UP Board Exams 2026: यूपी बोर्ड की परीक्षाएं आज शुरू हो गई हैं. कुल 53 लाख से ज्यादा परीक्षार्थी इस बड़ी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं. पूरे प्रदेश में कुल 8033 केन्द्रों पर ये परीक्षा आयोजित की जा रही है. योगी सरकार ने नकलविहीन परीक्षा कराने के लिए कई उपाय किए हैं. इसके तहत परीक्षा की ऑनलाइन मॉनिटरिंग और कड़े सुरक्षा इंतजामों की व्यवस्था की गई है. बोर्ड परीक्षा के लिए हर परीक्षा कक्ष में वॉयस रिकॉर्डर वाले दो सीसीटीवी कैमरों को इंस्टॉल करने को कहा गया था, ताकि नकल की मॉनिटरिंग और पकड़े जाने पर कार्रवाई की जा सके. परीक्षा अवधि की लाइव मॉनिटरिंग वेबकास्टिंग के माध्यम से की जाएगी. इसके लिए लखनऊ में शिविर कार्यालय में राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम से में निगरानी की व्यवस्था की गई है.
मैदान में उतरे अधिकारी
यूपी के सभी 75 जिलों में बड़े अधिकारी खुद मैदान में उतरकर परीक्षा की तैयारियों का जायजा ले रहे हैं. प्रदेश के संवेदनशील जनपदों और परीक्षा केन्द्रों पर एसटीएफ और एलआईयू को भी सक्रिय रहने को कहा गया है. अति संवेदनशील केन्द्रों का दिन में दो बार निरीक्षण सुनिश्चित करने का शासन से निर्देश जारी हुआ है. इसके साथ ही परीक्षा केन्द्रों पर बनाए गए स्ट्रांग रूम 24×7 सीसीटीवी निगरानी में रखा जाएगा.
परीक्षा केंद्र पर परीक्षा के बाद पेपर्स रखने के लिए हर परीक्षा केन्द्र के स्ट्रांग रूम, प्रश्नपत्र वितरण कक्ष और उत्तर पुस्तिका सीलिंग-पैकिंग कक्ष की भी ऑनलाइन निगरानी की जा रही है. उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने अफवाहों को लेकर सोशल मीडिया पर भी निगरानी की व्यवस्था की है. पेपर लीक की अफवाहों से माहौल ना खराब हो, इसके लिए साइबर सेल में परिषद ने तहरीर भी दी है.
परीक्षा के लिए हजारों अधिकारियों की तैनाती
परीक्षा की व्यवस्था को मजबूत रखने के लिए 8033 केन्द्र व्यवस्थापक, 8033 बाहरी केन्द्र व्यवस्थापक, 8033 स्टैटिक मजिस्ट्रेट, 1210 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 427 जोनल मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं. साथ ही 69 मंडलीय और 440 जनपदीय सचल दल गठित किए गए हैं. शासन स्तर से सभी 75 जनपदों और 18 मंडलों के लिए राज्य स्तरीय पर्यवेक्षकों की नियुक्ति भी की गई है, ताकि परीक्षा संचालन में किसी प्रकार की शिथिलता न रहे. लखनऊ में टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 18001806607 और 18001806608 जारी किए गए हैं.
मैथ्स का पेपर बिगड़ा तो भी नहीं होगा साल खराब, CBSE देगा मार्क्स सुधारने का दूसरा मौका
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं