झारखंड के हजारीबाग जिले में रामनवमी जुलूस के दौरान एक दर्दनाक घटना सामने आई है. पेलावल थाना क्षेत्र के गदोखर गांव में देर रात जुलूस के दौरान मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई. मृतक की पहचान राम कुमार साव उर्फ रामा साव (लगभग 40 वर्ष) के रूप में हुई है, जो स्थानीय मुखिया नारायण साव के भाई बताए जा रहे हैं. जानकारी के अनुसार, जुलूस के दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई.
धारदार हथियार से हमले में युवक की मौत
इसी दौरान हमलावरों ने धारदार हथियार (भुजाली) से रामा साव पर हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है. शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है. पुलिस आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है.
हजारीबाग में घटना के बाद इलाके में तनाव
धनबाद हिंसा मामले में 20 लोग गिरफ्तार
वहीं, धनबाद जिले के बिखराजपुर में रामनवमी जुलूस के दौरान अचानक हिंसा भड़क उठी. जुलूस अपने निर्धारित रास्ते से गुजर रहा था, तभी असामाजिक तत्वों ने पथराव शुरू कर दिया. देखते ही देखते अफरा-तफरी मच गई और दर्जनों लोग घायल हो गए. इनमें श्रद्धालु और स्थानीय निवासी दोनों शामिल हैं. पुलिस ने तुरंत संभाला मोर्चा और एसएसपी प्रभात कुमार के नेतृत्व में भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा. अतिरिक्त फोर्स तैनात कर दी गई है और संवेदनशील इलाकों में लगातार गश्त जारी है.
उधर पुलिस ने धनबाद में रामनवमी के दौरान हिंसा भड़काने वाले करीब 20 दंगाइयों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है. सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने बताया कि मामले में 70 से अधिक नामजद हैं. बाकियों पर नकेल कसने की कार्रवाई की जा रही है. क्षेत्र में अब पूर्ण शांति है, प्रशासन की सतर्कता से माहौल सामान्य हो गया.
यह भी पढे़ं-
झारखंड: JMM विधायक अनंत प्रताप देव की गाड़ी में मारी भीषण टक्कर, आवास पर जुटे MLA के शुभचिंतक














