विज्ञापन

बिना महंगे क्लीनर के बाथरूम की टाइल्स कैसे साफ करें, ये 5 नेचुरल तरीके सच में करेंगे काम

बाथरूम की टाइल्स पर साबुन के दाग, हार्ड वॉटर के निशान, नमी और धूल-मिट्टी जमा होना आम बात है. ऐसे में कुछ प्राकृतिक और घरेलू चीजों की मदद से भी बाथरूम की टाइल्स को साफ और चमकदार रख सकते हैं.

बिना महंगे क्लीनर के बाथरूम की टाइल्स कैसे साफ करें, ये 5 नेचुरल तरीके सच में करेंगे काम
बाथरूम की टाइल्स कैसे साफ करें
file photo

बाथरूम की टाइल्स पर साबुन के दाग, हार्ड वॉटर के निशान, नमी और धूल-मिट्टी जमा होना आम बात है, लेकिन इन्हें नियमित रूप से साफ करना जरूरी होता है. हालांकि बाजार में कई तरह के क्लीनिंग प्रोडक्ट्स उपलब्ध हैं, लेकिन इनमें मौजूद केमिकल्स त्वचा और सांस संबंधी परेशानियां पैदा कर सकते हैं. ऐसे में आप कुछ प्राकृतिक और घरेलू चीजों की मदद से भी बाथरूम की टाइल्स को साफ और चमकदार रख सकते हैं. ये आसान तरीके टाइल्स पर गंदगी जमने से रोकने में भी मदद करते हैं. चलिए आपको बताते हैं 5 ऐसे नेचुरल उपाय, जो आपकी बाथरूम टाइल्स की सफाई को आसान बना सकते हैं.

सफेद सिरका

सफेद सिरका एक बेहतरीन प्राकृतिक क्लीनर माना जाता है. इसकी एसिडिक प्रकृति साबुन की परत और हार्ड वॉटर से बने दागों को घोलने में मदद करती है. इसके लिए सफेद सिरके और पानी को बराबर मात्रा में मिलाकर एक स्प्रे बोतल में भर लें. इस घोल को सिरेमिक या पोर्सिलेन टाइल्स पर स्प्रे करें और 10 से 15 मिनट तक लगा रहने दें. इसके बाद स्पंज से हल्के हाथों से रगड़कर साफ करें और साफ पानी से धो लें.

बेकिंग सोडा का पेस्ट

बेकिंग सोडा टाइल्स की सफाई के लिए एक आसान और सुरक्षित घरेलू उपाय है. यह जमी हुई गंदगी और दाग हटाने में मदद करता है. इसके लिए बेकिंग सोडा में थोड़ा पानी मिलाकर गाढ़ा पेस्ट तैयार करें. इस पेस्ट को दाग वाले हिस्से या टाइल्स की ग्राउट लाइन पर लगाएं. कुछ मिनट तक पेस्ट को लगा रहने दें, फिर ब्रश से धीरे-धीरे रगड़ें. इसके बाद गुनगुने पानी से अच्छी तरह धो लें. यह तरीका रोजमर्रा में जमा होने वाली गंदगी को हटाने के लिए काफी प्रभावी माना जाता है और नियमित सफाई के लिए भी सुरक्षित है.

नींबू का रस

नींबू का रस प्राकृतिक साइट्रिक एसिड से भरपूर होता है, इसलिए यह एक अच्छा नेचुरल क्लीनर माना जाता है. यह टाइल्स पर लगे हल्के दाग हटाने के साथ-साथ बाथरूम को ताजगी भरी खुशबू भी देता है. इसके लिए दाग वाली जगह पर सीधे नींबू का रस लगाएं या फिर इसे गुनगुने पानी में मिलाकर मुलायम कपड़े से टाइल्स साफ करें. कुछ मिनट तक लगा रहने दें और फिर पानी से धो लें.

गुनगुना पानी और माइक्रोफाइबर कपड़ा

हर बार क्लीनिंग सॉल्यूशन का इस्तेमाल जरूरी नहीं होता. अगर आप रोजाना या एक दिन छोड़कर गुनगुने पानी और माइक्रोफाइबर कपड़े से टाइल्स साफ कर लें, तो साबुन के दाग, धूल और नमी जमा होने से पहले ही हट जाएंगे. माइक्रोफाइबर कपड़ा बिना किसी केमिकल के गंदगी को अच्छी तरह पकड़ लेता है. नहाने के बाद टाइल्स को पोंछने की आदत बनाने से जमी हुई मैल और दागों की समस्या काफी हद तक कम हो सकती है.

बाथरूम नमी कम रखें

बाथरूम में नमी ज्यादा होने से गंदगी, पानी के निशान और फफूंदी जल्दी जमने लगती है. इसलिए कुछ आसान उपाय अपनाकर टाइल्स को ज्यादा समय तक साफ रखा जा सकता है. नहाने के बाद दीवारों और फर्श पर जमा पानी हटा दें, इससे साबुन के दाग, पानी के निशान और फफूंदी बनने की संभावना कम हो जाती है. इसके साथ ही बाथरूम में अच्छी वेंटिलेशन बनाए रखें. खिड़कियां खोलें या एग्जॉस्ट फैन चलाएं, ताकि नमी जल्दी बाहर निकल सके.

यह भी पढ़ें:- सोने का रानी हार और खूबसूरत पीकॉक झुमके, ऐसी थी रश्मिका मंदाना की शाही वेडिंग ज्वेलरी

यह भी पढ़ें:- क्या आपका बच्चा भी फोन देखे बिना खाना नहीं खाता, तो स्क्रीन की लत छुड़वाने के लिए अपनाए ये 3 तरीके

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bathroom Tiles Cleaning, Bathroom Tiles Cleaning Tricks, Cleaning Tips And Hacks
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com