विज्ञापन

कर्नाटक पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा में जमकर हंगामा, OMR शीट को लेकर फैली थी अफवाह

Karnataka Police Constable Exam 2026: कर्नाटक पुलिस में कांस्टेबल के सैकड़ों पदों के लिए भर्ती परीक्षा का आयोजन हुआ, इस दौरान एक परीक्षा केंद्र पर अचानक कुछ अभ्यर्थियों ने हंगामा शुरू कर दिया. बाद में पुलिस को पूरा मामला संभालना पड़ा.

कर्नाटक पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा में जमकर हंगामा, OMR शीट को लेकर फैली थी अफवाह
कर्नाटक पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा के दौरान हंगामा

कर्नाटक में पुलिस कांस्टेबल परीक्षा के बाद अब बवाल शुरू हो चुका है. कई अभ्यर्थी प्रदर्शन कर रहे हैं और दोबारा एग्जाम करवाने की मांग भी उठ रही है. ये सब कर्नाटक के बीजापुर (विजयपुर) जिले के टिकोटा कस्बे में स्थित श्री शारदांबा पीयू कॉलेज परीक्षा केंद्र से शुरू हुआ, जहां अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि क्वेश्चन पेपर और OMR शीट के सीरियल नंबर अलग-अलग हैं. विवाद के बाद कई छात्र बीच में परीक्षा छोड़कर बाहर आ गए और हंगामा शुरू हो गया. कर्नाटक परीक्षा प्राधिकरण (KEA) की तरफ से भी इसे लेकर सफाई दी गई है. 

पुलिस कांस्टेबल के लिए हुई भर्ती परीक्षा 

कर्नाटक पुलिस में कांस्टेबल के कुल 1,453 पदों के लिए भर्ती आयोजित की गई थी. पुरुष और महिला सिविल पुलिस कांस्टेबल पदों के लिए लाखों अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था. इसके लिए पूरी व्यवस्था की गई थी और तमाम केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था भी थी. हालांकि एक अफवाह ने पूरा माहौल बिगाड़ दिया और अब तमाम अभ्यर्थी परीक्षा पर सवाल उठा रहे हैं. 

ऐसे शुरू हुआ हंगामा

अधिकारियों के मुताबिक सुबह 9:30 बजे शुरू होने वाली परीक्षा के लिए प्रश्न पत्र समय पर केंद्र पहुंच गए थे और KEA के नियमों के अनुसार इन्हें बांटा गया. इसके बाद OMR शीट्स अभ्यर्थियों को दी गईं. इसी दौरान कुछ अभ्यर्थियों ने आपत्ति जताई कि उनकी OMR शीट का नंबर प्रश्न पत्र के नंबर से मैच नहीं हो रहा है. कई बार समझाने के बाद वो नहीं माने और उन्होंने परीक्षा देने से इनकार कर दिया. 

विरोध जताने वाले अभ्यर्थियों को सुपरवाइजर और सेंटर हेड ने समझाया कि KEA के नियमों के मुताबिक OMR शीट और प्रश्न पत्र का नंबर एक समान होना जरूरी नहीं है, लेकिन वो नहीं माने और परीक्षा केंद्र के बाहर हंगामा करने लगे. बाद में पुलिस ने मामले को संभाला और हंगामा कर रहे लोगों को वहां से खदेड़ने का काम किया. इस दौरान परीक्षा केंद्र में बाकी अभ्यर्थी परीक्षा देते रहे, हंगामे के चलते हुई देरी के चलते उन्हें अतिरिक्त समय भी दिया गया. 

कर्नाटक परीक्षा प्राधिकरण ने क्या कहा?

इस पूरे मामले को लेकर कर्नाटक परीक्षा प्राधिकरण (KEA) ने बताया कि पुलिस विभाग में 1,453 पुरुष और महिला सिविल पुलिस कांस्टेबल के खाली पदों पर भर्ती के लिए 02-08-2026 को राज्य के सभी जिलों में लिखित परीक्षा आयोजित की थी. परीक्षा के दौरान यह देखा गया कि सोशल मीडिया पर फैली एक झूठी खबर के कारण कुछ उम्मीदवार भ्रमित हो गए. सोशल मीडिया पर यह गलत दावा किया जा रहा था कि OMR शीट नंबर और प्रश्न पत्र नंबर का एक जैसा होना जरूरी है.

इस बारे में KEA ने स्पष्ट किया है कि किसी भी आधिकारिक नोटिफिकेशन या फिर निर्देशों में ये कहीं भी नहीं कहा गया था कि OMR नंबर और प्रश्न पत्र का नंबर एक जैसा होना चाहिए. OMR शीट में केवल प्रश्न पत्र का सीरीज कोड और वर्जन कोड भरने का प्रावधान है. OMR नंबर और प्रश्न पत्र नंबर के आपस में मैच करने का ऐसा कोई नियम नहीं है. इसलिए, आम जनता से अनुरोध है कि वे सोशल मीडिया पर इसे लेकर कोई भी झूठी और भ्रामक खबरें न फैलाएं.

ये भी पढ़ें - रांची में 9 दिन से डटे अभ्यर्थी, JPSC और JSSC भर्ती विवाद पर सरकार से मांग रहे जवाब

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Karnataka Police Constable Recruitment, Karnataka Police Constable Posts, Police Constable Exam
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com