विज्ञापन

रेडियोलॉजी नहीं, इस कोर्स में है डॉक्टरों की सबसे ज्यादा दिलचस्पी; NEET PG काउंसलिंग में दिखा ट्रेंड

NEET PG Top Course: नीट पीजी काउंसलिंग के पहले राउंड का रिजल्ट आ चुका है, जिसमें ज्यादातर उम्मीदवारों ने जनरल मेडिसिन को चुना है. इस बार रेडियोलॉजी को लेकर उतना क्रेज नहीं दिख रहा है.

रेडियोलॉजी नहीं, इस कोर्स में है डॉक्टरों की सबसे ज्यादा दिलचस्पी; NEET PG काउंसलिंग में दिखा ट्रेंड
युवा डॉक्टरों में जनरल मेडिसिन का ज्यादा क्रेज

NEET-PG काउंसलिंग में देशभर के युवा डॉक्टर शामिल हो रहे हैं और पीजी कोर्स में एडमिशन की रेस लगातार जारी है. इसी बीच राउंड-1 के नतीजों से एक दिलचस्प ट्रेंड सामने आया है, जो मेडिकल की दुनिया के लिए काफी जरूरी है. दरअसल इस साल नीट पीजी के टॉपर्स की पहली पसंद जनरल मेडिसिन रही, जिसने अब तक डॉमिनेट करने वाले कोर्स रेडियोलॉजी को पीछे छोड़ दिया है. आगे के राउंड में भी अगर यही ट्रेंड दिखा तो ये काफी हैरान करने वाला होगा. आइए जानते हैं कि पहले राउंड की काउंसलिंग के आंकड़े क्या कहते हैं. 

जनरल मेडिसिन बना पहली पसंद

NEET-PG 2026 के पहले राउंड की सीट अलॉटमेंट के आंकड़ों से पता चलता है कि इस बार टॉपर्स ने जनरल मेडिसिन को ज्यादा चुना है.  पहले 100 रैंक वाले छात्रों में से 51 छात्रों ने जनरल मेडिसिन को चुना, जबकि 28 छात्रों ने रेडियोलॉजी में पीजी करने के लिए अपनी चॉइस फिलिंग की. कुल टॉप 501 सीटों में से 233 सीटें जनरल मेडिसिन में अलॉट हुई हैं. वहीं बाकी 149 सीटें रेडियोलॉजी को मिलीं. 

क्या होता है जनरल मेडिसिन?

अब ये समझ लेते हैं कि ये जनरल मेडिसिन क्या होता है. दरअसल MBBS करने के बाद पीजी कोर्स किया जाता है, जिसमें डॉक्टर अपनी स्पेशिलिटी के हिसाब से कोर्स चुनते हैं. यानी अगर आपको स्किन का डॉक्टर बनना है तो डर्मेटोलॉजी चुनेंगे, वहीं रेडियोलॉजिस्ट बनना है तो रेडियोलॉजी में पीजी करेंगे. इसी तरह जिन्हें फिजिशियन बनना होता है, वो लोग जनरल मेडिसिन चुनते हैं. युवा डॉक्टर इसे ज्यादा इसलिए चुनते हैं, क्योंकि वो इसके बाद सुपर-स्पेशलाइजेशन का विकल्प भी बरकरार रखना चाहते हैं. 

जनरल मेडिसिन के बाद डॉक्टरों का मरीजों के साथ सीधे संबंध बनता है और उनका पूरा दिन इन्हीं के बीच गुजरता है. कोविड जैसी महामारी के दौरान ऐसे डॉक्टरों ने शानदार काम किया और इस फील्ड को लेकर दिलचस्पी और ज्यादा बढ़ी. इसकी दूसरी वजह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई को भी माना जा रहा है, जिसमें रेडियोलॉजी को लेकर डॉक्टरों के मन में सवाल हैं और वो रिस्क नहीं लेना चाहते हैं. 

76 प्रतिशत टॉप सीटें फुल

नीट पीजी के पहले राउंड की काउंसलिंग में ही कुल टॉप सीटों का 76 प्रतिशत कोटा पूरा हो चुका है. इसके बाद दूसरे राउंड में बाकी उम्मीदवारों को बची हुई सीटों पर दावेदारी का मौका मिलेगा. जनरल मेडिसिन और रेडियोलॉजी के अलावा डर्मेटोलॉजी, पीडियाट्रिक्स और जनरल सर्जरी जैसे पीजी कोर्स भी काफी डिमांड में रहते हैं. आमतौर पर इन कोर्सेस की ज्यादातर सीटें भी दूसरे राउंड तक फुल हो जाती हैं. 

यह भी पढ़ें | NEET PG Round 1 Result जारी, काउंसलिंग और रिपोर्टिंग के नियमों में हुए 6 बड़े बदलाव, देखें नया शेड्यूल

यह भी पढ़ें | UGC NET के लिए आवेदन की आखिरी तारीख अब 31 अक्टूबर, NTA ने बढ़ाई डेडलाइन

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
NEET PG Top Course, NEET PG Counselling, NEET PG Counselling 2026, General Medicine Postgraduate
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com