एक ऐसा गेम जिसे खेलने वाला ऐसा फंसता है कि उसका हिस्सा बन जाता है. बच्चों का ये खेल कब जानलेवा गेम में तब्दील हो जाता है पता ही नहीं चलता. इसके अंदर मौजूद लोग और जानवर गेम से निकलकर असली जिंदगी में उत्पात मचाने लगते हैं. इस गेम की शुरुआत 1995 में हुई थी और आज 31 साल बाद भी इसका खौफ और कहर कायम है, बेशक समय के साथ चेहरे और तरीका बदलता रहता है. हम बात कर रहे हैं, सोनी पिक्चर्स की जुमानजी फ्रैंचाइजी की. जिसका फाइनल चैप्टर का ट्रेलर रिलीज हो गया है.
यूट्यूब पर मौजूद 'जुमानजी: ओपन वर्ल्ड' में ड्वेन जॉनसन, जैक ब्लैक, केविन हार्ट और कैरेन गिलन एक बार फिर अपने पसंदीदा अवतारों में नजर आ रहे हैं, लेकिन इस बार कहानी बिल्कुल उलटी है.
'जुमानजी ओपन वर्ल्ड' की अजब गजब दुनिया
'जुमानजी ओपन वर्ल्ड' ट्रेलर की शुरुआत एक साधारण घर से होती है जहां स्पेन्सर (एलेक्स वुल्फ) और उसके दोस्तों को पता चलता है कि जुमानजी गेम का कंसोल टूट गया है. वीडियो गेम के किरदार असली दुनिया में आ गए हैं और 'डेमो मोड' में फंसे हुए हैं. ड्वेन जॉनसन का किरदार डॉ. स्मोल्डर ब्रेवस्टोन स्पेनिश एक्सेंट में बात कर रहा है, केविन हार्ट यानी माउस फिनबार और जैक ब्लैक यानी प्रोफेसर ओबेरॉन भी अधूरे वर्जन में हैं. कैरेन गिलन की रूबी राउंडहाउस भी इसी मजेदार हंगामे का हिस्सा हैं.
ट्रेलर में असली शहर की सड़कों पर दरियाई घोड़ा, गैंडा और दूसरे जंगली जानवर दौड़ते दिखते हैं. लोग चीख-पुकार मचा रहे हैं, कारें भाग रही हैं और वीडियो गेम वाले हीरो असली दुनिया को संभालने की कोशिश कर रहे हैं. ट्रेलर 'द फाइनल काउंटडाउन' गाने पर खत्म होता है, जो इस बात का इशारा है कि यह ट्रिलॉजी का आखिरी खेल है.
'जुमानजी ओपन वर्ल्ड' ट्रेल
फिल्म का निर्देशन फिर से जेक कास्डन कर रहे हैं, जिन्होंने 2017 की 'जुमानजी: वेलकम टू द जंगल' और 2019 की 'जुमानजी: द नेक्स्ट लेवल' का भी डायरेक्शन किया था. फिल्म 25 दिसंबर 2026 को रिलीज हो रही है और मौका है क्रिसमस का. कास्ट में निक जोनास, मैडिसन आइसमैन, मॉर्गन टर्नर, सेर'डरियस ब्लेन और राइस डार्बी भी वापस आ रहे हैं.
जुमानजी फ्रैंचाइजी की अतरंगी दुनिया
जुमानजी फ्रैंचाइजी की सफलता को समझने के लिए पुरानी फिल्मों के बजट और कलेक्शन देखना जरूरी है. 1995 की ओरिजिनल 'जुमानजी' (रॉबिन विलियम्स स्टारर) का बजट लगभग 65 मिलियन डॉलर था और वर्ल्डवाइड कलेक्शन लगभग 262.8 मिलियन डॉलर रहा. 'जुमानजी: वेलकम टू द जंगल' का बजट 90 मिलियन डॉलर था, लेकिन इसने दुनिया भर में लगभग 963 मिलियन डॉलर कमाए.
2019 की 'जुमानजी: द नेक्स्ट लेवल' का बजट 125 मिलियन डॉलर था और कलेक्शन करीब 800 मिलियन डॉलर रहा. तीनों फिल्मों ने मिलाकर दो अरब डॉलर से ज्यादा कमाई की है. 'ओपन वर्ल्ड; का बजट अभी आधिकारिक रूप से घोषित नहीं हुआ है, लेकिन उम्मीद है कि यह भी बड़ी हिट साबित होगी.
'जुमानजी: ओपन वर्ल्ड' दिसंबर में रिलीज होगी लेकिन इसके फैन्स के बीच एक्साइटमेंट का माहौल अभी से बन गया है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं