बर्थ-डे विशेष : सोनाक्षी सिन्हा जैसे कई बॉलीवुड सितारे हैं, जिनके चेहरों की होती रही है तुलना...

बर्थ-डे विशेष : सोनाक्षी सिन्हा जैसे कई बॉलीवुड सितारे हैं, जिनके चेहरों की होती रही है तुलना...

सोनाक्षी सिन्हा (फाइल फोटो)

अपने फैन्स के बीच 'दबंग गर्ल' के नाम से मशहूर सोनाक्षी सिन्हा 2 जून को 28 साल की हो जाएंगी। राजनेता और अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा की बेटी सोनाक्षी ने सलमान खान के साथ अपनी पहली ही फिल्म 'दबंग' से खास पहचान बना ली थी। कुछ लोग तो उनकी तुलना मशहूर अभिनेत्री रीना राय से भी करने लगे थे। वास्तव में सोनाक्षी ही नहीं ऐसे कई बॉलीवुड सितारे रहे हैं, जिनकी तुलना होती रही है या यूं कहें कि फैन्स उनका अक्स किसी अन्य कलाकार में देखते रहे हैं। आइए जानते हैं कुछ ऐसे ही सितारों के बारे में...

सोनाक्षी और रीना रॉय
फिल्म दबंग में सोनाक्षी के लुक को देखकर फैन्स ने उनके चेहरे की तुलना बीते जमाने की प्रसिद्ध अभिनेत्री रीना राय से करनी शुरू कर दी। हालांकि सोनाक्षी को यह बात पसंद नहीं आई। यही नहीं उनकी मां पूनम सिन्हा ने तो मीडिया को आड़े हाथों ले लिया। वास्तव में इस नाराजगी की एक और वजह बताई गई। एक जमाने में रीना राय और शत्रुघ्न सिन्हा के बीच अफेयर के चर्चे थे। शायद इसीलिए उन्हें यह बात रास नहीं आई।
 


रीना राय ने तो प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए इन खबरों का खंडन किया। रीना ने कहा था कि सोनाक्षी का चेहरा उनकी मां पूनम सिन्हा से मिलता है। रीना ने यह भी कहा था कि 'दबंग' में सलमान खान ने सोनाक्षी को जो लुक दिया है, वह उनका चेहरा मिलने की एक वजह हो सकता है।

स्नेहा-ऐश्वर्या
स्नेहा उल्लाल ने जब साल 2005 में बॉलीवुड में डेब्यू किया था, तो यह कहा जाने लगा कि सलमान ने उन्हें जानबूझकर चुना है, क्योंकि उनकी शक्ल ऐश्वर्या राय से मिलती थी, जो सलमान की पूर्व गर्लफ्रेंड रही हैं। स्नेहा ने सलमान के साथ फिल्म 'लकी' में काम किया था। हालांकि उन्हें सफलता नहीं मिली और वह 'नो टाइम फॉर लव' के बाद बॉलीवुड के फिल्मी पर्दे से लापता हो गईं। स्नेहा मूलतः टॉलीवुड में सक्रिय रही हैं।



 



जरीन-कैटरीना
स्नेहा की तरह ही मॉडल जरीन खान के बारे में यह कहा जाता था, कि उनको सलमान ने कैटरीना कैफ की हमशक्ल के रूप में चुना है। उनकी पहली फिल्म सल्लू के ही साथ थी। 2010 में आई अनिल शर्मा की इस फिल्म का नाम 'वीर' था। इसके बाद जरीन ने रेडी, हाउसफुल-2, हेट स्टोरी-3 और वीरप्पन जैसी फिल्मों में भी काम किया। वीर जहां फ्लॉप रही, वहीं रेडी और हाउसफुल-2 हिट रहीं।
 

दिव्या भारती-श्रीदेवी
दिव्या भारती ने बॉलीवुड में तेजी से पहचान बनाई थी। उन्होंने 17 साल की उम्र में तेलुगु फिल्म ‘बोबिली राजा' (1990) से करियर की शुरुआत की थी। दिव्या ने महज 3 साल के करियर में करीब 21 फिल्मों में काम किया, जिनमें से 13 बॉलीवुड की थीं। उनकी शक्ल श्रीदेवी से मिलती थी। 5 अप्रैल, 1993 को बिल्डिंग से गिरने पर दिव्या की मौत हो गई थी।
 

हरमन-ऋतिक
मशहूर डायरेक्टर हैरी बवेजा के बेटे हरमन की शक्ल अभिनेता ऋतिक रोशन से मिलती है। हालांकि वह इसके बावजूद कोई कमाल नहीं कर पाए। हरमन ने की पहली फिल्म 'लव स्टोरी-2050' थी, जो कुछ खास नहीं कर पाई। उन्होंने एक इंटरव्यू के दौरान कहा था कि ऋतिक से उनकी तुलना ने उनके करियर पर बुरा असर डाला है। हरमन ने 'विक्ट्री' और 'ढिश्क्याऊं' जैसी फिल्में की, लेकिन सफलता के लिए तरसते रहे।
 

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com