Career in Fish Farming : आज के समय में जब नौकरी पाना मुश्किल होता जा रहा है और महंगाई लगातार बढ़ रही है. ऐसे में लोग ऐसे बिजनेस की तलाश में हैं जो कम खर्च में शुरू हो जाए और अच्छी कमाई भी दे. मछली पालन ऐसा ही एक विकल्प बनकर उभरा है. ये न केवल गांवों में बल्कि शहरों में भी तेजी से प्रचलित हो रहा है. खास बात ये है कि इस काम को कुछ सौ रुपये से भी शुरू किया जा सकता है और सही तरीके से किया जाए तो ये किसी अच्छी नौकरी से कम कमाई नहीं देता. सरकार भी इसमें लोन और सब्सिडी देकर मदद कर रही है.
कितने रुपये से शुरू कर सकते हैं?
मछली पालन की शुरुआत बहुत छोटे स्तर से भी की जा सकती है. अगर आपके पास ज्यादा पूंजी नहीं है तो 500 से 1000 रु. में घर के आंगन, छत या छोटे टैंक में रंगीन मछलियां पालकर शुरुआत कर सकते हैं. ये तरीका खासकर नए लोगों के लिए अच्छा है. वहीं, अगर आप थोड़ा बड़ा काम करना चाहते हैं तो तालाब बनवाकर या किराये पर लेकर ये काम कर सकते हैं. इसमें करीब 20000 से 2 लाख रु. तक का निवेश करना पड़ सकता है.
खर्च कहां-कहां आता है?
तालाब या टैंक तैयार करने में 5000 से 2 लाख रु. तक लग सकते हैं. मछली के बीज पर 10000 से 50000 रु. खर्च होता है. चारा और पोषण के लिए 20000 से 1 लाख रु. तक का बजट रखना पड़ता है. अगर मजदूर रखते हैं तो उनका मेहनताना अलग से जुड़ता है.
कमाई कितनी हो सकती है?
छोटे स्तर पर रंगीन मछलियों से तीन महीने में 20000 से 30000 रु. तक कमाना संभव है. बड़े पैमाने पर काम करने वाले लोग साल में लाखों रुपये की कमाई कर रहे हैं. कई नौकरीपेशा लोग भी इसे साइड बिजनेस के तौर पर अपनाकर अच्छी आमदनी कर रहे हैं.
सरकारी मदद भी मिलती है
सरकार मछली पालन को बढ़ावा देने के लिए कई योजनाएं चला रही है. किसान क्रेडिट कार्ड के तहत 2 लाख रु. तक का लोन मिल सकता है. प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना में 60 से 80 फीसदी तक सब्सिडी भी दी जाती है, जिससे लागत काफी कम हो जाती है.
क्यों चुनें मछली पालन?
इसमें कम पूंजी लगती है, काम घर से किया जा सकता है और बाजार में मछली की मांग हमेशा बनी रहती है. थोड़ा प्रशिक्षण और सही जानकारी लेकर ये कारोबार लंबे समय तक अच्छी कमाई का जरिया बन सकता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं