NEET UG 2026 पेपर लीक का मामला सुर्खियों में है. परीक्षा से ठीक पहले एक 'गेस पेपर' वायरल होने का दावा किए जाने के बाद से जांच एजेंसियां हरकत में आईं और मामले की गहन जांच जारी है. खबरें है कि इस गेस पेपर से करीब 125 सवाल असली पेपर से हूबहू मेल खा रहे हैं. अब छात्रों व अभिभावकों के मन में सवाल है कि क्या नीट यूजी 2026 एग्जाम रद्द होगा? बहरहाल, इससे पहले नीट एग्जाम लेने वाली एजेंसी NTA की परीक्षाएं कितनी बार कैंसलि या पोस्टपोन हुई हैं, जानें.
16 परीक्षाओं को किया गया स्थगित
राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) ने साल 2018 में अपनी स्थापना के बाद से अब तक कम से कम 16 परीक्षाओं को स्थगित किया है. शिक्षा मंत्रालय ने साल 2024 में लोकसभा में यह जानकारी दी थी. उस समय शिक्षा राज्य मंत्री सुकांत मजूमदार ने डीएमके सांसद कनिमोझी करुणानिधि के सवाल के लिखित जवाब में बताया था कि NTA ने अब तक 240 से अधिक परीक्षाओं का सफल आयोजन किया है, जिनमें 5.4 करोड़ से ज्यादा छात्र शामिल हुए.
मंत्री ने कहा था कि NTA द्वारा आयोजित कई परीक्षाएं कई विषयों, कई शिफ्टों और कई दिनों तक चलती हैं. ऐसे में कोविड महामारी, तकनीकी गड़बड़ियों, प्रशासनिक कारणों, कानूनी आदेशों और लॉजिस्टिक चुनौतियों के कारण कई बार तय तारीखों पर परीक्षाएं आयोजित नहीं हो सकीं.
NEET के अलावा कौन-कौन से बड़े एग्जाम करवाती है NTA? देख लीजिए पूरी लिस्ट
कौन सी परीक्षाएं स्थगित की गईं
सरकार द्वारा साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार,
- JEE Main 2020, NEET-UG 2020, JEE Main 2021 और NEET-UG 2021 जैसी परीक्षाएं कोविड महामारी के कारण स्थगित करनी पड़ी थीं.
- CSIR UGC-NET 2020, UGC-NET दिसंबर 2020, UGC-NET मई 2021 और ICAR AIEEA 2020 परीक्षाएं कोविड और लॉजिस्टिक चुनौतियों की वजह से टलीं.
- DUET 2020 परीक्षा दिल्ली विश्वविद्यालय की रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया रुकने के कारण स्थगित हुई.
- CMAT 2021 परीक्षा AICTE द्वारा परीक्षा पैटर्न में बदलाव के कारण टाली गई.
- All India Ayush Post Graduate Entrance Test (AIAPGET) 2021 और Joint Integrated Programme in Management Admission Test (JIPMAT) 2021 भी कोविड महामारी के चलते स्थगित करनी पड़ीं.
- साल 2022 में IGNOU PhD Entrance परीक्षा प्रशासनिक कारणों से टली.
- 2023 में Graduate Aptitude Test Biotechnology (GAT-B) परीक्षा को क्षेत्रीय बायोटेक्नोलॉजी केंद्रों से सलाह के बाद स्थगित किया गया.
- वहीं 2024 में National Common Entrance Test (NCET) परीक्षा तकनीकी कारणों और CSIR-NET परीक्षा लॉजिस्टिक कारणों से टालनी पड़ी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं