो न केवल वजन घटाना आसान हो जाता है, बल्कि फिटनेस के इस सफर को लंबे समय तक जारी रखना भी आसान हो जाता है.

चेन्नई के फिटनेस कोच राज गणपथ ने वजन घटाने और हेल्दी रहने के लिए 6 ऐसी आदतें बताई हैं जिन्हें अपनाना बेहद जरूरी है. राज गणपथ Slow Burn Method के संस्थापक, Quad Fitness के सह-संस्थापक और मुख्य कोच हैं. वह Simple, Not Easy नामक किताब के लेखक भी हैं. गणपथ ने 8 जुलाई को इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया है. वीडियो में उन्होंने कहा, "अगर आप वजन कम करना चाहते हैं, फिट रहना चाहते हैं और अपनी सेहत में सुधार लाना चाहते हैं, तो आपको ये 6 जरूरी आदतें जरूर अपनानी चाहिए". उनके अनुसार, ये आदतें न केवल वेट लॉस में मदद करती हैं, बल्कि शरीर को लंबे समय तक हेल्दी और एक्टिव भी बनाए रखती हैं.

अच्छा खाना

राज गणपथ के अनुसार, बेहतर हेल्थ और वजन घटाने की शुरुआत सही खानपान से होती है. उनका कहना है कि डाइट में प्रोटीन और फाइबर की मात्रा बढ़ानी चाहिए, जबकि स्टार्च, फैट और रिफाइंड कार्बोहाइड्रेट जैसे मैदा और ज्यादा मीठी चीजें सीमित मात्रा में लेने चाहिए. फिटनेस कोच कहते हैं, "सबसे पहला कदम है अच्छा खाना खाना. इसका मतलब है कि अपनी डाइट में ज्यादा प्रोटीन और सब्जियां शामिल करें, स्टार्च की मात्रा संतुलित रखें और मीठी व ज्यादा फैट वाली चीजों को कम से कम खाएं".

जरूरत से थोड़ा कम खाएं

राज का कहना है कि बहुत से लोग बिना ध्यान दिए जरूरत से ज्यादा खा लेते हैं. वजन कम करने के लिए शरीर को जितनी कैलोरी खर्च होती है, उससे कम कैलोरी का सेवन करना जरूरी है. इसे कैलोरी डेफिसिट कहा जाता है. उनके अनुसार, वजन घटाने के लिए पेट पूरी तरह भरने से पहले खाना बंद करने की आदत डालनी चाहिए. इसके साथ ही कभी-कभी हल्की भूख महसूस होना भी सामान्य है और इसे स्वीकार करना सीखना चाहिए. इससे शरीर अतिरिक्त कैलोरी जमा नहीं करता और वजन घटाने में मदद मिलती है.

दिनभर एक्टिव रहें

राज गणपथ के अनुसार, सिर्फ एक्सरसाइज करना ही काफी नहीं है. वजन घटाने के लिए पूरे दिन शरीर को एक्टिव रखना भी जरूरी है. इसके लिए वे पैदल चलने को सबसे आसान और असरदार तरीका मानते हैं. नियमित रूप से चलने-फिरने से शरीर ज्यादा कैलोरी बर्न करता है और भूख भी बहुत ज्यादा नहीं बढ़ती.

नियमित रूप से एक्सरसाइज करें

फिटनेस कोच का कहना है कि वजन घटाने के लिए नियमित एक्सरसाइज बेहद जरूरी है. हालांकि, इसके लिए बहुत कठिन वर्कआउट करने की जरूरत नहीं होती. आपको बहुत ज्यादा मेहनत करने या कठिन वर्कआउट करने की जरूरत नहीं है. बस हफ्ते में 3 से 5 दिन एक्सरसाइज करें और अपनी मांसपेशियों को मजबूत बनाने पर ध्यान दें.

तनाव को कंट्रोल करें

तनाव या स्ट्रेस भी वजन बढ़ने की एक बड़ी वजह बन सकता है. राज के मुताबिक, जब तनाव बढ़ता है तो हमारी खाने-पीने और रोजमर्रा की आदतों पर असर पड़ता है. ऐसे में लोग जरूरत से ज्यादा खाने लगते हैं और शारीरिक गतिविधियां कम कर देते हैं.

भरपूर नींद लें

अच्छी डाइट और नियमित एक्सरसाइज जितनी जरूरी है, उतनी ही जरूरी अच्छी और पर्याप्त नींद भी है. राज की सलाह है कि हर व्यक्ति को रोजाना कम से कम 7 घंटे की नींद जरूर लेनी चाहिए.

यह भी पढ़ें:- चेहरे पर पड़ रहे हैं जिद्दी काले दाग? एक्सपर्ट से जानिए पिगमेंटेशन के पीछे छिपी असली वजहें

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Fitness Coach, Weight Loss, Fitness
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com