डेविड धवन की फिल्म 'है जवानी तो इश्क होना है' 5 जून को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है. इस फिल्म का प्रमोशन जोर-शोर से चल रहा है. फिल्म के गाने भी बीते दिनों रिलीज हो चुके हैं. इस फिल्म के कुछ गाने 1998 में आई फिल्म बीवी नंबर वन से रिक्रिएट किए गए हैं. जिसमें सबसे ज्यादा विवाद गाना 'चुनरी चुनरी' को लेकर हो रहा है. इस नए गाने को सिंगर सुधीर यदुवंशी ने गाया है. सुधीर यदुवंशी फिल्म धुरंधर में गाए गानों को लेकर भी चर्चा में बने हुए हैं. गाना 'चुनरी चुनरी' को लेकर आम लोग के अलावा बॉलीवुड सेलिब्रिटीज भी अपनी राय रखते हुए नजर आ रहे हैं. बीते दिनों सिंगर अभिजीत भट्टाचार्य ने वरुण धवन पर फिल्माए पुराने गाने के रीमेक का विरोध किया. इस गाने को उन्होंने भजन बताया है. इस बात को लेकर सुधीर यदुवंशी ने NDTV से बात की और इस मुद्दे पर अपनी राय रखी.
क्या बोले चुनरी चुनरी सिंगर
सिंगर सुधीर यदुवंशी ने कहा, "अभिजीत भट्टाचार्य बहुत बड़े सिंगर हैं. उनकी मैं बहुत इज्जत करता हूं. उनके गानों को हमने बहुत प्यार किया है. मैं उनके लिए क्या कह सकता हूं? छोटा मुंह, बड़ी बात जैसा हो जाएगा. संगीत एक बहुत ही सब्जेक्टिव चीज है. यह जरूरी नहीं है किसी को कुछ पसंद आए या तो कोई गाना पसंद आए. ऐसा बड़े से बड़े हिट गानों के साथ होता है. हम देखते हैं कि जो म्यूजिक इंडस्ट्री या अलग अलग लॉबीज हैं, हर रोज कोई ना कोई गाने या म्यूजिक को लेकर बात करते हैं. बेशका गाना बहुत बड़ा ही क्यों ना हो. अगर उनको वो गाना पसंद नहीं आता, तो नहीं आता. अगर अभिजीत को यह गाना भजन लग रहा है तो यह उनकी राय है. मैं इस बारे में कुछ नहीं कहना चाहूंगा. असल चीज तो ऑडियंस बताएगी. अगर ऑडियंस को पसंद नहीं आ रहा तो उसको ठीक करेंगे और आगे चलकर उसको सही तरीके से प्रेजेंट करने की कोशिश करेंगे."
'यह तो नाइंसाफी होगी'
सुधीर यदुवंशी ने आगे कहा, "गाना 'चुनरी चुनरी' पुराने गाने का रीक्रिएशन है. यह कहना कि पुराने गाने से बेहतर बनाया है या कुछ और, यह तो नाइंसाफी वाली बात होगी. पुराने गाने को ही देखकर नया रीक्रिएट किया गया. उसमें कुछ अलग चीज जोड़ी नहीं है. पुराने गाने की लाइन्स बिल्कुल वैसी ही हैं. आज के समय की बहुत ही फेमस सिंगर ने लाइंस को गाया है. गाना बहुत अच्छा निकलकर आया है और जो एक्स्ट्रा लिरिक्स जोड़े हैं, वो भी बहुत अच्छे हैं, गाने पर सूट कर रहे हैं. लेकिन पुराने वाले गाने के साथ लोगों का अलग कनेक्शन है क्योंकि मेरा खुद का एक अलग कनेक्शन है. इसलिए एक्सेप्ट करने में थोड़ा सा समय लगेगा. मुझे यकीन है कि गाने को एक्सेप्ट किया जाएगा, दिल से किया जाएगा. हम जानते हैं कि यह गाना फिल्म बीवी नंबर वन से लिया गया है. फिल्म उस वक्त की सुपरहिट फिल्मों में से एक थी. जिसमें सलमान खान, करिश्मा कपूर और सुष्मिता सेन नजर आईं. फिल्म में इन तीनों की केमिस्ट्री दर्शकों को काफी अच्छी लगी थी."
बीवी नंबर 1 बजट और बॉक्स ऑफिस कलेक्शन
विकिपीडिया के मुताबिक बीवी नंबर 1 का बजट लगभग 12 करोड़ रुपये था जबकि इसने 49.81 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था. ये 1995 की तमिल फिल्म सती लीलावती का हिंदी रीमेक थी. फिल्म में करिश्मा कपूर ने एक ग्रहणी औरत का किरदार निभाया था, वहीं सुष्मिता सेन एक मॉडल के किरदार में नजर आई थीं.
ये भी पढ़ें: करिश्मा कपूर ने जिंदगी में कभी नहीं किया ये काम, Zee5 की सीरीज में बनेंगी पुलिस अफसर, डायरेक्टर ने किया खुलासा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं