IIT मद्रास से डेटा साइंस और एप्लीकेशंस की पढ़ाई कर रहीं हसिथा नारायणभट्टा ने मिस यूनिवर्स तेलंगाना 2026 का खिताब अपने नाम किया है. ये खिताब अपने नाम करने के बाद वो अब मिस यूनिवर्स इंडिया प्रतियोगिता में तेलंगाना का प्रतिनिधित्व करेंगी. ब्यूटी विद ब्रेन का मुहावरा हसिथा नारायणभट्टा ने सच साबित करके दिखाया है. हसिथा नारायणभट्टा ने जीएनआईटी, हैदराबाद से बीटेक की पढ़ाई की. वहीं इस समय आईआईटी मद्रास में डेटा साइंस में बीएससी कर रही हैं. पिछले महीने हुई मिस यूनिवर्स तेलंगाना 2026 में उन्होंने हिस्सा लिया था और इस खिताब को जीत भी लिया.

जीवन में अगर चीजों के बीच में बैलेंस रखा जाए तो हर चीज हासिल की जा सकती है, इस बात को नारायणभट्टा ने सच साबित करके दिखाया है. पढ़ाई के साथ-साथ अपने जुनून को पूरा किया है.
मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 है अगला लक्ष्य
मिस यूनिवर्स तेलंगाना 2026 का बनने के बाद अब हसिथा नारायणभट्टा का लक्ष्य मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 जीतने का है. वो इस प्रतियोगिता की तैयारी में जुटी गई हैं. अपनी इस जीत पर एक पोस्ट करते हुए उन्होंने कहा, "मेरा सफर इस बात को दिखाता है कि बेहतरीन प्रदर्शन सिर्फ एक ही क्षेत्र तक सीमित नहीं है. पढ़ाई-लिखाई, टेक्नोलॉजी और पेजेंट्री के बीच तालमेल बैठाया जा सकता है. मैं युवाओं को आत्मविश्वास और पक्के इरादे के साथ अलग-अलग क्षेत्रों में अपने जुनून को पूरा करने के लिए प्रेरित करना चाहती हूं."
उन्होंने कहा कि 'मिस यूनिवर्स तेलंगाना 2026' का ताज पहनाया जाना सम्मान की बात है. अब राष्ट्रीय स्तर पर राज्य का प्रतिनिधित्व करने के लिए उत्साहित हूं. उन्होंने 'मिस यूनिवर्स तेलंगाना ऑर्गनाइज़ेशन' का भी धन्यवाद किया.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं