विज्ञापन

4000 करोड़ का बजट, 23 सुपरहीरो और डॉक्टर डूम का खौफ, ‘एवेंजर्स डूम्सडे’ ट्रेलर के 6 सबसे दमदार पल

Avengers Doomsday Trailer 6 Biggest Moments: 'टू मी, माय एक्स-मैन' से डॉक्टर डूम और थॉर की भिड़ंत तक, 'एवेंजर्स डूम्सडे' ट्रेलर के 6 बड़े धमाके.

4000 करोड़ का बजट, 23 सुपरहीरो और डॉक्टर डूम का खौफ, ‘एवेंजर्स डूम्सडे’ ट्रेलर के 6 सबसे दमदार पल
Avengers Doomsday Trailer 6 Biggest Moments: एवेंजर्स डूम्सडे ट्रेलर की 6 बड़ी बातें
youtube
नई दिल्ली:

Avengers Doomsday Trailer 6 Biggest Moments: 4000 करोड़ से ज्यादा का बजट. 23 से ज्यादा सुपरहीरो और 3 चुड़ैलों के साथ एक खतरनाक विलेन वाली मूवी एवेंजर्स डूम्सडे का नया ट्रेलर सोमवार को रिलीज किया गया, जिसमें दर्शकों को आने वाले महायुद्ध की एक झलक देखने को मिली. धमाकेदार नए दृश्यों से भरपूर इस ट्रेलर में MCU के कई बड़े सुपरहीरोज एक साथ नजर आ रहे हैं. इनमें एवेंजर्स, एक्स-मैन, फैंटास्टिक फोर और थंडरबोल्ट्स शामिल हैं. वहीं, डॉक्टर डूम को एक बेहद खतरनाक नए दुश्मन के रूप में पेश किया गया है. अमेरिका से एक दिन पहले भारत में रिलीज होने जा रही यह फिल्म मार्वल सिनेमैटिक यूनिवर्स को एक बिल्कुल नई दिशा में ले जाने का वादा करती है. कॉमिक बुक के मशहूर संदर्भों से लेकर किरदारों के अप्रत्याशित मिलन और जबरदस्त टकराव तक, ट्रेलर की 6 बड़ी बातें.

1. 'टू मी, माय एक्स-मैन!'

जेम्स मार्सडेन द्वारा निभाए गए साइक्लोप्स ने अपने एक आइकॉनिक डायलॉग से इंटरनेट पर तहलका मचा दिया है. कॉमिक बुक के प्रशंसकों के लिए यह पल बेहद खास है, जब साइक्लोप्स अपने म्यूटेंट सुपरहीरोज को युद्ध के लिए तैयार करते हुए कहता है, 'टू मी, माय एक्स-मेन!' इस तरह डूम के खिलाफ सारे सुपरहीरो एक साथ हैं.

2. सुपरहीरो आमने-सामने

पिछले ट्रेलर में गैम्बिट और शांग-ची के बीच टकराव की झलक दिखाई गई थी, वहीं नए ट्रेलर में एक और अप्रत्याशित भिड़ंत सामने आई है. एंथनी मैकी द्वारा निभाए गए सैम विल्सन यानी कैप्टन अमेरिका को साइक्लोप्स के खिलाफ लड़ते हुए देखा जा सकता है. दो शक्तिशाली सुपरहीरोज के बीच जबरदस्त मुकाबला.

3. रीड रिचर्ड्स की स्टीव रोजर्स से मुलाकात

ट्रेलर में एवेंजर्स एंडगेम एनकोर की घटनाओं के बाद स्टीव रोजर्स और पैगी कार्टर की जिंदगी की एक झलक देखने को मिलती है. दोनों ने साथ में एक खुशहाल जिंदगी बसा ली है और अपने किशोर बेटे की परवरिश कर रहे हैं. लेकिन उनकी जिंदगी में उस वक्त नया मोड़ आता है, जब फैंटास्टिक फोर उनके दरवाजे पर पहुंचते हैं. उनकी यह मुलाकात इशार कर देती है कि डॉक्टर डूम के खिलाफ होने वाले युद्ध के लिए वे स्टीव को अपनी टीम में शामिल करना चाहते हैं.

4. डॉक्टर डूम और उसकी विशाल सेना

पिछले फुटेज में डॉक्टर डूम और उसकी रहस्यमयी चुड़ैलों की झलक दिखाई गई थी, लेकिन नया ट्रेलर उसके खतरे के विशाल स्वरूप को और करीब से दिखाता है. डॉक्टर डूम की सेना की एक झलक बताती है कि वह पृथ्वी के सबसे ताकतवर सुपरहीरोज के खिलाफ एक भीषण युद्ध की तैयारी कर रहा है.

5. फैंटास्टिक फोर ने शूरी और एम'बाकू को साथ आने का दिया न्योता

ऐसा लग रहा है कि फैंटास्टिक फोर अपनी टीम को मजबूत करने के मिशन पर निकल पड़े हैं और इस बार उनकी मंजिल है वाकांडा. नए ट्रेलर में उन्हें शूरी और एम'बाकू के पास पहुंचते हुए दिखाया गया है, जो दोनों सुपरहीरो टीमों के बीच संभावित गठबंधन का संकेत देता है. वाकांडा की अत्याधुनिक तकनीक और मजबूत नेतृत्व अगर फैंटास्टिक फोर के साथ आ जाते हैं, तो डॉक्टर डूम के खिलाफ होने वाली जंग में सुपरहीरोज की ताकत कई गुना बढ़ सकती है.

6. डॉक्टर डूम बनाम थॉर

पहले ट्रेलर में थॉर और डॉक्टर डूम के बीच होने वाले टकराव की झलक दिखाई गई थी, लेकिन नए फुटेज में यह मुकाबला और भी रोमांचक हो गया है. दोनों एक-दूसरे के आमने-सामने नजर आते हैं. इस दौरान यह भी देखने को मिलता है कि थॉर का शक्तिशाली हथियार स्टॉर्मब्रेकर भी डॉक्टर डूम के सामने बेअसर साबित होता दिखाई देता है. यह दृश्य डॉक्टर डूम की अपार ताकत का परिचय देता है और साफ कर देता है कि MCU के सुपरहीरोज के लिए वह कितना बड़ा खतरा साबित होने वाला है.

मार्वल स्टूडियोज की एवेंजर्स डूम्सडे 17 दिसंबर 2026 को भारत के सिनेमाघरों में रिलीज होगी, जो अमेरिका में रिलीज से एक दिन पहले है. फिल्म अंग्रेजी, हिंदी, तमिल और तेलुगु भाषाओं में रिलीज होगी. दर्शक इसे मार्वल प्रेजेंटेड इन इनफिनिटी विजन सहित अन्य प्रीमियम फॉर्मेट्स में भी देख सकेंगे.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Avengers Doomsday Trailer, Avengers Doomsday, Hollywood, Hollywood News In Hindi, Entertainment
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com