UP Board Exams 2026: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं शुरू हो चुकी हैं. 18 फरवरी से लेकर 12 मार्च तक यूपी बोर्ड की ये परीक्षाएं आयोजित की जाएंगीं. परीक्षा को लेकर इस बार काफी सख्त नियम बनाए गए हैं और सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी रखी गई है. इसी बीच सोशल मीडिया पर यूपी बोर्ड के कुछ क्वेश्चन पेपर लीक होने की खबर सामने आई. कुछ जगह क्वेश्चन पेपर भी वायरल होने लगे. हालांकि ये पूरी तरह से अफवाह निकली और फर्जी क्वेश्चन पेपर को लेकर बोर्ड को चेतावनी जारी करनी पड़ी. बोर्ड की तरफ से बताया गया कि कुछ असामाजिक तत्व जानबूझकर अफवाह फैला रहे हैं और गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं.
बोर्ड ने दी सख्त चेतावनी
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की तरफ से इसे लेकर बयान जारी किया गया है. इसमें बताया गया कि छात्र पेपर लीक जैसी अफवाहों पर बिल्कुल भी ध्यान न दें और अपना फोकस सिर्फ एग्जाम पर रखें. सोशल मीडिया पर पेपर लीक से जुड़ी खबरों पर भरोसा न करें. बोर्ड की तरफ से बताया गया है कि जिन सोशल मीडिया हैंडल से ऐसी अफवाहें उड़ाई जा रही हैं, उनकी शिकायत साइबर सेल को कर दी गई है. ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही गई है.
यूपी में बनाए गए इतने हजार परीक्षा केंद्र
उत्तर प्रदेश में बोर्ड परीक्षाओं के लिए 8,033 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. इन सभी परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम किए गए हैं. सभी केंद्रों की सीसीटीवी से निगरानी की जा रही है और इसके लिए तमाम जगहों पर कंट्रोल रूम भी बनाए गए हैं. कई जिलों को संवेदनशील घोषित किया गया है, ऐसे में यहां सुरक्षा के और भी ज्यादा कड़े इंतजाम हैं. इस साल यूपी बोर्ड की परीक्षाओं में 53,37,778 छात्र-छात्राएं हिस्सा ले रहे हैं.
छात्रों के लिए जरूरी निर्देश
यूपी बोर्ड परीक्षा देने वाले छात्रों के लिए जरूरी निर्देश जारी किए गए हैं. जिनमें बताया गया है कि कम से कम एक घंटे पहले परीक्षा केंद्र में पहुंच जाएं. परीक्षा शुरू होने से करीब आधे घंटे पहले ही गेट बंद हो जाएंगे. इसके बाद एंट्री मिलना काफी मुश्किल होगा.
यूपी बोर्ड की परीक्षाएं आज से शुरू, जान लीजिए एंट्री से लेकर एडमिट कार्ड के ये पांच जरूरी नियम
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं