UP Police Sipahi Bharti: उत्तर प्रदेश में सिपाही परीक्षा के दो दिन पूरे हो चुके हैं. एनडीटीवी इंडिया लगातार परीक्षा से जुड़े हुए अपडेट आपको दे रहा है. 2 दिन में पूरे प्रदेश के तकरीबन हर जिले में अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, दोनों पालियों में 76 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी. पुलिस ने परीक्षाओं को लेकर जांच के लिए सख्त नियम बनाए हैं केंद्रों पर सघन जांच से होकर अभ्यर्थी परीक्षा में भागीदारी कर पा रहे हैं. कई ऐसे मामले सामने आए, जिनमें अभ्यर्थियों ने नकल करने की कोशिश की, इन सभी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. ऐसी कुल 10 FIR दर्ज हुई हैं. साथ ही जिम्मेदार अधिकारियों पर भी कार्रवाई की गई है.
मोबाइल के साथ पकड़े गए अभ्यर्थी
गोरखपुर में एक परीक्षा केंद्र में अभ्यर्थी पुलिस चेकिंग को पार कर मोबाइल सहित कक्षा में पहुंच गया, मोबाइल पकड़े जाने के बाद उस व्यक्ति के खिलाफ FIR करवाई गई और साथ ही तीन दरोगा समेत 10 पुलिस कर्मियों को निलंबित भी कर दिया गया. इसी तरह से हापुड़ में भी पहले दिन एक मामला सामने आया जहां केस दर्ज करके दो दरोगा समेत 6 पुलिस वालों को सस्पेंड किया गया.
गिरफ्तारी और FIR का सिलसिला जारी
नकल और सोशल मीडिया में परीक्षा को लेकर तमाम तरीके की जानकारियां टेलीग्राम व्हाट्सएप और अलग-अलग सोशल मीडिया पर वायरल हैं, जिसे लेकर लगातार उत्तर प्रदेश पुलिस और भर्ती परीक्षा बोर्ड जांच कर रहा है. इसे लेकर अलग-अलग जिलों में FIR भी दर्ज की गई. हरदोई के खेड़ी माधव विद्यापीठ इंटर कॉलेज में परीक्षा के लिए आए अभ्यर्थी पूर्व के परीक्षा पत्रों और मोबाइल के साथ पकड़ा गया, जिसे लेकर एफआईआर दर्ज कराई गई. अलीगढ़ और मुजफ्फरनगर में भी एक-एक अभ्यर्थी फर्जी पहचान के जरिए दूसरे के जगह पर परीक्षा देने आए थे, इन्हें गिरफ्तार किया गया और FIR दर्ज की गई. कानपुर में एक अभ्यर्थी इलेक्ट्रॉनिक गैजेट लेकर केंद्र के अंदर पहुंचने की कोशिश करते पकड़ा गया.
चेकिंग में हुई सख्ती
नकल के अलग-अलग तरीकों को देखते हुए अब तीसरे दिन चेकिंग में काफी सख्ती की जा रही है, अभ्यर्थियों के मुंह और अंडवियर तक चेक किए जा रहे हैं. किसी भी तरह का कोई डिवाइस या फिर पर्ची एग्जाम सेंटर के अंदर न पहुंचे, इसे लेकर पूरी सख्ती बरती जा रही है. यूपी पुलिस कांस्टेबल के 32 हजार से ज्यादा पदों के लिए 28 लाख से ज्यादा अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था.
ये भी पढ़ें - NEET री-एग्जाम सिलेबस को लेकर NTA ने जारी नहीं किया कोई सर्कुलर, PIB ने किया फैक्ट चेक
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं