UP Police Constable Exam 2026: यूपी पुलिस में सिपाही बनने का सपना देखने वाले युवाओं के लिए परीक्षा शुरू हो चुकी है. पहले ही दिन 8 जून को लाखों उम्मीदवारों ने अपनी किस्मत आजमाई, लेकिन परीक्षा के पहले ही दिन चेकिंग और कड़े नियमों के चक्कर में कई उम्मीदवारों को एग्जाम हॉल से बाहर का रास्ता देखना पड़ा, तो कुछ को जेल तक जाना पड़ गया. अगर आपकी परीक्षा आज या कल (9 और 10 जून) को है, तो पहले दिन की इन गलतियों से सबक ले सकते हैं, वरना एग्जाम हॉल में एंट्री नहीं मिलेगी और सालों की मेहनत एक गलती से पानी में मिल जाएगी. आइए जानते हैं कि पहले दिन केंद्रों पर क्या-क्या हुआ और आपको किन बातों का खास ख्याल रखना है...
पहले दिन लाखों ने छोड़ी परीक्षा, कुछ पहुंचे जेल
सिपाही भर्ती के पहले दिन कुल 9.62 लाख उम्मीदवारों को बुलाया गया था, लेकिन सिर्फ 7.23 लाख लोग ही पेपर देने पहुंचे. करीब 2.39 लाख युवाओं ने परीक्षा छोड़ दी. लेकिन सबसे बड़ी गाज उन लोगों पर गिरी, जिन्होंने चालाकी दिखाने की कोशिश की.
मोबाइल ले जाने पर गिरफ्तारी
हापुड़ और गोरखपुर में उम्मीदवार एग्जाम हॉल के अंदर मोबाइल ले जाते हुए पकड़े गए. उन्हें तुरंत परीक्षा से बाहर करके गिरफ्तार कर लिया गया. हापुड़ में तो इस लापरवाही के लिए 6 पुलिसवालों को सस्पेंड भी कर दिया गया. इसके अलावा लखनऊ और आजमगढ़ में जिन लोगों ने इंस्टाग्राम पर पेपर लीक या गड़बड़ी की झूठी अफवाहें फैलाईं, पुलिस ने उनके खिलाफ तुरंत FIR दर्ज कर ली.
एग्जाम सेंटर पर ऐसी हुई चेकिंग, आप भी रहें तैयार
पहले दिन केंद्रों पर सुरक्षा काफी टाइट थी. एडमिट कार्ड देखने के साथ-साथ उम्मीदवारों का बायोमेट्रिक मिलान और आंखों का रेटिना स्कैन किया गया. अलग-अलग शहरों से चेकिंग की ऐसी तस्वीरें आईं, जिन्हें उन हर कैंडिडेट्स को नोट कर लेना चाहिए, जो आगे पऱीक्षा देने जाने वाले हैं. झांसी में उम्मीदवारों के जूते और मोजे तक उतरवाकर चेकिंग की गई.
सहारनपुर मेंएग्जाम हॉल के बाहर ही कंगन, सोने की चेन और चश्मा तक उतरवा लिया गया. जौनपुर में महिला उम्मीदवारों के बालों के जूड़े खुलवाकर चेकिंग की गई. कानपुर में जिन लड़कों की दाढ़ी या सिर के बाल बड़े थे, उनकी दाढ़ी और बालों के अंदर भी बारीकी से जांच की गई कि कहीं कोई छोटी डिवाइस तो नहीं छुपाई है.
अगर आपकी परीक्षा अभी बाकी है, तो जानें क्या करें, क्या नहीं
1. एग्जाम सेंटर पर बिल्कुल साधारण कपड़ों में जाएं.
2. बड़े बाल-दाढ़ी रखने से बचें.
3. गहने या कोई भी मेटल की चीज पहनकर न जाएं.
4. मोबाइल, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस या किसी भी तरह का इलेक्ट्रॉनिक सामान न ले जाएं.
5. सोशल मीडिया पर किसी भी तरह की अफवाह न फैलाएं और इनसे बचें.
6. एडमिट कार्ड और पहचान पत्र साथ रखें, इसके बिना एंट्री नहीं मिलेगी.
7. समय से पहले पहुंचें. लेट पहुंचने पर परीक्षा छूट सकती है.
8. ड्रेस कोड और गाइडलाइन पढ़ लें. केंद्र पर अतिरिक्त जांच हो सकती है.
यूपी पुलिस कॉन्स्टेबल भर्ती परीक्षा की डिटेल्स
कुल वैकेंसी- 32,679 सिपाही और समकक्ष पद
लिखित परीक्षा- कुल 300 नंबर का पेपर, जिसमें 150 सवाल होंगे, हर सवाल 2 नंबर का
नेगेटिव मार्किंग- इस बार कोई नेगेटिव मार्किंग नहीं है
पुरुषों के लिए फिजिकल- लिखित परीक्षा पास करने के बाद 25 मिनट में 4.8 किलोमीटर की दौड़
महिलाओं के लिए फिजिकल- लिखित परीक्षा पास करने के बाद 14 मिनट में 2.4 किलोमीटर की दौड़
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं