विज्ञापन

महाराष्ट्र में ड्रग इंस्पेक्टर के पेपर लीक का दावा, MPSC ने दिया जवाब

MPSC Drug Inspector Exam: पेपर लीक की शिकायत महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग को की गई है. शिकायतकर्ताओं का दावा है कि पेपर से ठीक दो दिन पहले ही व्हॉट्सऐप पर पेपर लीक हो गया था. हालांकि आयोग ने इस दावे को खारिज कर दिया है.

महाराष्ट्र में ड्रग इंस्पेक्टर के पेपर लीक का दावा, MPSC ने दिया जवाब
महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग की परीक्षा लीक होने का दावा

NEET पेपर लीक के बाद देशभर में कई एग्जाम्स के पेपर लीक की खबरें सामने आ रही हैं. हाल ही में उत्तराखंड टेक्निकल यूनिवर्सिटी में हुए पेपर लीक के बाद अब महाराष्ट्र में ड्रग इंस्पेक्टर की परीक्षा का पेपर लीक होने का दावा किया गया है. MPSC ड्रग इंस्पेक्टर पेपर को लेकर एक RTI एक्टिविस्ट आजम शेख को कुछ छात्रों ने शिकायत की थी, जिसके बाद आयोग से संपर्क किया गया. हालांकि आयोग ने पेपर लीक की बात मानने से इनकार कर दिया है. इस मामले को लेकर अब विपक्ष सरकार को घेर रहा है. 

विपक्ष ने की जांच की मांग

दावा है कि 22 मार्च की परीक्षा के 78 सवाल 20 मार्च को ही WhatsApp ग्रुप पर भेज दिए गए थे. MPSC ड्रग इंस्पेक्टर पेपर लीक के आरोपों पर NCP(SP) नेता महबूब शेख ने निष्पक्ष जांच की मांग की है, उनका कहना है कि ये छात्रों के भविष्य का सवाल है. देशभर में चर्चित नीट पेपर लीक मामले के बाद अब महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग MPSC की तरफ से आयोजित ड्रग इंस्पेक्टर भर्ती प्रक्रिया पर सवाल खड़े हो गए हैं. वहीं MPSC ने पेपर लीक के दावों को खारिज करते हुए कहा है कि जांच के बाद अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी. 

क्या लगाए गए हैं आरोप?

भर्ती प्रक्रिया में धांधली का आरोप लगाते हुए दो उम्मीदवारों ने सबूतों के साथ महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग और खाद्य एवं औषधि प्रशासन FDA विभाग में लिखित शिकायत दर्ज कराई है. शिकायतकर्ताओं ने इस पूरी भर्ती प्रक्रिया की निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की है. शिकायतकर्ताओं के अनुसार, 22 मार्च 2026 को हुई औषधि निरीक्षक भर्ती परीक्षा से पहले ही कुछ प्रश्न और उनके उत्तर व्हाट्सएप पर वायरल हो गए थे. साथ ही कुछ उम्मीदवारों के अंक संदिग्ध रूप से बढ़ने का भी आरोप लगाया गया है. 

शिकायतकर्ताओं का दावा है कि मार्कशीट और अंतिम चयन में भी कई गड़बड़ियां हैं. इस मामले में संबंधित व्हाट्सएप चैट, कॉल रिकॉर्ड और अन्य डिजिटल सबूतों की फोरेंसिक जांच कराने, साथ ही पूरी भर्ती प्रक्रिया की स्वतंत्र जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की गई है. इस बीच, महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग MPSC ने इस मामले पर कहा है कि भर्ती प्रक्रिया अभी पूरी नहीं हुई है, साथ ही शिकायतों की जांच की बात कही गई है. 

रोहित पवार करेंगे प्रेस कॉन्फ्रेंस

इस पूरे मामले में अब राजनीतिक सरगर्मी भी तेज हो गई है. राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार गुट) के विधायक रोहित पवार ने इस मुद्दे पर एक बड़ा दावा किया है और प्रेस कॉन्फ्रेंस की बात कही है. इस बीच, राष्ट्रवादी युवक कांग्रेस (शरदचंद्र पवार गुट) के प्रदेश अध्यक्ष महबूब शेख ने X पर इस मामले को लेकर पोस्ट करते हुए कहा है कि, "MPSC औषधि निरीक्षक परीक्षा केवल एक पेपर का सवाल नहीं है, बल्कि यह हजारों छात्रों के भविष्य का सवाल है. आज MPSC औषधि निरीक्षक परीक्षा को लेकर बेहद गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. परीक्षा से पहले ही कुछ उम्मीदवारों के पास प्रश्न पत्र उपलब्ध होने की बात सामने आ रही है. अगर यह सच है, तो यह केवल पेपर लीक का मामला नहीं है, बल्कि पूरी परीक्षा प्रणाली पर विश्वास को झकझोरने वाली घटना है."

ये भी पढ़ें - Gen-Z की उम्मीदें और एजुकेशन रिफॉर्म, प्रह्लाद जोशी और नीलेकणी के सामने हैं ये पांच बड़ी चुनौतियां

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Mpsc Exam, Paper Leak, Maharashtra Paper Leak News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com