ब्यूटी इंडस्ट्री में LED Mask आजकल नया ट्रेंड बन गया है. पहले यह ट्रीटमेंट सिर्फ स्किन क्लीनिक में मिलता था, लेकिन अब मार्किट में घर पर इस्तेमाल करने वाले LED Mask भी आने लगे हैं. आपने कई सेलिब्रिटी को भी इस तरह के मास्क इस्तेमाल करते हुए देखा होगा. ऐसे में आइए स्किन एक्सपर्ट से जानते हैं कि आखिर LED Face Mask होता क्या है, किस काम आता है, किन लोगों को इसका इस्तेमाल करना चाहिए और किन्हें नहीं, साथ ही जानेंगे LED Mask यूज करने का सही और सबसे अच्छा तरीका क्या है.
क्या कहते हैं एक्सपर्ट?
इसे लेकर फेमस डर्मेटोलॉजिस्ट जुश्या भाटिया सरीन ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में स्किन की डॉक्टर ने इन तमाम सवालों के जवाब दिए हैं. आइए जानते हैं-
LED Mask क्या होता है?LED Face Mask एक स्किनकेयर डिवाइस है. ये डिवाइस कलर-कोडेड, लाइट-एमिटिंग डायोड (LED) टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल कर स्किन से जुड़ी कई तरह की परेशानियों पर काम करता है. आसान भाषा में कहें, तो इस मास्क में अलग-अलग रंगों की LED लाइट लगी होती हैं. ये लाइट स्किन की ऊपरी परत तक पहुंचकर अलग-अलग समस्याओं पर काम करती है.
किस रंग की लाइट किस काम आती है?- लाल (Red Light): डर्मेटोलॉजिस्ट ने बताया, रेड लाइट वाला LED Face Mask मुख्य रूप से एंटी-एजिंग (बढ़ती उम्र के लक्षण रोकने) के लिए इस्तेमाल किया जाता है.
- नीली (Blue Light): ब्लू लाइट एक्ने पैदा करने वाले बैक्टीरिया पर काम करती है, इसलिए एक्ने वाली स्किन के लिए फायदेमंद मानी जाती है.
- हरी (Green Light): वहीं, ग्रीन लाइट वाला LED Face Mask पिगमेंटेशन और असमान स्किन टोन की समस्या में मदद के लिए इस्तेमाल किया जाता है.
डॉक्टर जुश्या भाटिया सरीन के मुताबिक, घर पर इस्तेमाल होने वाले LED Mask को हफ्ते में 3 से 5 दिन लगाना काफी होता है. इसे रोज लगाने की जरूरत नहीं है. कई लोगों को लगता है कि रोज इस्तेमाल करने से जल्दी फायदा मिलेगा, लेकिन ऐसा नहीं होता.
एक बार में कितनी देर लगाना चाहिए?हर बार केवल 10 से 20 मिनट तक LED Mask लगाना काफी होता है. इससे ज्यादा देर तक लगाने से कोई अतिरिक्त फायदा नहीं मिलता.
LED Mask लगाने से पहले और बाद में क्या करें?स्किन की डॉक्टर बताती हैं, LED Mask लगाने से पहले अच्छी तरह फेस वॉश कर लें. चेहरे पर मेकअप, सनस्क्रीन, क्रीम या कोई भी सीरम नहीं होना चाहिए. वहीं, मास्क हटाने के बाद भी चेहरे को अच्छी तरह धो लें. इसके बाद मॉइस्चराइजर लगा सकते हैं.
कौन इस्तेमाल कर सकता है, कौन नहीं?डर्मेटोलॉजिस्ट बताती हैं, सेंसिटिव स्किन और एक्ने प्रोन स्किन पर LED मास्क इस्तेमाल किया जा सकता है. अगर चेहरे पर पिंपल्स हैं, तब भी इसका इस्तेमाल किया जा सकता है. लेकिन अगर चेहरे पर कोई खुला घाव है, तो LED Mask लगाने से बचें.
LED Mask इस्तेमाल करते समय किन बातों का ध्यान रखें?डॉक्टर के अनुसार, इसे रात में इस्तेमाल करना बेहतर होता है क्योंकि उस समय स्किन खुद को रिपेयर करती है. हालांकि, सोते हुए मास्क न लगाएं. LED Mask लगाते समय आंखों की सुरक्षा जरूर करें. साथ ही याद रखें कि LED Mask आपके रोज के स्किनकेयर रूटीन का विकल्प नहीं है. रोज स्किनकेयर करना और सनस्क्रीन लगाना उतना ही जरूरी है.
कितने दिनों में दिखता है असर?LED Mask का असर तुरंत नहीं दिखता. अगर आप इसे सही तरीके से और नियमित रूप से इस्तेमाल करते हैं, तो 4 से 8 हफ्तों में फर्क दिखना शुरू हो सकता है. यह फाइन लाइंस और झुर्रियों को कम करने में असर दिखा सकता है. हालांकि, डार्क स्पोट्स और ब्लैकहेड्स पर इसका असर बहुत ज्यादा नहीं माना जाता है.
अस्वीकरण: सलाह सहित यह सामग्री केवल सामान्य जानकारी प्रदान करती है. यह किसी भी तरह से योग्य चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है. अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श करें. एनडीटीवी इस जानकारी के लिए ज़िम्मेदारी का दावा नहीं करता है.
यह भी पढ़ें- टीनएजर को स्किन केयर करना चाहिए या नहीं? डर्मेटोलॉजिस्ट ने बताया इस उम्र में क्या है सबसे बेस्ट रूटीन
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं