कभी-कभी घूमने का असली मजा उन जगहों पर मिलता है जिनके बारे में बहुत कम लोग जानते हैं. सोचिए, सामने बर्फ से ढके पहाड़ हों, चारों तरफ हरियाली फैली हो, हवा में ठंडक हो और दूर-दूर तक सिर्फ शांति. न ट्रैफिक का शोर, न सेल्फी लेने वाली भीड़. हिमाचल प्रदेश में आज भी कुछ ऐसे खूबसूरत गांव मौजूद हैं जो मशहूर टूरिस्ट स्पॉट्स की चमक-दमक से दूर हैं, लेकिन खूबसूरती के मामले में किसी से कम नहीं. अगर इस बार छुट्टियों में कुछ अलग और यादगार एक्सपीरियंस लेना चाहते हैं तो ये 5 ऑफबीट गांव आपकी ट्रैवल लिस्ट में जरूर होने चाहिए.
कल्पा में हर सुबह लगेगी किसी फिल्म का सीन
किन्नौर जिले का कल्पा अपनी खूबसूरत वादियों और बर्फ से ढकी चोटियों के लिए जाना जाता है. यहां सुबह का नजारा सबसे ज्यादा खास होता है. सूरज की पहली किरणें जब पहाड़ों पर पड़ती हैं तो पूरा इलाका सुनहरी रोशनी से चमक उठता है. शांत माहौल और शानदार नजारों की वजह से ये जगह प्रकृति प्रेमियों की पसंद बन चुकी है.
शोगी में मिलेगा भीड़ से दूर पहाड़ों का सुकून
ज्यादातर लोग शिमला पहुंचकर अपनी यात्रा खत्म मान लेते हैं, लेकिन उससे कुछ दूरी पर मौजूद शोगी भी कम खूबसूरत नहीं है. यहां की हरियाली, ठंडी हवा और शांत माहौल लोगों को खूब पसंद आता है. अगर आप भीड़भाड़ से दूर कुछ सुकून भरे पल बिताना चाहते हैं तो शोगी आपके लिए बेहतरीन जगह हो सकती है.
बटसेरी में दिखेगा हिमाचल का असली रंग
बसपा नदी के किनारे बसा बटसेरी गांव अपनी सादगी और प्राकृतिक सुंदरता के लिए मशहूर है. यहां लकड़ी के पारंपरिक घर, देवदार के जंगल और सेब के बगीचे हर किसी का मन मोह लेते हैं. गांव की सादगी ही इसकी सबसे बड़ी खूबी है.
ताबो में प्रकृति के साथ मिलेगा आध्यात्म का एहसास
स्पीति घाटी की ओर जाने वाले यात्रियों के लिए ताबो एक खास पड़ाव माना जाता है. यहां का प्राचीन मठ दुनिया भर में मशहूर है. साफ आसमान, शांत माहौल और पहाड़ों के बीच बसा ये गांव प्रकृति के साथ-साथ आध्यात्म का भी अलग अनुभव देता है.
रक्षम की खूबसूरती देखकर रुक जाने का करेगा मन
सांगला और चितकुल के बीच स्थित रक्षम गांव अभी भी कई लोगों की नजरों से दूर है. यहां हरे-भरे मैदान, बहती नदी और ऊंचे पहाड़ मिलकर ऐसा नजारा बनाते हैं जिसे देखकर मन खुश हो जाता है. प्रकृति के बीच कुछ शांत दिन बिताने के लिए ये जगह किसी जन्नत से कम नहीं है.
इसे भी पढ़ें: जॉन मोंटेग्यू से बॉम्बे मसाला तक, Chef Ranveer Brar ने बताया सैंडविच का पूरा सफर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं