Top 5 Future Jobs: क्या आपने 20-30 साल पहले 'सोशल मीडिया मैनेजर' या 'ऐप डेवलपर' जैसी जॉब के बारे में सुना भी था. शायद नहीं. जैसे-जैसे वक्त बदलता है, काम करने के तरीके और जॉब्स भी बदल जाते हैं. इंटरनेट, AI और स्पेस टेक्नोलॉजी इतनी तेजी से बदल रही है कि हर साल नई-नई जॉब्स पैदा हो रही हैं. तो सोचिए, आज से 10-15 साल बाद आपकी नौकरियां कैसी होगी. चलिए आज आपको बताते हैं वो 5 फ्यूचर जॉब्स, जो आज तो पूरी तरह एग्जिस्ट (Exist) ही नहीं करतीं, लेकिन आने वाले समय में गेम बदल देंगी. इनकी काफी ज्यादा डिमांड होने वाली है.
AI एथिक्स ऑफिसर (AI Ethics Officer)
आजकल हर छोटी-बड़ी कंपनी में AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) का इस्तेमाल हो रहा है, लेकिन क्या AI हमेशा सही फैसला लेता है. क्या वो इंसानी भावनाओं और नियमों को समझता है. यहीं जरूरत पड़ेगी 'AI एथिक्स ऑफिसर' की. इनका काम यह देखना होगा कि कोई भी मशीन या रोबोट इंसानों के साथ भेदभाव न करे, डेटा का गलत इस्तेमाल न हो और मशीन इंसानों को नुकसान न पहुंचाए. चूंकि आने वाले समय में हर बड़ी कंपनी AI यूज करेगी और उसे कंट्रोल करने के लिए एक्सपर्ट चाहिए होगा. ऐसे में इस जॉब की काफी डिमांड रहने वाली है.
डिजिटल डिटॉक्स थेरेपिस्ट (Digital Detox Therapist)
आज हम दिन भर मोबाइल, लैपटॉप और इंटरनेट से चिपके रहते हैं. आने वाले समय में यह एक गंभीर मानसिक समस्या बनने वाली है. 'डिजिटल डिटॉक्स थेरेपिस्ट' वो एक्सपर्ट होंगे जो आपको गैजेट्स की लत से छुटकारा दिलाएंगे. ये लोग आपको डिजिटल दुनिया से ब्रेक लेकर असली दुनिया में जीना और मानसिक सुकून पाना सिखाएंगे. जब इंटरनेट की थकान बढ़ेगी, तब इन थेरेपिस्ट्स की सबसे ज्यादा जरूरत होगी.
स्पेस टूर गाइड (Space Tour Guide)
एलन मस्क जैसे दिग्गज जिस रफ्तार से काम कर रहे हैं, वो दिन दूर नहीं जब हम अपनी गर्मी की छुट्टियां मनाने पहाड़ों की बजाय चांद या मंगल ग्रह पर जाएं. अब अंतरिक्ष में रास्ता कौन दिखाएगा. वहां की सावधानियां कौन बताएगा. जब रिज्म स्पेस तक पहुंचेगा, तो 'स्पेस टूर गाइड' की जरुरत पड़ेगी. ये आपको जीरो ग्रेविटी में संभालेंगे और स्पेस के अजूबे दिखाएंगे,अंतरिक्ष की यात्रा कराएंगे और वहां रहने के तौर-तरीके सिखाएंगे. यह नौकरी रोमांच से भरपूर होने वाली है.
वर्चुअल वर्ल्ड आर्किटेक्ट (Virtual World Architect)
अब तक आर्किटेक्ट सिर्फ ईंट और सीमेंट के घर बनाते थे, लेकिन अब 'वर्चुअल वर्ल्ड आर्किटेक्ट' कंप्यूटर के अंदर पूरी की पूरी दुनिया बसाएंगे. जैसे मेटावर्स जैसी जगहों पर आपके डिजिटल घर, ऑफिस और शॉपिंग मॉल कैसे दिखेंगे, यह यही लोग तय करेंगे. अगर आपको कोडिंग और डिजाइनिंग का शौक है, तो आप पूरी की पूरी काल्पनिक दुनिया के मालिक बन सकते हैं.
वेस्ट यूटिलाइजेशन स्पेशलिस्ट (Waste Utilization Specialist)
दुनिया में पॉल्यूशन और कचरा जिस तेजी से बढ़ रहा है, उसे खत्म करना सबसे बड़ी चुनौती है. 'वेस्ट यूटिलाइजेशन स्पेशलिस्ट' का काम सिर्फ कचरा साफ करना नहीं, बल्कि उसे बेशकीमती रिसोर्सेज में बदलना होगा. ये एक्सपर्ट्स कचरे से बिजली बनाना, ईंधन तैयार करना या उससे नई चीजें बनाना सिखाएंगे. यह पर्यावरण को बचाने वाली सबसे टॉप और हाई पेड नौकरियों में से एक होगी.
ये भी पढ़ें- BPSC TRE-4 2026 : चौथी बिहार शिक्षक भर्ती में होंगे 3 बड़े बदलाव, जानिए यहां
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं