विज्ञापन

झारखंड सरकार निकालेगी 25 हजार पद पर नौकरियां, जानें किन-किन विभागों में है भर्ती की तैयारी

झारखंड सरकार जल्द ही कई सरकारी पदों पर नियुक्ति का ऐलान करने वाली है. जानकारी के अनुसार राज्य सरकार स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर करीब 25 हजार पदों पर नियुक्ति की घोषणा कर सकती है.

झारखंड सरकार निकालेगी 25 हजार पद पर नौकरियां, जानें किन-किन विभागों में है भर्ती की तैयारी
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर होगा नौकरियों का ऐलान

झारखंड सरकार राज्य के युवाओं को बड़ी सौगात देने की तैयारी में है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सभी विभागों में रिक्त पदों पर शीघ्र नियुक्ति प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए हैं. मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद सभी विभागों से खाली पदों का विस्तृत ब्योरा मांगा गया है, ताकि संबंधित आयोगों को अधियाचना भेजकर नियुक्ति प्रक्रिया जल्द शुरू की जा सके. सरकारी सूत्रों के अनुसार, राज्य सरकार स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर करीब 25 हजार पदों पर नियुक्ति की घोषणा कर सकती है. इसके लिए विभिन्न विभागों में रिक्त पदों का अंतिम आकलन किया जा रहा है. रिक्तियों की जानकारी मिलने के बाद विभागवार अधियाचनाएं झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC), झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और अन्य संबंधित भर्ती एजेंसियों को भेजी जाएंगी.

किन विभागों में होगी भर्ती?

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि नियुक्ति प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब न हो और रिक्त पदों को प्राथमिकता के आधार पर भरा जाए. सरकार का मानना है कि लंबे समय से खाली पड़े पदों को भरने से एक ओर सरकारी कामकाज में तेजी आएगी, वहीं दूसरी ओर बड़ी संख्या में युवाओं को रोजगार का अवसर मिलेगा. जानकारी के अनुसार, शिक्षा, स्वास्थ्य, पुलिस, राजस्व, ग्रामीण विकास, पेयजल एवं स्वच्छता, कल्याण तथा अन्य प्रमुख विभागों में बड़ी संख्या में पद रिक्त हैं. इन्हीं पदों को चरणबद्ध तरीके से भरने की योजना बनाई जा रही है.

स्वतंत्रता दिवस के मौके पर होगा ऐलान

यदि सब कुछ तय योजना के अनुसार हुआ तो स्वतंत्रता दिवस के मौके पर राज्य सरकार युवाओं के लिए 25 हजार सरकारी नौकरियों का ऐलान कर सकती है. इससे लंबे समय से सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों में उत्साह का माहौल है और वे अब आधिकारिक घोषणा का इंतजार कर रहे हैं.

ये भी पढ़ें- "पापा, मम्मी को भी साथ लाना..." लेफ्टिनेंट ने सीने से लगाए रखी मां की फोटो, सैल्‍यूट देख अफसर भी हुए भावुक

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Jharkhand Sarkari Naukri, Jharkhand Government Jobs
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com