विज्ञापन

नोएडा एयरपोर्ट पर कैसे मिलेगी दुकान? जानिए आम कारोबारी के लिए क्या हैं रास्ते

अगर कोई कारोबारी एयरपोर्ट पर व्यवसाय के मौके तलाश रहा है, तो उसे एयरपोर्ट की ऑफिशियल टेंडर वेबसाइट पर नजर रखनी चाहिए. यहां समय-समय पर कमर्शियल कामों और दूसरे लाइसेंस से जुड़े टेंडर जारी किए जाते हैं.

नोएडा एयरपोर्ट पर कैसे मिलेगी दुकान? जानिए आम कारोबारी के लिए क्या हैं रास्ते

Noida Airport Shop Opening Process : नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के शुरू होने के साथ ही कारोबार से जुड़े लोगों की नजर अब वहां मिलने वाले नए मौकों पर है. कई लोग जानना चाहते हैं कि क्या एयरपोर्ट के अंदर दुकान, कैफे या कोई दूसरा कारोबार शुरू किया जा सकता है. क्या कोई भी व्यक्ति आवेदन करके दुकान ले सकता है, या इसके लिए अलग प्रोसेस होती है? दरअसल एयरपोर्ट के भीतर कमर्शियल स्पेस का आवंटन मॉल या बाजार की तरह नहीं होता. यहां टेंडर, लाइसेंस और कन्सेशन मॉडल के जरिए कारोबार के मौके दिए जाते हैं. ऐसे में अगर आप भी नोएडा एयरपोर्ट पर कारोबार शुरू करने की सोच रहे हैं, तो पहले यह समझना जरूरी है कि वहां दुकानें और दूसरी कमर्शियल स्पेस किस तरह दी जाती हैं. 

क्या कोई भी व्यक्ति सीधे दुकान ले सकता है?

नोएडा एयरपोर्ट ने रिटेल और ड्यूटी-फ्री कारोबार का जिम्मा दो बड़ी कंपनियों को सौंपा है. इनमें एक इंटरनेशनल एयरपोर्ट रिटेल कंपनी Heinemann Asia Pacific और भारतीय कंपनी BWC Forwarders शामिल हैं. यानी एयरपोर्ट के अंदर की बड़ी रिटेल स्पेस सीधे किसी व्यक्ति को नहीं दी जा रही हैं, बल्कि चुनी गई कंपनियों के जरिए उनका संचालन होगा. इसके अलावा फूड और लाउंज से जुड़ी कई सेवाओं के लिए भी एयरपोर्ट अलग-अलग पार्टनर्स के साथ काम कर रहा है. इससे साफ है कि एयरपोर्ट के भीतर कारोबार का मॉडल बड़े ऑपरेटर्स और कन्सेशन पार्टनर्स के जरिए चलाया जा रहा है.

फिर आम कारोबारी के लिए रास्ता क्या है?

अगर कोई कारोबारी एयरपोर्ट से जुड़े मौके तलाशना चाहता है, तो उसे एयरपोर्ट की ऑफिशियल टेंडर वेबसाइट पर नजर रखनी होगी. यहां समय-समय पर होटल, मेंटेनेंस, सर्विस, कमर्शियल फैसिलिटी और दूसरे लाइसेंस से जुड़े टेंडर जारी किए जाते हैं. यानी एयरपोर्ट में कारोबार का रास्ता सीधे दुकान मांगने से नहीं, बल्कि टेंडर और लाइसेंस की प्रक्रिया से होकर गुजरता है.

नोएडा एयरपोर्ट की ऑफिशियल वेबसाइट के मुताबिक यात्रियों के लिए ट्रैवल एक्सेसरीज, स्नैक्स, फैशन और गिफ्ट्स जैसी कई तरह की रिटेल सुविधाएं तैयार की गई हैं. वहीं दूसरी ओर एयरपोर्ट के लिए ऐसे डिजिटल सिस्टम भी लगाए जा रहे हैं, जो बड़ी संख्या में रिटेल काउंटरों की बिक्री पर नजर रख सकें. इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि एयरपोर्ट के भीतर रिटेल कारोबार का दायरा काफी बड़ा होने वाला है.

क्या आगे और मौके आ सकते हैं?

एयरपोर्ट से जुड़े कई कमर्शियल प्रोजेक्ट लगातार आगे बढ़ रहे हैं. हाल के महीनों में होटल, विमानों की मरम्मत और सर्विसिंग से जुड़ी सुविधाओं समेत कई कमर्शियल प्रोजेक्ट्स के लिए टेंडर जारी किए गए हैं. जैसे-जैसे एयरपोर्ट का विस्तार होगा और यात्रियों की संख्या बढ़ेगी, वैसे-वैसे नए कारोबार के मौके भी सामने आ सकते हैं. अगर आप यह सोच रहे हैं कि नोएडा एयरपोर्ट जाकर सीधे एक दुकान किराये पर ले सकते हैं, तो फिलहाल तस्वीर वैसी नहीं दिखती. एयरपोर्ट के भीतर की ज्यादातर रिटेल और फूड स्पेस कन्सेशन मॉडल के तहत कंपनियों को दी गई हैं. ऐसे में कारोबार का मौका तलाशने वालों के लिए सबसे भरोसेमंद रास्ता टेंडर और लाइसेंस प्रोसेस पर नजर रखना है.

यह भी पढ़ें- क्या NDA कैडेट्स को ट्रेनिंग के दौरान भी मिलती है Salary? जानें हर महीने हाथ में आते हैं कितने रुपये

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Jewar Airport, Noida Airport Retail Shops
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com