संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2026 कल यानी 24 मई को हो गई है. एग्जाम देने वाले उम्मदीवारों को अब बस इंतजार रिजल्ट का है. इस साल UPSC प्रीलिम्स 2026 एग्जाम देने वाले उम्मीदवारों के अनुसार सामान्य अध्ययन (GS) पेपर 1, पिछले साल की तुलना में अधिक लंबा और मुश्किल था. परीक्षा देकर बाहर निकले उम्मीदवारों ने बताया कि पेपर का स्तर मॉडरेट से कठिन था. एक उम्मीदवार शिवम ने कहा कि परीक्षा का स्तर पिछले सालों की तरह ही चुनौतीपूर्ण रहा. पेपर काफी लंबा था और कई सवालों में गहरी समझ तथा विश्लेषण क्षमता की आवश्यकता महसूस हुई. डिसीजन मेकिंग से जुड़े प्रश्न भी कठिन थे. इसी तरह से शाइस्ता मलिक ने बताया कि परीक्षा में वर्ष 2023 के करेंट अफेयर्स से जुड़े कई प्रश्न पूछे गए थे. पेपर थोड़ी कठिन था. बता दें कि 2023 में भी पेपर कठिन और काफी लंबा आया था. जिसके कारण कट-ऑफ 75.41 रहा था.
उम्मीदवारों और विशेषज्ञों के विश्लेषण के अनुसार 2026 का GS Paper-I मध्यम से कठिन स्तर का था. इस साल का पेपर 2025 की तुलना में ज़्यादा पेचीदा था. आंसर के लिए ज़्यादा कठिन विकल्प दिए गए थे. जिसमें काफी समय लगा. साल 2025 की तुलना में पेपर कठिन होने के कारण ऐसा अनुमान है कि इस साल की कट-ऑफ में थोड़ी गिरावट देखी जा सकती है. पिछले साल जनरल के लिए कट-ऑफ 92.66 थी. ओबीसी के लिए 92.00 थी. EWS के लिए 89.34 थी, SC के लिए 84.00 और ST के लिए 82.66 थी.
पिछले तीन सालों की कट-ऑफ
- साल 2023 में कट-ऑफ बहुत कम रही थी. क्योंकि पेपर बहुत मुश्किल था. जनरल कैटेगरी को कुल 200 अंक में से सिर्फ़ 75.41 नंबर चाहिए थे.
- 2024 में कट-ऑफ में काफी उछाल देखा गया था. क्योंकि पेपर काफी आसान था. सभी कैटेगरी में कट-ऑफ में 12–27 नंबर तक बढ़त देखी गई थी..
- साल 2025 में आया पेपर थोड़ा कठिन था. जिसका असर कट-ऑफ पर पड़ा था. कट-ऑफ जनरल कैटेगरी के लिए बढ़कर 92.66 हो गई थी.
- इस साल यानी 2026 में भी पेपर 2025 की तुलना में ज़्यादा कठिन था. इसलिए जनरल कैटेगरी की कट-ऑफ 92 से कम रहने का अनुमान है. 88 से 92 नंबर सोफ जोन माने जा रहे हैं.
कब जारी की जाएगी प्रोविज़नल आंसर-की
उम्मीद है कि UPSC परीक्षा के कुछ ही दिन में प्रोविज़नल आंसर-की जारी कर देगा. इसकी मदद से उम्मीदवार ये कैलकुलेटर कर सकते हैं कि उनके कितने नंबर आने की उम्मीद है. वहीं UPSC सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2026 का रिजल्ट जून 2026- जुलाई 2026 के बीच घोषित किया जा सकता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं