Independence Day Competitions 2026 : लाल किले पर स्वतंत्रता दिवस समारोह 2026 में शामिल होने के लिए रक्षा मंत्रालय ने छात्रों के लिए एक खास पहल शुरू की है. इस दौरान रक्षा मंत्रालय ने माईगॉव और माईभारत पोर्टल के साथ मिलकर कई कॉम्पीटीशंस कराने का फैसला किया है. इनमें निबंध, पेंटिंग और ऑनलाइन क्विज शामिल हैं. इन कॉम्पीटीशंस का मकसद छात्रों में देशभक्ति की भावना को बढ़ाना और ‘विकसित भारत 2047' की सोच को मजबूत करना है. इस दौरान सभी यूनिवर्सिटीज और कॉलेजों को निर्देश दिया गया है कि वे इन कॉम्पीटीशंस का बड़े स्तर पर प्रचार करें और ज्यादा से ज्यादा छात्रों को भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करें. आवेदन करने की आखिरी तारीख 15 जुलाई तय की गई है.
कॉम्पीटीशंस और सब्जेक्ट
इस पहल में छात्रों के लिए तीन अलग-अलग कॉम्पीटीशंस कराए जाएंगे -
निबंध प्रतियोगिता
निबंध का विषय है “2047 तक विकसित भारत के निर्माण में AI की भूमिका”. छात्रों को 500 से 600 शब्दों में हिंदी या इंग्लिश में निबंध लिखना होगा.
पेंटिंग प्रतियोगिता
पेंटिंग का विषय है “भारत: 1947 से भारत 2047”. इसमें छात्रों को देश की उपलब्धियों और भविष्य की कल्पना को चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत करना होगा.
ऑनलाइन क्विज
इस क्विज में भारतीय संविधान, स्वतंत्रता आंदोलन में महिलाओं का योगदान, स्पेस टेक्नोलॉजी और भारत की परमाणु टेक्नोलॉजी जैसे विषय शामिल होंगे.
पुरस्कार और लाल किले का आमंत्रण
- इन कॉम्पीटीशंस में विजेताओं के लिए कई आकर्षक पुरस्कार रखे गए हैं -
- निबंध और पेंटिंग प्रतियोगिता के टॉप 3 विजेताओं को 15,000 रुपए का नकद पुरस्कार मिलेगा.
- पेंटिंग में 5-5 हजार के 20 सांत्वना पुरस्कार दिए जाएंगे.
- हर प्रतियोगिता के शीर्ष टॉप-20 छात्रों को लाल किले में 15 अगस्त 2026 के समारोह का ई-आमंत्रण मिलेगा.
- इसके साथ ही सभी क्विज प्रतिभागियों को पार्टिसिपेशन सर्टिफिकेट दिया जाएगा.
नियम और शर्तें
- प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए छात्रों को कुछ नियमों का पालन करना होगा -
- छात्र केवल एक बार ही आवेदन कर सकते हैं.
- वैलिड ई-मेल और मोबाइल नंबर देना अनिवार्य है.
- गलत जानकारी या कॉपीराइट कंटेंट पाए जाने पर एंट्री रद्द होगी.
- विजेताओं की लिस्ट सही जवाबों और कम समय में प्रदर्शन के आधार पर किया जाएगा.
- विजेताओं को पुरस्कार पाने के लिए पहचान पत्र और बैंक डिटेल्स देनी होंगी.
- लाल किले के समारोह में शामिल होने के लिए यात्रा, ठहरने और भोजन का खर्च छात्रों को खुद वहन करना होगा. हालांकि, ई-आमंत्रण दिखाने पर दिल्ली मेट्रो में यात्रा फ्री रहेगी.
यह कॉम्पीटीशंस MyGov India और My Bharat प्लेटफॉर्म के जरिए कराई जा रही है. छात्र केवल एक ही प्लेटफॉर्म के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं, लेकिन रिजल्ट संयुक्त रूप से घोषित किए जाएंगे.
यह भी पढ़ें- नौकरी बचाने के लिए शिक्षकों को देनी होगी परीक्षा, समझिए योगी के ऐलान से कैसे मिली लाखों शिक्षकों को राहत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं