बारिश का मौसम गर्मी से राहत तो देता है, लेकिन यह मौसम बालों और स्कैल्प के लिए कई समस्याएं भी लेकर आता है. बढ़ी हुई नमी, पसीना, प्रदूषण और गीलापन स्कैल्प को ऑयली बना सकता है, जिससे डैंड्रफ, खुजली, बालों का रूखापन और हेयर फॉल जैसी परेशानियां बढ़ सकती हैं. हालांकि, बालों की समस्या से राहत पाने के लिए लोग कई तरह के हेयर ट्रीटमेंट और घरेलू उपाय इस्तेमाल करते हैं, लेकिन अधिकतर लोगों को इसका फायदा नहीं मिलता और फिर कुछ समय के बाद समस्या पहले जैसी ही हो जाती है.
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, ट्राइकोलॉजिस्ट डॉ. बुशरा अजीज ने बताया कि मानसून में होने वाला हेयर फॉल अक्सर अस्थायी होता है और सही स्कैल्प केयर रूटीन अपनाकर इसे काफी हद तक कंट्रोल किया जा सकता है. इसके लिए स्कैल्प को साफ और सूखा रखना बेहद जरूरी है. चलिए आपको बताते हैं स्कैल्प को हेल्दी रखने के लिए क्या करना चाहिए.
स्कैल्प को साफ रखें
मानसून में बालों की देखभाल का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा स्कैल्प की सफाई है. नमी और पसीने की वजह से स्कैल्प पर तेल और गंदगी जमा हो सकती है. डॉ. अजीज कहती हैं कि जरूरत के अनुसार बाल धोएं, ज्यादातर लोगों के लिए सप्ताह में 2 से 3 बार बाल धोना पर्याप्त हो सकता है. हालांकि, जिन लोगों की स्कैल्प ज्यादा ऑयली होती है, उन्हें बारिश के मौसम में बाल थोड़ी अधिक बार धोने की जरूरत पड़ सकती है. किसी तय संख्या का पालन करने के बजाय इस बात का ध्यान रखें कि आपकी स्कैल्प साफ और आरामदायक महसूस करे.
बालों को लंबे समय तक गीला न रखें
बारिश के मौसम में हवा में नमी ज्यादा होने के कारण बालों को सूखने में अधिक समय लग सकता है. कई बार बालों के सिरे तो सूखे लगते हैं, लेकिन जड़ें और स्कैल्प लंबे समय तक नम बनी रहती हैं. इसलिए गीले बालों को बांधने से बचें और कभी भी गीले बालों के साथ सोने न जाएं. बालों की जड़ों को मुलायम कॉटन या माइक्रोफाइबर तौलिये से धीरे-धीरे सुखाएं. जरूरत पड़ने पर हेयर ड्रायर को कूल सेटिंग पर भी इस्तेमाल कर सकते हैं. स्कैल्प को सूखा रखने से अतिरिक्त तेल, खुजली और गंदगी जमा होने जैसी समस्याओं से बचाव हो सकता है, जिससे मानसून में बालों के झड़ने का खतरा भी कम हो सकता है.
पानी बालों में देर तक न रहने दें
बारिश में भीगना कई बार टाला नहीं जा सकता, लेकिन बालों और स्कैल्प पर बारिश का पानी लंबे समय तक छोड़ना सही नहीं माना जाता. बारिश के पानी में धूल, गंदगी और प्रदूषण के कण हो सकते हैं, जो स्कैल्प में जलन और खुजली पैदा कर सकते हैं. अगर आप बारिश में भीग जाएं, तो घर पहुंचने के बाद बालों को साफ पानी से धो लें और जड़ों को अच्छी तरह सुखाएं. यह छोटी-सी आदत स्कैल्प में गंदगी जमा होने और जलन जैसी समस्याओं से बचाने में मदद कर सकती है.
हैफी हेयर प्रोडक्ट्स से बचें
मानसून के मौसम में बालों पर ज्यादा भारी क्रीम, वैक्स या जेल लगाने से बचना चाहिए. ये प्रोडक्ट्स पसीने और तेल को स्कैल्प पर फंसा सकते हैं, जिससे गंदगी जमा होने की समस्या बढ़ सकती है. इसके बजाय हल्के और स्कैल्प-फ्रेंडली प्रोडक्ट्स चुनें. एलोवेरा स्कैल्प को ठंडक पहुंचाने और जलन कम करने में मदद कर सकता है. वहीं, टी ट्री युक्त प्रोडक्ट्स अतिरिक्त तेल और गंदगी को कंट्रोल करने में सहायक हो सकते हैं. इसके अलावा हायल्यूरोनिक एसिड जैसे हल्के मॉइस्चराइजिंग तत्व बालों को बिना भारी बनाए नमी देने में मदद करते हैं.
बालों में तेल की मालिश सही तरीके से करें
बारिश के मौसम में तेल लगाना पूरी तरह बंद करने की जरूरत नहीं है, लेकिन इसे सही तरीके से करना जरूरी है. लंबे समय तक स्कैल्प पर भारी मात्रा में तेल लगा रहने से नमी और पसीने के कारण समस्याएं बढ़ सकती हैं. डॉ. बुशरा अजीज के अनुसार, तेल को प्री-वॉश ट्रीटमेंट की तरह इस्तेमाल करना बेहतर होता है. बाल धोने से कुछ समय पहले हल्के हाथों से तेल लगाएं और स्कैल्प की धीरे-धीरे मालिश करें. इससे स्कैल्प को आराम मिलता है और तनाव भी कम हो सकता है.
यह भी पढ़ें:- 'मेरी दादी अपने चेहरे पर घी लगाती थीं', करिश्मा कपूर ने अपनी दादी का ब्यूटी सीक्रेट शेयर किया, जानिए इसके फायदे
यह भी पढ़ें:- टाइल की लाइनों की गंदगी और दाग नेचुरली कैसे साफ करें, ये है 5 आसान तरीके, एकदम चमक उठेगी टाइल्स
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं