विज्ञापन

बेटी का भविष्य बचाने की बेबस जंग: विदिशा NEET सेंटर के बाहर का वो वीडियो, जिसे देख हर आंख नम हो गई

NEET Re-exam Vidisha Video : विदिशा में NEET री-एग्जाम के दौरान 2 मिनट की देरी से पहुंचीं छात्राओं को एंट्री नहीं मिली. इस दौरान बेटी का भविष्य खतरे में देख पिता ने गेट पर सिर मार दिया, जिसका वीडियो वायरल हो रहा है.

बेटी का भविष्य बचाने की बेबस जंग: विदिशा NEET सेंटर के बाहर का वो वीडियो, जिसे देख हर आंख नम हो गई
इस घटना को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी शुरू हो गई है.

NEET Re-exam Vidisha Video : मध्य प्रदेश के विदिशा जिले में हुए NEET री-एग्जाम के दौरान एक ऐसी घटना सामने आई जिसने हर किसी को भावुक कर दिया है. एग्जाम सेंटर के बाहर अपनी बेटी का भविष्य बचाने की कोशिश में एक पिता ने अधिकारियों से बार-बार गुहार लगाई, लेकिन जब उनकी बात नहीं सुनी गई तो उन्होंने निराश होकर एग्जाम सेंटर के गेट पर अपना सिर दे मारा. इस दर्दनाक घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. जानकारी के मुताबिक, रागिनी और स्नेहा नाम की दो छात्राएं दोपहर 1:32 बजे परीक्षा केंद्र पहुंचीं. परीक्षा शुरू होने का समय 1:30 बजे था और तय नियमों के अनुसार इसके बाद किसी भी छात्र को प्रवेश नहीं दिया जा सकता था. सुरक्षा कर्मियों ने दोनों छात्राओं को सेंटर में प्रवेश देने से इनकार कर दिया.

70 किलोमीटर दूर से पहुंचे थे पिता और बेटी

रागिनी के पिता ने अधिकारियों को बताया कि वे लगभग 70 किलोमीटर दूर से परीक्षा केंद्र के लिए निकले थे. रास्ते में भारी बारिश और टायर पंचर होने से उन्हें देर हो गई. उन्होंने हाथ जोड़कर अधिकारियों से केवल दो मिनट की देरी को देखते हुए बेटी को परीक्षा में बैठने देने की अपील की, लेकिन नियमों का हवाला देते हुए उनकी मांग ठुकरा दी गई. बार-बार विनती के बावजूद जब कोई समाधान नहीं निकला तो पिता टूट गए. वायरल वीडियो के अनुसार, उन्होंने गुस्से और बेबसी में अपना सिर केंद्र के गेट पर जोर से पटक दिया और वहीं जमीन पर गिर पड़े. यह दृश्य देखकर उनकी बेटी फूट-फूटकर रोने लगी और पिता को गले लगाकर संभालने लगी.

बायोमेट्रिक और सिस्टम की दिक्कतों ने बढ़ाई परेशानी

घटना की सूचना मिलने पर नोडल अधिकारी और केंद्रीय विद्यालय की प्रिंसिपल गीता भदौरिया मौके पर पहुंचीं. बाद में छात्राओं को अंदर बुलाया गया, लेकिन तब तक बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन और सिस्टम में उपस्थिति दर्ज होने जैसी तकनीकी समस्याओं के कारण उन्हें परीक्षा देने की अनुमति नहीं मिल सकी. निराश छात्राओं और उनके परिजनों को आखिरकार बिना परीक्षा दिए ही वापस लौटना पड़ा.

विपक्ष ने उठाए सवाल, सिस्टम पर घिरा प्रशासन

इस घटना को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी शुरू हो गई है. मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने वीडियो शेयर करते हुए परीक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक सिस्टम पर सवाल उठाए हैं. उनका कहना है कि एक-दो मिनट की देरी और तकनीकी खामियों के कारण छात्रों के सालों की मेहनत और सपने दांव पर लग गए. वहीं सोशल मीडिया पर भी लोग इस घटना को लेकर संवेदना व्यक्त कर रहे हैं.

यह भी पढ़ें- NEET Score कम है तो न हों निराश, इन 8 सरकारी कॉलेजों में मिल सकती है MBBS सीट, देखें Cut-OFF और बेस्ट ऑप्शन

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Vidisha NEET Viral Video, NEET UG Re-Exam 2026
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com