CJP Protest Delhi Live Updates: संसद के मॉनसून सत्र का आज चौथा दिन है. अभी तक बीते तीन दिन हंगामे के नाम रहे. आज चौथे दिन भी हंगामा जारी है. आज संसद के अंदर और बाहर दोनों ओर नारेबाजी और हंगामा जारी रहा. पहले संसद के मकर द्वार पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के सदस्यों ने एक-दूसरे के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया. फिर सदन में भी नारेबाजी हुई. जिस कारण लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर 12 बजे के लिए स्थगित कर दी गई है. दूसरी ओर NEET पेपर लीक और भर्ती परीक्षाओं में धांधली के विरोध में जंतर-मंतर पर कॉकरोज जनता पार्टी का प्रदर्शन जारी है. सोनम वांगचुक हॉस्पिटल से भी अनशन पर अड़े हैं. इस बीच गुरुवार सुबह-सुबह पीएम मोदी ने पेपर लीक केस के मामलों की जांच के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट के गठन की घोषणा की है. इधर प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच कई दौर की झड़प हो चुकी है. जिसमें कई प्रदर्शनकारी और कई पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं. दिल्ली से शुरू हुआ यह प्रदर्शन अब पटना, मुंबई जैसे शहरों में भी पहुंच चुका है. संसद के मॉनसून सत्र के साथ-साथ दिल्ली में चल रहे प्रदर्शन की पल-पल की अपडेट जानें NDTV इंडिया के इस लाइव ब्लॉग पर.
CJP प्रदर्शन से जुड़ी ये खबरें भी पढ़ें-
अब सीधे पीएम मोदी ने दिया भरोसा- छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा
संसद ठप लेकिन सड़कों पर संग्राम.. पटना से लेकर बेंगलुरु तक देखें ऐसे सीन, वीडियो
CJP के प्रदर्शन से लेकर विपक्ष का धरना.. जानें 10 बड़े अपडेट
LIVE Updates on CJP Protest at Jantar Mantar and Parliament Monsoon Session
CJP Protest LIVE: छात्रों के समर्थन में आए सुप्रीम कोर्ट के वकील, कहा- न्याय हो यह हम पक्का करेंगे
जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन के दौरान हुए लाठीचार्ज की सुप्रीम कोर्ट के वकीलों ने निंदा की है. सुप्रीम कोर्ट के वकील अरविंद शुक्ला ने कहा, "जो भी अन्याय हुआ है, हम सब बार के मेंबर उसका विरोध कर रहे हैं और हमने यह इसलिए किया है ताकि देश में हर किसी को यह बताया जा सके कि सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन के मेंबर खड़े हैं और सपोर्ट करते हैं और स्टूडेंट्स के साथ जो भी गैर-कानूनी, क्रूरता हुई है, हम उसकी निंदा करते हैं और हम इन चीज़ों के लिए ज़रूरी सभी कानूनी कार्रवाई करेंगे और यह पक्का करेंगे कि न्याय हो और इसीलिए हमने इसे अपने संविधान की प्रस्तावना के साथ शुरू किया है."
संसद में लगातार चौथे दिन हंगामा, नहीं हो सकी कोई कार्यवाही
संसद में हंगामे के कारण लोकसभा की कार्यवाही आज पूरे दिन के लिए स्थगित कर दी गई है. लगातार चौथे दिन लोकसभा की कार्यवाही हंगामे की भेंट चढ़ गई. दूसरी ओर राज्यसभा में भी हंगामे के कारण कोई कार्यवाही नहीं हो सकी.
CJI प्रोटेस्ट में घायल हुई युवती की सेहत में सुधार, हटाया गया वेंटिलेटर सपोर्ट
CJI प्रदर्शन से जुड़ी घटना में गंभीर रूप से घायल हुई 21 वर्षीय युवती का इलाज नई दिल्ली के डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल में अभी भी चल रहा है. हॉस्पिटल के अनुसार उसकी स्वास्थ्य स्थिति में पहले से सुधार हो रहा है. 24 घंटे पहले उसे वेंटिलेटर से हटा दिया गया था और अब वह खुद सांस ले रही है.
मरीज पूरी तरह होश में है और डॉक्टरों के निर्देशों का सही तरीके से पालन कर रही है. फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है. हालांकि, उसे अभी भी गहन चिकित्सा की जरूरत है और विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम लगातार उसकी निगरानी में इलाज कर रही है.
हरमू रोड पर BJP-कांग्रेस आमने-सामने, अंडे-टमाटर की बारिश, पुलिस ने संभाला मोर्चा
राजधानी रांची का हरमू रोड गुरुवार को सियासी रणक्षेत्र में तब्दील हो गया. हरमू रोड स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय के बाहर भाजपा और कांग्रेस के हजारों कार्यकर्ता आमने-सामने डटे हुए हैं. दोनों ओर से लगातार नारेबाजी हो रही है और पूरे इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है.
NEET पेपर लीक मामले को लेकर कांग्रेस के हजारों कार्यकर्ता भाजपा कार्यालय का घेराव करने पहुंचे, लेकिन प्रशासन ने उन्हें भाजपा कार्यालय से करीब 100 मीटर पहले ही बैरिकेडिंग कर रोक दिया. दूसरी ओर भाजपा के नेता और कार्यकर्ता कार्यालय के बाहर बड़ी संख्या में जुटकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं.
रांची से हरिवंश शर्मा की रिपोर्ट
आप अपनी गलती स्वीकार करिए और कार्रवाई करिए... सरकार से बोले कांग्रेस सांसद विवेक तनखा
कांग्रेस सांसद विवेक तनखा ने जेपी नड्डा के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि राज्यों में पेपर लीक होता है तो स्थानीय मुद्दा होता है लेकिन NEET तो राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा है. सबसे पहले आप अपनी गलती स्वीकार करिए और कार्रवाई करिए. विपक्ष को घेर कर देश को संतुष्ट कैसे करेंगे? ये विपक्ष का नहीं देश का आंदोलन है. सोनम वांगचुक से मुलाक़ात पर उन्होंने कहा कि वो काफ़ी कमज़ोर हो गए हैं. उन्हें चिंता है कि बच्चों का क्या होगा? वो सरकार से भरोसा चाहते हैं.
छात्रों का दर्द बयां करते हुए छलक पड़े अन्ना हजारे के आंसू, अहिल्यानगर में मौन आंदोलन के दौरान हुए भावुक
दिल्ली के छात्रों के समर्थन में अन्ना हजारे का दो घंटे मौन आंदोलन चला. उन्होंने सरकार से बातचीत की अपील की है. दिल्ली छात्र आंदोलन के समर्थन में अहिल्यानगर (अहमदनगर) के वाडिया पार्क में चल रहे मौन प्रदर्शन के दौरान छात्रों की समस्याओं का जिक्र करते हुए अन्ना हजारे भावुक हो गए और उनके आंसू छलक पड़े.
उन्होंने अपील करते हुए कहा कि छात्रों के भविष्य से जुड़े सवालों पर गंभीरता से विचार होना चाहिए और लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन कर रहे छात्रों की मांगें बातचीत के जरिए सुलझाई जानी चाहिए.
दिल्ली छात्र आंदोलन के समर्थन में अन्ना हजारे आज अहिल्यानगर (अहमदनगर) के वाडिया पार्क में दो घंटे के लिए मौन आंदोलन पर बैठे थे. इस दौरान वो छात्रों के भविष्य और उनकी समस्याओं पर चिंता जताते हुए भावुक भी हो गए.
छात्रों के आंदोलन के समर्थन में अन्ना हजारे ने शुरू किया मौन विरोध-प्रदर्शन
सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे ने गुरुवार को दिल्ली में छात्रों के आंदोलन के समर्थन में अहिल्यानगर में मौन विरोध प्रदर्शन शुरू किया. खराब स्वास्थ्य के बावजूद, हजारे ने वाडिया पार्क स्थित गांधी स्मारक परिसर में आयोजित विरोध प्रदर्शन में व्यक्तिगत रूप से हिस्सा लिया.
Monsoon Session LIVE Updates: सरकार आगे आए, लोग सड़कों पर परेशान हैं... राज्यसभा में बोले खरगे
राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, "मैं आज आपसे विनती करुंगा कि सरकार आगे आए, बयान दे और शिक्षा मंत्री को इस्तीफा देना चाहिए. क्योंकि लाखों लोग सड़कों पर परेशान हैं, लाठीचार्ज हो रहा है और कई लोग अस्पतालों में हैं, जबकि उनके माता-पिता परेशान हैं." सदन के नेता जे.पी. नड्डा ने कहा, "विपक्ष का व्यवहार बहुत ही गैर-जिम्मेदाराना है. ये न तो चर्चा करना चाहते हैं और न ही सदन को चलने देना चाहते हैं..." विपक्षी सांसदों के हंगामे के बीच राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई.
Monsoon Session LIVE Updates: हंगामे के कारण लोकसभा की कार्यवाही 2 बजे तक स्थगित
हंगामे के कारण लोकसभा की कार्यवाही दूसरी बार स्थगित कर दी गई है. 12 बजे लोकसभा में दूसरी बार संसद की कार्यवाही शुरू होने के बाद हंगामा और नारेबाजी होती रही. जिसके बाद लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई.
Monsoon Session LIVE Updates: विपक्ष का रवैया गैर जिम्मेदार, लोकसभा में बोले किरेन रिजिजू, राज्यसभा 2 बजे तक के लिए स्थगित
दोपहर के 12 बजे लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही दोबारा शुरू हुई. संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने लोकसभा ने कहा कि विपक्ष चर्चा से भाग रहा है. उन्होंने कहा कि बिना शर्त चर्चा के लिए तैयार है. युवाओं के भविष्य के साथ विपक्ष का रवैया गैर जिम्मेदार है. हम हाथ जोड़कर विनती करते हैं कि चर्चा करें. लेकिन विपक्ष सिर्फ माहौल बना रहा है. दूसरी ओर राज्यसभा में फिर से हंगामा होने के कारण सदन की कार्यवाही दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई. लोकसभा में भी नारेबाजी और हंगामा जारी है.
कंगना रनौत ने कहा- PM मोदी ने की ऐतिहासिक घोषणा
भाजपा सांसद कंगना रनौत ने कहा, "PM मोदी ने एक ऐतिहासिक घोषणा की है जिससे पूरे देश में सहराना हो रही है उसे उनका जो संकल्प है छात्रों के लिए और उन्होंने भावनात्मक ट्वीट किया है जैसे कि आप सब जानते हैं कि ये परीक्षा में नकल करना पेपर लीक इन सब से हम बचपन से प्रभावित रहे हैं, हमने हमेशा देखा है लेकिन इसके लिए किसी सरकार ने इतना कड़ा कदम नहीं लिया है. ये कड़ा कदम हमारे पीएम ने लिया है, उन्होंने दिखा दिया है कि बच्चों के लिए उनका क्या संकल्प है?"
Monsoon Session LIVE Updates: राहुल, अखिलेश, प्रियंका... संसद के मकर द्वार पर विपक्षी सांसदों का प्रदर्शन
कांग्रेस सांसद मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव और दूसरे लोग पार्लियामेंट कैंपस के अंदर मकर द्वार पर INDIA गठबंधन प्रदर्शन में शामिल हुए.
Monsoon Session LIVE Updates: किरेन रिजिजू बोले- विपक्ष बिना शर्त चर्चा के लिए तैयार हो
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने विपक्षी दलों से अपील किया है कि वह चर्चा में भाग लेने के लिए तैयार हो जाएं. रिजिजू ने कहा कि सरकार चाहती है कि विपक्ष तय करें कि चर्चा कितने घंटे हो. लेकिन विपक्ष को चर्चा के लिए कोई शर्त नहीं रखनी चाहिए.
Monsoon Session LIVE Updates: नितिन नवीन बोले- हम चर्चा को तैयार, कांग्रेस और पूरा विपक्ष चर्चा से भाग रहा
विपक्ष के विरोध-प्रदर्शन पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा,"एनडीए सरकार छात्रों और युवाओं के भविष्य से जुड़े हर मुद्दे पर हर स्तर पर चर्चा के लिए तैयार है. लेकिन राहुल गांधी, कांग्रेस और पूरा विपक्ष चर्चा से भाग रहा है, क्योंकि उन्हें पता है कि अगर संसद में इस विषय पर बहस हुई तो उनका दोहरा चरित्र जनता और युवाओं के सामने उजागर हो जाएगा. हम उन्हें खुली चुनौती देते हैं कि वे संसद में आएं. हम नीट के मुद्दे सहित छात्रों और युवाओं से जुड़े हर विषय पर चर्चा के लिए तैयार हैं. भाजपा और एनडीए सरकार हर सवाल का जवाब देने के लिए तैयार है. लेकिन मुझे पता है कि राहुल गांधी और उनका गठबंधन चर्चा के लिए कभी आगे नहीं आएंगे, क्योंकि पिछले 50-60 वर्षों से युवाओं को गुमराह करने और उनका इस्तेमाल करने का उनका इतिहास रहा है."
संसद के अंदर चौथे दिन भी हंगामा, राज्यसभा भी 12 बजे तक के लिए स्थगित
संसद के मॉनसून सत्र में आज चौथे दिन भी हंगामा जारी है. लोकसभा में हंगाम का वीडियो भी सामने आया है. राज्यसभा में भी हंगामा और नारेबाजी का दौर जारी रहा. जिस कारण राज्यसभा की कार्यवाही भी 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है.
Parliament Monsoon Session LIVE: संसद के अंदर-बाहर दोनों ओर हंगामा-नारेबाजी, लोकसभा 12 बजे तक के लिए स्थगित
संसद के मॉनसून सत्र के चौथे दिन आज संसद के अंदर-बाहर दोनों ओर जबरदस्त हंगामा देखने को मिला. पहले संसद के बाहर मकर द्वार पर सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों के सांसदों ने प्रदर्शन किया. एक-दूसरे के खिलाफ नारेबाजी की. बाद में सदन की कार्यवाही शुरू होते ही संसद के अंदर भी हंगामा शुरू हुआ. दोनों ओर से हंगामे के कारण लोकसभा की कार्यवाही 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है.
Monsoon Session LIVE Updates: संसद के मकर द्वार पर NDA के साथ-साथ विपक्षी सांसदों का भी प्रदर्शन
संसर भवन के मकर द्वार पर एक तरफ एनडीए के सांसद प्रदर्शन कर रहे हैं तो दूसरी ओर विपक्षी सांसद भी प्रदर्शन कर रहे हैं. एनडीए सांसद कांग्रेस के रवैये और संसद नहीं चलने देने के आरोप पर प्रदर्शन कर रहे हैं. दूसरी ओर कांग्रेस सहित विपक्षी सांसद छात्रों पर लाठीचार्ज और धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफा नहीं दिए जाने के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं. दोनों ओर के सांसद एक-दूसरे के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं. नारेबाजी कर रहे हैं.
रिपोर्ट- राजीव रंजन]
🔴WATCH LIVE | 'एजेंडा इंडिया का' @sucherita_k के साथ https://t.co/rYa921x50s
— NDTV India (@ndtvindia) July 23, 2026
CJP Protest at Jantar Mantar LIVE: पीएम मोदी के पोस्ट पर कॉकरोज जनता पार्टी ने लिखा- प्रधान को इस्तीफा देना होगा
पीएम मोदी ने आज सुबह पेपर लीक केस के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट के गठन का ऐलान किया है. पीएम मोदी ने एक्स पर किए एक पोस्ट में इसकी घोषणा की है. पीएम मोदी के इस पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए कॉकरोज जनता पार्टी ने लिखा- धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना होगा.
Dharmendra Pradhan Must Resign
— Cockroach is Back (@Cockroachisback) July 23, 2026
धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफ़ा देना होगा https://t.co/0XShqJ6FVG
PM Modi on Paper Leak: पेपर लीक केस के लिए अलग से फास्ट ट्रैक कोर्ट्स का गठन किया जाएगाः पीएम मोदी
पेपर लीक के खिलाफ हो रहे कॉकरोज जनता पार्टी के प्रदर्शन के बीच पीएम मोदी ने कहा- देश के युवाओं का हित और उनका भविष्य हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है. पेपर लीक के सभी मामलों में दोषियों को जल्द से जल्द कठोर दंड देने के लिए, केस के त्वरित निस्तारण के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट्स का गठन किया जाएगा.
पीएम मोदी ने आगे लिखा कि इस संबंध में निर्देश दे दिए गए हैं कि संबंधित विभाग आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें. विद्यार्थियों के हितों को सुरक्षित करने के लिए, सरकार द्वारा लिए जा रहे निर्णयों की श्रृंखला में ये एक महत्वपूर्ण कदम है. युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा.
Monsoon Session LIVE Updates: आप सांसद संजय सिंह ने कामकाज रोकने का नोटिस दिया
AAP सांसद संजय सिंह ने राज्यसभा में कामकाज रोकने का नोटिस दिया है. इसमें NEET-UG प्रश्न पत्र लीक, सार्वजनिक परीक्षा प्रणाली की विफलता, प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई और सोनम वांगचुक की सेहत पर चर्चा करने की मांग की गई है.
Delhi Protest LIVE: पथराव में घायल ACP विवेक भगत को आई काफी चोट, हॉस्पिटल ने बताया
RML हॉस्पिटल के अनुसार, कनॉट प्लेस के एसीपी विवेक भगत को बीती रात जंतर-मंतर के पास हुई कथित पत्थरबाजी की घटना के बाद डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल के इमरजेंसी विभाग में लाया गया.
जांच में उनके हाथ-पैर और कंधे पर कई चोटों के निशान पाए गए. एसीपी के सिर के पीछे (पैरिएटो-ऑक्सिपिटल हिस्से) में सूजन भी मिली है. एसीपी ने कान से खून आने और उल्टी होने की भी शिकायत बताई. सर्जरी विभाग के डॉक्टरों ने उनकी जांच की और जरूरी इलाज दिया.इसके बाद एसीपी विवेक भगत ने AIIMS, नई दिल्ली में आगे इलाज कराने की इच्छा जताई. आवश्यक मेडिकल जांच पूरी होने के बाद उन्हें उनके अनुरोध पर RML अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया, ताकि वे AIIMS में आगे इलाज करा सकें.
रिपोर्ट- पल्लव मिश्रा
नड्डा के प्रेस कॉफ्रेंस पर जयराम रमेश का पलटवार, कहा- पेपर लीक एक लक्षण बीमारी कहीं गहरी
कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने बीती रात जेपी नड्डा द्वारा किए गए प्रेस कॉफ्रेंस पर पटलवार करते हुए सोशल मीडिया पर एक लंबा पोस्ट किया है. जिसमें उन्होंने लिखा- केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री और भाजपा के पूर्व अध्यक्ष जे.पी. नड्डा द्वारा देर शाम आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस, राहुल गांधी द्वारा मोदी सरकार की तीखी और सीधे खुलासों के जवाब में आई है. यह इस बात का स्पष्ट संकेत है कि सरकार की बौखलाहट लगातार बढ़ती जा रही है.
पूरी प्रेस कॉन्फ्रेंस केवल "वॉटअबाउटरी" का अंतहीन सिलसिला थी. नड्डा को इस बचकानी उंगली उठाने की राजनीति से आगे बढ़कर पहले मंत्री प्रधान और प्रधानमंत्री की अभूतपूर्व विफलताओं को स्वीकार करना चाहिए. आप क्रोनोलॉजी समझिए-
* NTA की स्थापना मोदी सरकार ने विशेष रूप से परीक्षाएं आयोजित कराने के लिए की थी. सरकार ने जानबूझकर परीक्षा प्रणाली का केंद्रीकरण किया, उसे NTA के माध्यम से संचालित किया और विश्वविद्यालयों तथा राज्यों पर इसे अपनाने का दबाव बनाया. पहले से मौजूद व्यवस्था को खत्म करके NTA को खड़ा किया गया.
* इसके बाद NTA लगातार पूरी तरह कॉम्प्रोमाइज और अपने दायित्वों का निर्वहन करने में पूरी तरह अक्षम साबित हुई. अपनी स्थापना के बाद से अब तक इसके कार्यकाल में कम-से-कम 9 बार पेपर लीक हुए हैं. इनमें 2024 की वे घटनाएं भी शामिल हैं, जब अनियमितताओं के कारण NTA को कई परीक्षाएं रद्द करनी पड़ी थीं.
* 2024 की भारी विफलता के बाद मंत्री प्रधान ने NTA में सुधार का वादा किया था. इसके लिए के. राधाकृष्णन समिति का गठन किया गया, जिसने NTA में सुधार के लिए 101 सिफारिशें दीं.
* लेकिन सुधारों को गंभीरता से लागू करने के बजाय मंत्री प्रधान टालमटोल करते रहे और उन्होंने अविश्वसनीय आत्मसंतोष तथा अहंकार का परिचय दिया. NTA में महानिदेशक का पद-जो इसका सबसे महत्वपूर्ण कार्यकारी पद है-2024 के पेपर लीक से लेकर 2026 के पेपर लीक तक पूरे समय अतिरिक्त प्रभार के रूप में ही अधिकारियों के पास रहा.
* नतीजतन, NTA की निगरानी में NEET-UG 2026 का एक और पेपर लीक हुआ और परीक्षा रद्द करनी पड़ी. यहां तक कि इस स्थिति में भी NTA और उच्च शिक्षा विभाग ने संसद की शिक्षा संबंधी स्थायी समिति के सामने बेशर्मी से दावा किया कि कोई पेपर लीक नहीं हुआ था. मंत्री प्रधान के लिए सच्चाई से ज्यादा अपनी छवि मायने रखती थी.
* इसी बीच, हमेशा की तरह अहंकारी मंत्री प्रधान ने संसद और उसके विवेकपूर्ण सुझावों के प्रति अपना पूर्ण अनादर दिखाते हुए केवल इसलिए शिक्षा संबंधी स्थायी समिति की NTA को मजबूत बनाने वाली सिफारिशों को खारिज कर दिया क्योंकि उस समिति में विपक्ष के सदस्य भी शामिल थे.
* देशभर में भारी आक्रोश के बाद भी NTA के अधीन आयोजित UGC-NET समाजशास्त्र 2026 परीक्षा के पेपर लीक और UGC-NET अंग्रेज़ी 2026 परीक्षा में अनियमितताओं की खबरें सामने आईं.
* जब छात्र पेपर लीक और मोदी सरकार की शिक्षा नीतियों के खिलाफ सड़कों पर उतरे, तो प्रधानमंत्री और उनके सहयोगी मंत्री प्रधान ने छात्र प्रदर्शनकारियों पर अभूतपूर्व बर्बरता दिखाई. उनके खिलाफ लाठीचार्ज, वॉटर कैनन, आंसू गैस और खबरों के अनुसार पेलेट गन तथा शॉक बैटन तक का इस्तेमाल किया गया.
NEET-UG 2026 का पेपर लीक केवल एक लक्षण है, बीमारी इससे कहीं अधिक गहरी है. देश के छात्रों का गुस्सा मंत्री प्रधान की व्यापक अक्षमता, मोदी सरकार की बेहद खराब शिक्षा नीतियों और प्रधानमंत्री के अहंकार के खिलाफ है.
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री और भाजपा के पूर्व अध्यक्ष जे.पी. नड्डा द्वारा देर शाम आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस, @राहुल गांधी द्वारा मोदी सरकार की तीखी और सीधे खुलासों के जवाब में आई है। यह इस बात का स्पष्ट संकेत है कि सरकार की बौखलाहट लगातार बढ़ती जा रही है।
— Jairam Ramesh (@Jairam_Ramesh) July 23, 2026
पूरी प्रेस कॉन्फ्रेंस केवल…
Monsoon Session LIVE Updates: कांग्रेस के रवैये के खिलाफ NDA के सभी सांसद आज विरोध-प्रदर्शन करेंगे
एनडीए के सभी सांसद आज प्रदर्शन करेंगे. मिली जानकारी के अनुसार कांग्रेस के रवैये के खिलाफ एनडीए के सभी सांसद आज विरोध प्रदर्शन करेंगे. एनडीए के सभी सांसदों को आज सुबह साढ़े दस बजे मकर द्वार पर इकट्ठा होने को कहा गया है.
Delhi Protest LIVE: जंतर-मंतर प्रदर्शन में घायल हुए जवानों से मिलने हॉस्पिटल पहुंचे पुलिस के वरीय अधिकारी
जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन में हुई झड़प में घायल हुए पुलिसकर्मियों का इलाज RML हॉस्पिटल में चल रहा है. बीती रात स्पेशल CP/L&O जोन-I देवेश चंद्र श्रीवास्तव ने RML अस्पताल का दौरा किया. उन्होंने उन पुलिसकर्मियों से मुलाकात की जो 22 जुलाई को जंतर-मंतर पर CJP विरोध-प्रदर्शन के दौरान गंभीर रूप से घायल हो गए थे.
Jantar Mantar LIVE: सुबह-सुबह जंतर-मंतर पर भारी भीड़, दीपके ने लोगों को किया संबोधित
जंतर-मंतर पर कॉकरोज जनता पार्टी के प्रदर्शन में सुबह से ही भीड़ उमड़ती दिख रही है. सुबह-सुबह ही अनशलस्थल पर बड़ी संख्या में लोग पहुंच चुके हैं. इसका वीडियो भी सामने आया है. जिसमें मंच पर बैठे कॉकरोज जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके लोगों को संबोधित करते नजर आ रहे हैं.
Delhi Protest LIVE: छात्रों पर लाठीचार्ज से आहत अन्ना हजारे का आज करेंगे मौन आंदोलन
दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में वरिष्ठ समाजसेवी अन्ना हजारे आज दो घंटे का मौन आंदोलन करेंगे. उन्होंने बुधवार को पत्र लिखकर पीएम मोदी को पत्र लिखकर प्रदर्शनकारियों से संवाद करने की अपील की थी. आज अन्ना हजारे सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक अहिल्यानगर के वाडिया पार्क स्थित गांधी स्मारक पर मौन आंदोलन करेंगे.
Delhi Protest LIVE: दिल्ली मेट्रो के 16 स्टेशन आज भी बंद
कॉकरोज जनता पार्टी के प्रर्दशन के कारण गुरुवार को भी दिल्ली मेट्रो के 16 स्टेशन बंद किए गए हैं. दिल्ली मेट्रो ने इसकी लिस्ट जारी की है. जिसमें राजीव चौक, मंडी हाउस, पटेल चौक सहित कई अहम मेट्रो स्टेशन हैं. बुधवार को भी मेट्रो के 16 स्टेशन बंद किए गए थे. जिससे यात्रियों का भारी परेशानी का सामना करना पड़ा था.
Jantar Mantar LIVE: प्रदर्शनकारियों के लिए ऑनलाइन आ रहे खाना-पीना
जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों और अन्य लोगों के लिए देश के अलग-अलग कोने से अज्ञात लोग ऑनलाइन खाना-पीना ऑर्डर कर रहे हैं. गुरुवार सुबह-सुबह भी जंतर-मंतर पर अज्ञात लोगों द्वारा ऑनलाइन ऑर्डर किए गए खाने-पीने की चीजें लेकर कई डिलीवरी बॉय पहुंचे, जिसका वीडियो सामने आया है.
CJP Protest LIVE: सलमान खान ने प्रदर्शन कर रहे छात्रों का किया समर्थन
पेपर लीक को गंभीर मुद्दा बताते हुए बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान ने बुधवार को प्रदर्शन कर रहे छात्रों का समर्थन किया. उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान जिन लोगों को नुकसान पहुंचा, उनके प्रति उनकी गहरी संवेदनाएं हैं. सलमान खान ने छात्रों के रुख की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपने भविष्य और एक बेहतर, शिक्षित भारत के निर्माण के लिए मेहनत, ईमानदारी और पढ़ाई के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई है.
उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक सोच-समझकर लिखी गई पोस्ट में कहा, “यह आंदोलन इतना शांतिपूर्ण था, लेकिन यह देखकर दुख होता है कि इसे हिंसक मोड़ लेना पड़ा. घायल हुए छात्रों और उनके परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं. प्रश्नपत्र लीक एक बहुत गंभीर मुद्दा है. यह जानकर और देखकर खुशी होती है कि देश के बच्चे बेहतर शिक्षा व्यवस्था के लिए एकजुट हुए हैं और उनके माता-पिता ने भी उनका साथ दिया है.” हालांकि, सलमान खान ने यह भी कहा कि इन प्रदर्शनों को “राजनीतिक रूप से अपने कब्जे में नहीं लिया जाना चाहिए.”
It was such a peaceful movement, feel so sad that it had to take a violent turn. My heart goes out to the students and their families who were hurt. Paper leak is a very serious issue, and I am glad to know n see that the kids of our country have come together for a better…
— Salman Khan (@BeingSalmanKhan) July 22, 2026
Delhi Protest LIVE: दिल्ली मेट्रो बंद किए जाने से आम लोगों को हो रही भारी परेशानी
दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी के विरोध-प्रदर्शन के कारण मेट्रो का परिचालन बाधित होने से यात्रियों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है. बुधवार को दिल्ली मेट्रो के 16 स्टेशन लगभग आठ घंटे तक बंद रहे, जिससे ऑफिस जाने वाले हजारों लोग, छात्र और अन्य यात्री फंस गए.
दिल्ली मेट्रो रेल निगम ने सुबह 16 स्टेशन बंद कर दिए थे और दोपहर में झंडेवालान को भी इस सूची में शामिल कर लिया. शाम को स्टेशनों के निकास द्वार खोल दिए गए. ये स्टेशन कॉजपा के उस विरोध-प्रदर्शन के दौरान बंद किए गए, जिसमें मंगलवार की तुलना में बुधवार को ज़्यादा लोगों ने हिस्सा लिया.