यह ख़बर 22 सितंबर, 2012 को प्रकाशित हुई थी

ऐश्वर्या ने यूएन में संस्कृत श्लोक का किया उच्चारण

खास बातें

  • अभिनेत्री ऐश्वर्या राय ने संयुक्त राष्ट्र में छात्रों को संबोधित करते हुए उन्हें शांति का संदेश देने के मकसद से संस्कृत के मंत्र 'ओम शांति' का उच्चारण किया।
संयुक्त राष्ट्र:

अभिनेत्री ऐश्वर्या राय ने संयुक्त राष्ट्र में छात्रों को संबोधित करते हुए उन्हें शांति का संदेश देने के मकसद से संस्कृत के मंत्र 'ओम शांति' का उच्चारण किया और साथ ही उनसे अपने अहम और निजी आकांक्षाओं को परे रखकर खुद के भीतर शांति तलाशने की अपील की।

38-वर्षीय ऐश्वर्या राय ने शुक्रवार को संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय का दौरा किया और अंतरराष्ट्रीय शांति दिवस के उपलक्ष्य में विश्व इकाई द्वारा आयोजित वार्षिक समारोह में भागीदारी की। ऐश्वर्या राय के लिए यह एक बेहद व्यस्त दिन था।

उन्होंने संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान की मून और संयुक्त राष्ट्र के शांति दूत अभिनेता माइकल डगलस, ब्रिटिश मानव विज्ञानी जेन गोडाल, यहूदी-अमेरिकी लेखक तथा नोबेल पुरस्कार विजेता ऐली विजेल तथा अमेरिकी अभिनेत्री और गायक मोनिक मोलमेन से मुलाकात की।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

बाद में उन्होंने 'सतत भविष्य के लिए सतत शांति' विषय पर आयोजित एक संगोष्ठी में भाग लिया, जिसमें दुनियाभर से आए छात्रों ने शिरकत की। अपने पिता की एक सीख को साझा करते हुए ऐश्वर्या ने छात्रों से अहम त्यागने की अपील की। उन्होंने कहा, हमें अपनी जरूरतों, इच्छाओं और लालसाओं पर लगाम लगानी चाहिए। केवल तभी हम शांति को हासिल कर सकेंगे।