विज्ञापन

Success Story: हजरतगंज में ड्यूटी, जेब में मैथ्स के फॉर्मूले; यूपी पुलिस का सिपाही बना दरोगा

UP SI Bharti Success Story: हजरतगंज थाना क्षेत्र में तैनात सिपाही नकुल ने अपनी मेहनत और लगन से सफलता हासिल की है और अब जल्द ही उनके कंधे पर दो स्टार लग जाएंगे. नौकरी के साथ उन्होंने पढ़ाई के लिए टाइम निकाला और आज उनकी मेहनत रंग लाई.

Success Story: हजरतगंज में ड्यूटी, जेब में मैथ्स के फॉर्मूले; यूपी पुलिस का सिपाही बना दरोगा
यूपी दरोगा भर्ती में सिपाही ने कर दिया कमाल

यूपी पुलिस दरोगा भर्ती का रिजल्ट आ चुका है और इसमें कई ऐसे अभ्यर्थी भी पास हुए हैं, जिनकी कहानी किसी प्रेरणा से कम नहीं है. सब इंस्पेक्टर बनने वाले नकुल कुमार भी ऐसे ही अभ्यर्थियों में से एक हैं, जो यूपी पुलिस में पहले से कांस्टेबल के पद पर तैनात थे और अब दरोगा बनने जा रहे हैं. हजरतगंज थाना क्षेत्र में तैनात सिपाही नकुल कुमार ने यूपी पुलिस सब-इंस्पेक्टर (UPSI) परीक्षा पास की है. साल 2019 में सिपाही के पद पर भर्ती हुए नकुल ने पुलिस की व्यस्त ड्यूटी के बीच समय निकालकर तैयारी की और आखिरकार दरोगा बनने का अपना लक्ष्य हासिल किया.

ड्यूटी के साथ की पढ़ाई 

NDTV से बातचीत में नकुल कुमार ने बताया कि पुलिस की ड्यूटी के साथ प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी आसान नहीं थी. इसके बावजूद उन्होंने ड्यूटी के दौरान मिलने वाले खाली समय का भी पढ़ाई के लिए इस्तेमाल किया. वो करेंट अफेयर्स का रिवीजन करते थे और गणित के सवालों को तेजी से हल करने के लिए मैथ्स की ट्रिक्स का अभ्यास करते थे.

नकुल ने बताया कि इससे पहले भी वह सफलता के बेहद करीब पहुंच चुके थे. साल 2022 की दरोगा भर्ती परीक्षा और वन विभाग की भर्ती परीक्षा में अंतिम चरण तक पहुंचने के बाद उनका चयन नहीं हो पाया था. इन असफलताओं के बाद उन्होंने अपनी तैयारी का तरीका बदला और पिछली गलतियों का विश्लेषण कर नई रणनीति के साथ पढ़ाई शुरू की.

लगातार प्रैक्टिस और रिवीजन

उनके मुताबिक, लगातार अभ्यास, रिवीजन और समय के बेहतर इस्तेमाल ने इस बार उनकी सफलता में अहम भूमिका निभाई. ड्यूटी की जिम्मेदारियों के बीच जो भी समय मिलता, उसका इस्तेमाल वह तैयारी के लिए करते थे.

अब UPSI परीक्षा पास करने के बाद मथुरा के रहने वाले नकुल कुमार की मेहनत रंग लाई है. सिपाही से दरोगा बनने की ओर बढ़े नकुल की कहानी उन अभ्यर्थियों के लिए भी प्रेरणा है, जो नौकरी या दूसरी जिम्मेदारियों के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं.

ये भी पढ़ें - क्या है नॉर्मलाइज्ड स्कोर, यूपी दरोगा भर्ती के रिजल्ट के बाद जिसका इंतजार कर रहे अभ्यर्थी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Success Story, UP SI Exam, UP Daroga Bharti, Up Daroga Exam
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com