विज्ञापन

NTA में बड़े बदलाव की शुरुआत: 4 जनरल मैनेजर और 16 यंग प्रोफेशनल्स की होगी नियुक्ति, रिफॉर्म्स को मिलेगी रफ्तार

राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने संस्थागत सुधारों की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए चार महाप्रबंधक (General Manager) स्तर के पदों और 16 युवा पेशेवरों की नियुक्ति प्रक्रिया शुरू कर दी है. यह पहल प्रो. के. राधाकृष्णन समिति की सिफारिशों के अनुरूप की जा रही है, जिसका उद्देश्य परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और मजबूत बनाना है.

NTA में बड़े बदलाव की शुरुआत: 4 जनरल मैनेजर और 16 यंग प्रोफेशनल्स की होगी नियुक्ति, रिफॉर्म्स को मिलेगी रफ्तार
12 पद शैक्षणिक अनुसंधान (Academic Research), 2 पद कानूनी अनुसंधान (Legal Research) और 2 पद वित्त एवं लेखा (Finance & Accounts) के लिए निर्धारित हैं.

राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने इस सप्ताह महाप्रबंधक (General Manager) स्तर पर वरिष्ठ पेशेवर नियुक्तियों के लिए विज्ञापन जारी किए हैं. इसके साथ ही, संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) के प्रतिभा सेतु पोर्टल के माध्यम से 16 युवा पेशेवरों (Young Professionals) को जोड़ने की प्रक्रिया भी शुरू की गई है. ये कदम प्रो. के. राधाकृष्णन की अध्यक्षता वाली उच्च स्तरीय विशेषज्ञ समिति की सिफारिशों के मद्देनजर किए जा रहे हैं. बता दें कि NTA के संस्थागत पुनर्गठन की दिशा में पहला ठोस प्रयास हैं.

महाप्रबंधक (General Manager) के पद अनुबंध के आधार पर महाप्रबंधक के चार पदों के लिए नोटिफिकेशन जारी की गई है, जिनमें से प्रत्येक की शुरूआती अवधि 3 साल की होगी. इसके अलावा इन भर्तियों से जुड़ी अन्य जरूरी डिटेल्स. 

महाप्रबंधक मूल्यांकन अनुसंधान एवं विकास तथा साइकोमेट्रिक्स

यह पद NTA के एकेडेमिक और मेजरमेंट साइंस (measurement-science) कार्यों का नेतृत्व करेगा. इसके अंतर्गत आइटम बैंक, नॉर्मिलाइजेशन मेथेडोलोजी (normalisation methodology), इक्वेटिंग व कैलिब्रेशन प्रक्रियाओं और कंप्यूटर-एडेप्टिव टेस्टिंग (CAT) और AI-सहायता प्राप्त मूल्यांकन के पायलट प्रोजेक्ट्स की जिम्मेदारी होगी.

योग्यता

इस पद के लिए साइकोमेट्रिक्स, शैक्षिक मूल्यांकन, सांख्यिकी या संबंधित विषय में डॉक्टरेट (Ph.D.) के साथ कम से कम 12 सालों का पोस्ट-डॉक्टोरल एक्सपीरिएंस और किसी राष्ट्रीय या अंतर्राष्ट्रीय परीक्षा संगठन में वरिष्ठ नेतृत्व स्तर पर कम से कम 5 सालों का अनुभव होना चाहिए.

 महाप्रबंधक परीक्षा केंद्र नेटवर्क एवं परिचालन

यह पद देश भर के 500 से अधिक शहरों और चुनिंदा अंतर्राष्ट्रीय केंद्रों में फैले NTA के परीक्षा केंद्रों के नेटवर्क का संचालन करेगा. इसके पास पैनलबद्धता मानकों, क्षमता नियोजन, केंद्र की गुणवत्ता, दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए सुगमता, स्वच्छता और सुविधाओं, एग्जाम डे के संचालन, तथा राज्य व जिला प्रशासनों के साथ समन्वय की जिम्मेदारी होगी. 

योग्यता

कम से कम 200 स्थानों वाले बड़े मल्टी-साइट नेटवर्क में वरिष्ठ परिचालन नेतृत्व का अनुभव होना चाहिए.

महाप्रबंधक सूचना सुरक्षा / मुख्य सूचना सुरक्षा अधिकारी - CISO

यह पद NTA के साइबर सुरक्षा कार्यों का नेतृत्व करेगा और एजेंसी के सभी सिस्टम, एप्लिकेशन, नेटवर्क और डेटा की सुरक्षा के लिए उत्तरदायी होगा. इस पद पर डिजिटल व्यक्तिगत डेटा संरक्षण अधिनियम, 2023, सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 और CERT-In (भारतीय कंप्यूटर आपातकालीन प्रतिक्रिया टीम) के निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करने तथा 24/7 सुरक्षा संचालन केंद्र (SOC) के संचालन की विशेष जिम्मेदारी होगी. 

योग्यता

सूचना सुरक्षा के क्षेत्र में 12 सालों का अनुभव (जिसमें कम से कम 5 साल वरिष्ठ नेतृत्व स्तर पर हों) और CISSP, CISM, CISA या समकक्ष पेशेवर प्रमाणन.

महाप्रबंधक

यह पद NTA के आंतरिक सतर्कता, जांच और डिजिटल फोरेंसिक विभाग का नेतृत्व करेगा. जिम्मेदारियों में संदिग्ध गड़बड़ी की जांच करना, इन-हाउस डिजिटल फोरेंसिक क्षमता विकसित करना, तथा लोक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम, 2024 के तहत दर्ज मामलों पर CBI, IB, ED, राज्य पुलिस और साइबर-अपराध इकाइयों के साथ समन्वय करना शामिल है.

योग्यता

जांच, सतर्कता या कानून प्रवर्तन के क्षेत्र में 15 सालों का एक्सपीरिएंस, जिसमें कम से कम 5 साल वरिष्ठ नेतृत्व लेवल पर हों.

युवा पेशेवरों की नियुक्ति

NTA द्वारा पहली बार संघ लोक सेवा आयोग के प्रतिभा सेतु पोर्टल के माध्यम से 16 युवा पेशेवरों को नियुक्त किया जा रहा है.
यह अवसर उन उम्मीदवारों के लिए है जो सिविल सेवा परीक्षा (CSE) में शामिल हुए हैं और प्रतिभा सेतु पोर्टल पर पंजीकृत हैं.

वैकेंसी डिटेल्स

12 पद Academic Research, 2 पद Legal Research और 2 पद Finance & Accounts के लिए  हैं.

अवधि व पारिश्रमिक

इन्हें एकमुश्त मासिक पारिश्रमिक पर 24 महीनों की प्रारंभिक अवधि के लिए तैनात किया जाएगा, जिसे प्रदर्शन के आधार पर कुल 36 महीनों तक बढ़ाया जा सकता है.

अगला चरण

उच्च स्तरीय विशेषज्ञ समिति द्वारा अनुशंसित 10 फंक्शनल वर्टिकल्स (functional verticals) में आगे की भर्ती और पैनलबद्धता की प्रक्रिया आने वाले सप्ताहों में शुरू होगी. आज अधिसूचित किए गए ये उपाय, विषय-विशेषज्ञों (SMEs) और अनुवादकों के नए पैनल के लिए अलग से जारी रुचि की अभिव्यक्ति (EoI) के साथ मिलकर, राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी की शैक्षणिक, परिचालन, तकनीकी और निष्पक्षता प्रणालियों के योजनाबद्ध सुदृढ़ीकरण का हिस्सा हैं.

HPSC ADA Result 2026: स्क्रीनिंग टेस्ट का रिजल्ट जारी, अब 9 अगस्त को होगी अगली परीक्षा

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com