Ex Agniveer CAPF Quota: सेना से बाहर होने वाले अग्निवीरों के लिए बड़ी खबर है. चार साल की नौकरी पूरी करने के बाद अब अग्निवीरों को भारत के अर्धसैनिक बलों (CAPF) में 50 फीसदी आरक्षण दिया जाएगा. सरकार की तरफ से बताया गया है कि कॉन्स्टेबल और राइफलमैन की 50% सीटें रिजर्व रहेंगी. इसके अलावा, उन्हें कोई लिखित परीक्षा नहीं देनी होगी और शारीरिक परीक्षण के मानकों में भी छूट मिलेगी. संसद में इस हफ्ते सरकार ने अग्निपथ योजना से अर्धसैनिक बलों में जाने के इस पूरे प्रोसेस के बारे में विस्तार से जानकारी दी.
लोकसभा में दिया गया जवाब
अग्निवीरों को लेकर ये जानकारी बीजेपी सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल के एक सवाल के जवाब में सामने आई. उन्होंने सरकार से पूछा था कि चार साल का कार्यकाल पूरा करने वाले अग्निवीरों को दूसरी नौकरी देने के लिए सरकार ने क्या कदम उठाए हैं. गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने 21 जुलाई को लोकसभा में इसका लिखित जवाब दिया, जिसमें बताया गया कि पूर्व अग्निवीरों को क्या-क्या छूट दी गई है.
50 प्रतिशत का कोटा
अग्निवीरों को CRPF, BSF, CISF, ITBP, SSB और असम राइफल्स में कॉन्स्टेबल (जनरल ड्यूटी) और राइफलमैन की कुल भर्तियों में से आधी सीटें अब पूर्व अग्निवीरों के लिए आरक्षित होंगी. ये सिर्फ प्राथमिकता देना नहीं है, बल्कि भर्ती नियमों में तय किया गया एक पक्का आरक्षण है.
उम्र में भी मिलेगी छूट
CAPF में निकलने वाली तमाम भर्तियों में अग्निवीरों को 3 साल की छूट मिलेगी. वहीं, अग्निपथ योजना के पहले बैच के जवानों को 5 साल की विशेष छूट दी जाएगी. ये सिर्फ एक बार मिलने वाली विशेष राहत है, जो उन युवाओं के लिए है जिन्होंने इस योजना के शुरुआती दौर में भरोसा जताया था. इसके बाद तीन साल की छूट वाला ही नियम लागू होगा.
कोई परीक्षा नहीं देनी होगी
अग्निवीरों को बाकी उम्मीदवारों की तरह लिखित परीक्षा, फिजिकल स्टैंडर्ड टेस्ट (PST) और फिजिकल एफिशिएंसी टेस्ट (PET) से नहीं गुजरना पड़ेगा. सरकार का मानना है कि सेना में बिताए गए 4 साल ही उनकी फिटनेस और अनुशासन का सबसे बड़ा प्रमाण हैं.
बनाया गया अलग सेल
गृह मंत्रालय (MHA) ने अग्निवीरों के लिए एक 'Ex-Agniveer Wing' भी बनाया है. इसका काम 4 साल का कार्यकाल खत्म होने के बाद इन जवानों के रोजगार और प्लेसमेंट पर नजर रखना और बाकी चीजों को देखना होगा.
ये भी पढ़ें - Success Story: NEET टॉप करने के बाद ठुकराई AIIMS की सीट, आज आर्मी में लेफ्टिनेंट हैं अभिदा बैरेटो
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं