विज्ञापन

Shardiya Navratri 2026: हाथी, डोली या मुर्गा? इस साल नवरात्रि में मां दुर्गा का वाहन क्या होगा, जानिए शुभ-अशुभ संकेत

इस साल 11 अक्टूबर 2026, रविवार से नवरात्रि की शुरुआत हो रही है. नवरात्र के पहले दिन के वार के आधार पर मां दुर्गा के आगमन का वाहन निर्धारित होता है.

Shardiya Navratri 2026: हाथी, डोली या मुर्गा? इस साल नवरात्रि में मां दुर्गा का वाहन क्या होगा, जानिए शुभ-अशुभ संकेत
मां दुर्गा का वाहन क्या होगा?
Photo Credit: NDTV

Shardiya Navratri 2026: शारदीय नवरात्र का इंतजार अब खत्म होने वाला है. मां दुर्गा की भक्ति और आराधना का यह पावन पर्व इस साल 11 अक्टूबर 2026, रविवार से शुरू होगा. नवरात्र के नौ दिनों में भक्त मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की पूजा-अर्चना करेंगे, व्रत रखेंगे और देवी से सुख-शांति व समृद्धि की कामना करेंगे. लेकिन नवरात्र की तारीखों और पूजा के अलावा देवी के आगमन और प्रस्थान के वाहन का भी विशेष महत्व है.

क्या है मां दुर्गा का वाहन?

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, नवरात्र के पहले दिन (प्रतिपदा) के वार के आधार पर मां दुर्गा के आगमन का वाहन निर्धारित होता है. इस वर्ष नवरात्र का शुभारंभ रविवार से हो रहा है. परंपरा के अनुसार, यदि नवरात्र रविवार या सोमवार से शुरू हो, तो देवी का वाहन हाथी माना जाता है. ऐसे में इस साल मां दुर्गा हाथी पर सवार होकर पधारेंगी.

शुभ या अशुभ संकेत?

आईएएनएस के अनुसार हाथी को भारतीय परंपरा में शक्ति, स्थिरता, वैभव और समृद्धि का प्रतीक माना जाता है. यही वजह है कि देवी का हाथी पर आगमन शुभ संकेत के तौर पर देखा जाता है. कुछ धार्मिक मान्यताओं में इसे अच्छी वर्षा और कृषि के लिए भी अनुकूल संकेत माना गया है.

मां दुर्गा के प्रस्थान का वाहन

नवरात्र के बाद 20 अक्टूबर 2026, मंगलवार को विजयादशमी यानी दशहरा मनाया जाएगा. देवी के प्रस्थान का वाहन भी उस दिन के वार के आधार पर तय करने की परंपरा बताई जाती है. मान्यता के अनुसार मंगलवार या शनिवार को देवी का प्रस्थान चरणायुध यानी मुर्गे या कुक्कुट पर माना जाता है. इसलिए इस बार मां दुर्गा की विदाई मुर्गे पर होने की मान्यता है. धार्मिक परंपराओं में देवी के इस वाहन को बहुत शुभ नहीं माना जाता और इसे चुनौतियों, चिंता या सामाजिक अशांति जैसे संकेतों से जोड़ा जाता है.

क्या है मान्यताएं?

नवरात्र के आगमन के लिए हाथी के अलावा घोड़े, नौका और डोली जैसे वाहनों की भी अलग-अलग धार्मिक मान्यताएं प्रचलित हैं. किस वर्ष देवी का कौन सा वाहन होगा, यह नवरात्र की शुरुआत और समापन दिवस पर पड़ने वाले वार के आधार पर माना जाता है.

यह भी पढ़ें: क्या सोशल मीडिया पर बच्चे की फोटो पोस्ट करने से लग सकती है नजर? जानिए क्या है सच

यह भी पढ़ें: पितरों की तस्वीर मंदिर में रखना सही या गलत? जानें किस दिशा में लगाएं फोटो, क्या कहता है वास्तु

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Shardiya Navratri 2026, Maa Durga
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com