विज्ञापन
This Article is From Jun 01, 2017

Jab Tak Hai Jaan Reunion: फिर दिखेगी शाहरुख खान, कैटरीना कैफ के साथ अनुष्का शर्मा की जोड़ी

डायरेक्‍टर आनंद राय ने कहा, 'अपनी अगली फिल्म में शाहरूख खान और कैटरीना के साथ अनुष्का के आने से उत्साहित हूं. मेरी पहली मुलाकात से वह चरित्र से जुड़ गयी थी.'

Jab Tak Hai Jaan Reunion: फिर दिखेगी शाहरुख खान, कैटरीना कैफ के साथ अनुष्का शर्मा की जोड़ी
फिल्‍म 'जब तक है जान' का एक पोस्‍टर.
नई दिल्‍ली: निर्देशक आनंद एल राय की आने वाली फिल्‍म में एक बार फिर यशराज बैनर तले बनी 'जब तक है जान' की स्‍टारकास्‍ट साथ देखने को मिलेगी. इस फिल्‍म में जहां शाहरूख खान और कैटरीना कैफ का साथ जाना तय हो चुका था, अब अनुष्‍का शर्मा भी इस फिल्‍म का हिस्‍सा बनने वाली हैं. शाहरूख के साथ आनंद राय की फिल्म की घोषणा किये जाने के बाद से यह फिल्म सुखिर्यों में बनी हुयी है. इस साल की शुरूआत में कैटरीना के फिल्म से जुड़ने के बाद फिल्म में दूसरी मुख्य अभिनेत्री को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म था. इस फिल्म का निर्माण शाहरूख खान का प्रोडक्‍शन हाउस‘रेड चिलीज इंटरटेनमेंट’ और ‘कलर्स येलो प्रोडक्शन’मिलकर कर रही हैं.

निर्माताओं ने आखिरकार फिल्म में अनुष्का को लेने की पुष्टि की है. न्‍यूज एजेंसी पीटीआई के अनुसार डायरेक्‍टर आनंद राय ने एक बयान में बताया, 'अपनी अगली फिल्म में शाहरूख खान और कैटरीना के साथ अनुष्का के आने से उत्साहित हूं. मेरी पहली मुलाकात से वह चरित्र से जुड़ गयी थी. इस भूमिका की तैयारी में मिलने वाली चुनौतियों को लेकर वह काफी उत्साहित हैं.' उन्होंने बताया, 'इस तरह की जटिल भूमिका निभाने के लिए अपने करियर के इस मुकाम पर वह बहुत ज्यादा तैयार हैं. हम उनके लुक पर काम कर रहे हैं और फिल्म की तैयारी में लगे हैं.'

शाहरुख खान के साथ फिल्‍म 'रब ने बना दी जोड़ी' से अपने बॉलीवुड सफर की शुरुआत करने वाली अनुष्‍का शर्मा इम्तियाज अली की एक और फिल्‍म में शाहरुख के साथ ही नजर आने वाली हैं. अनुष्‍का और शाहरुख इस फिल्‍म के लिए पंजाब में शूटिंग भी कर चुके हैं. हालांकि इस फिल्‍म का नाम अभी सामने नहीं आया है. वहीं आनंद राय की इस फिल्‍म के बारे में बात करें तो यह फिल्म 2018 में क्रिसमस पर प्रदर्शित होगी. शाहरूख इस फिल्‍म में एक बौने व्‍यक्ति  के किरदार में नजर आएंगे.

(इनपुट भाषा से भी)

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Shah Rukh Khan, Jab Tak Hai Jaan, Anushka Sharma, Katrina Kaif, Anand L Rai
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com