विवादों में चल रहे कर्नाटक लोक सेवा आयोग (KPSC) की तरफ से आने वाली 15 नवंबर को राज्य के 319 गजेटेड प्रोबेशनर पदों के लिए प्रारंभिक परीक्षा होनी है. पेपर लीक और घोटालों के पुराने मामलों को देखते हुए, मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने सभी जिलों के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि इस बार परीक्षा बिल्कुल वैसे ही कराई जाए जैसे विधानसभा या लोकसभा के चुनाव कराए जाते हैं. इसके लिए तमाम कर्मचारियों को ट्रेनिंग देने के निर्देश दिए गए हैं.
क्यों बरती जा रही है इतनी सख्ती?
हाल ही में KPSC के जरिए हुई पशु चिकित्सा अधिकारियों की भर्ती में बड़ा घोटाला सामने आया था. आरोप था कि पैसे लेकर पेपर लीक किए गए, ओएमआर शीट से छेड़छाड़ हुई और हर सीट के लिए 20 लाख से 80 लाख रुपये तक की रिश्वत ली गई. इस मामले में आयोग के पूर्व अध्यक्ष, पूर्व परीक्षा नियंत्रक, एक सदस्य और एक नेता को गिरफ्तार करके जेल भी भेजा जा चुका है. इसके अलावा आयोग की 13 अन्य भर्तियों पर भी गड़बड़ी का शक है. यही वजह है कि सरकार इस बार कोई जोखिम नहीं लेना चाहती.
मुख्यमंत्री की अफसरों के साथ बैठक
मुख्यमंत्री शिवकुमार ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सभी जिलों के डीएम (DC) और एसपी (SP) के साथ बैठक करके पूरी तैयारी का जायजा लिया. उन्होंने साफ कहा कि परीक्षा पूरी ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ होनी चाहिए ताकि किसी पर उंगली न उठे.
सीसीटीवी और मोबाइल पर बैन
हर परीक्षा केंद्र पर सीसीटीवी से कड़ी नजर रखी जाएगी. किसी भी हाल में छात्रों को अंदर मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति नहीं होगी. अगर कोई ढिलाई बरती गई, तो बड़े अधिकारियों पर गाज गिरेगी. नकल या फर्जीवाड़ा रोकने के लिए इस बार हर परीक्षा हॉल में दो इनविजिलेटर रहेंगे, जिनमें से कम से कम एक का सरकारी कॉलेज से होना जरूरी है. ये हॉल के अंदर भी छात्रों की दोबारा चेकिंग करेंगे.
प्राइवेट कॉलेजों को भी चेतावनी
सीएम ने साफ कह दिया है कि अगर किसी प्राइवेट कॉलेज या संस्थान के सेंटर पर गड़बड़ी पकड़ी गई, तो उस कॉलेज की मान्यता हमेशा के लिए रद्द कर दी जाएगी और दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई होगी. सोशल मीडिया पर परीक्षा को लेकर फर्जी खबरें या अफवाह फैलाने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा. पुलिस को इस पर पैनी नजर रखने को कहा गया है. सरकार ने छात्रों और मीडिया से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें, सिर्फ आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करें और पूरी तैयारी के साथ आत्मविश्वास के साथ परीक्षा देने जाएं.
यह भी पढ़ें | UPSC ने जारी किया इंजीनियरिंग सर्विसेज एग्जाम का शेड्यूल, इस दिन होगी प्रीलिम्स और मेंस परीक्षा
यह भी पढ़ें | UPSC की तैयारी में सबसे बड़ी गलती क्या करते हैं एस्पिरेंट्स? मेन्स क्रैक करने वाले PCS अफसर ने दिया जवाब
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं