विज्ञापन

बच्चे का पढ़ाई में नहीं लगता मन? Child Psychologist ने बताया बच्चों का फोकस कैसे बढ़ाएं, बस सुबह करना होगा ये काम

अगर आपका बच्चा भी किसी काम पर ज्यादा देर तक फोकस नहीं कर पाता है, तो ये आर्टिकल आपके लिए मददगार हो सकता है. मशहूर चाइल्ड साइकोलॉजिस्ट श्वेता गांधी ने बच्चों का फोकस बढ़ाने के लिए कुछ आसान टिप्स शेयर की हैं. आइए जानते हैं इनके बारे में-

बच्चे का पढ़ाई में नहीं लगता मन? Child Psychologist ने बताया बच्चों का फोकस कैसे बढ़ाएं, बस सुबह करना होगा ये काम
बच्चों का फोकस कैसे बढ़ाएं?
(Photo Credit: Freepik)

कई माता-पिता की शिकायत होती है कि उनका बच्चा पढ़ाई में ध्यान नहीं देता या बच्चा किसी भी काम पर ज्यादा देर तक फोकस नहीं कर पाता. अगर आप भी इन्हीं पेरेंट्स में से एक हैं, तो ये आर्टिकल आपके लिए मददगार हो सकता है. हाल ही में मशहूर चाइल्ड साइकोलॉजिस्ट श्वेता गांधी ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में साइकोलॉजिस्ट बताती हैं, अगर आप अपने बच्चे का फोकस बढ़ाना चाहते हैं, तो इसके लिए सबसे आसान और जरूरी काम है कि आप उनकी सुबह की शुरुआत अच्छी तरह से करें. श्वेता गांधी ने बच्चों का फोकस बढ़ाने के लिए सुबह की 5 आसान आदतें बताई हैं. आइए जानते हैं इनके बारे में- 

सुबह-सुबह करें ये 5 काम

नंबर 1- सुबह उठते ही मोबाइल न दें

साइकोलॉजिस्ट कहती हैं, सबसे पहले बच्चों को समय पर सोने और सुबह जल्दी उठने की आदत डालें. इसके बाद सबसे जरूरी बात यह है कि उठने के कम से कम 30 मिनट तक उन्हें मोबाइल, टीवी या टैबलेट न दें. सुबह उठने के बाद बच्चे के दिमाग को अपने आप एक्टिव होने का समय चाहिए. अगर दिन की शुरुआत ही रील्स या कार्टून से होती है, तो दिमाग जरूरत से ज्यादा एक्टिव हो जाता है. इसका असर पूरे दिन बच्चे के ध्यान और फोकस पर पड़ सकता है.

नंबर 2- सुबह की धूप जरूर दिखाएं

बच्चे को हर दिन 10 से 15 मिनट सुबह की हल्की धूप में जरूर ले जाएं. सुबह की धूप शरीर की बॉडी क्लॉक को सही रखने में मदद करती है. इससे बच्चा दिनभर ज्यादा एक्टिव रहता है और उसका ध्यान भी बेहतर बना रहता है. इसके साथ ही सुबह बाहर थोड़ा समय बिताने से बच्चे का मूड भी अच्छा रहता है.

नंबर 3- नाश्ते में प्रोटीन वाली चीजें खिलाएं

बच्चे का नाश्ता कभी भी हल्के में न लें. सुबह के खाने में दूध, अंडा, दही, पनीर, दाल, स्प्राउट्स या दूसरी प्रोटीन वाली चीजें जरूर शामिल करें. प्रोटीन दिमाग को ताकत देता है. इससे बच्चे का फोकस, याद रखने की क्षमता और पढ़ाई में मन लगाने की आदत बेहतर हो सकती है.

नंबर 4- सुबह थोड़ा दौड़ना-भागना भी जरूरी

बच्चे को सुबह कम से कम 10 मिनट तक कोई न कोई शारीरिक गतिविधि जरूर करवाएं. जैसे- रनिंग, रस्सी कूदना, डांस करना या हल्की स्ट्रेचिंग करना. ऐसा करने से ब्रेन तक ब्लड फ्लो बेहतर होता है. इससे बच्चा ज्यादा एक्टिव महसूस करता है.

नंबर 5- हर दिन बच्चे के साथ थोड़ा समय बिताएं

इन सब से अलग साइकोलॉजिस्ट कहती हैं, सुबह कुछ मिनट सिर्फ बच्चे के लिए निकालें. उससे बात करें, कोई छोटी कहानी सुनाएं, साथ में खेलें या हंसते हुए दिन की शुरुआत करें. इससे बच्चा खुद को सुरक्षित और खुश महसूस करता है. जब बच्चा मानसिक रूप से खुश रहता है, तो उसका फोकस भी चीजों पर बेहतर होता है.

श्वेता गांधी बताती हैं, एक रिसर्च में भी यह बात सामने आई है कि जिन बच्चों का रोज का रूटीन तय होता है, उन्हें अच्छी नींद आती है. अच्छा रूटीन उनके दिमाग के विकास में मदद करता है. 

यहां देखें वीडियो- 


यह भी पढ़ें- बच्चे के PTM में जा रहे हैं तो टीचर से ना पूछें ये 7 सवाल, स्‍टूडेंट के कॉन्फिडेंस और पढ़ाई पर पड़ेगा असर

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Parenting Tips, Lifestyle News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com