- IIT दिल्ली, QS वर्ल्ड रैंकिंग्स 2027 में भारत की यूनिवर्सिटीज में टॉप पर बनी हुई है
- QS क्वाक्वेरेली साइमंड्स ने गुरुवार को ताजा रैंकिंग जारी की, इसमें भारत की 52 यूनिवर्सिटीज शामिल हैं
- दिल्ली यूनिवर्सिटी (DU), JNU, जामिया मिलिया ने भी अपना दबदबा बनाए रखा है
दुनिया की टॉप यूनिवर्सिटीज में IIT दिल्ली, JNU और दिल्ली विश्वविद्यालय का जलवा देखने को मिला है. QS वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग्स 2027 ने अपनी नई रैंकिंग जारी की है. इसमें भारत की यूनिवर्सिटीज में IIT दिल्ली टॉप पर बना हुआ है. IIT दिल्ली ने देश की सबसे ऊंची रैंकिंग वाली यूनिवर्सिटी के तौर पर अपनी जगह बरकरार रखी है. ग्लोबल लेवल पर यह 118वें नंबर पर है. आईआईटी दिल्ली को मिली रैंकिंग इस प्रतिष्ठित ग्लोबल इंडेक्स में किसी भारतीय इंस्टीट्यूट द्वारा हासिल की गई अब तक की सबसे अच्छी रैंकिंग के बराबर है.
QS वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग्स 2027 में भारत के 52 संस्थान
QS क्वाक्वेरेली साइमंड्स ने गुरुवार को ताजा रैंकिंग जारी की. इसमें भारत की 52 यूनिवर्सिटीज को जगह दी गई है. जिसके बाद भारत दुनिया का पांचवां सबसे ज्यादा प्रतिनिधित्व वाला हायर एजुकेशन सिस्टम बन गया है. साल 2017 के बाद से भारत का प्रतिनिधित्व 271 प्रतिशत बढ़ा है. वहीं इंस्टीट्यूटस की संख्या 14 से बढ़कर 52 हो गई है.
| टॉप-10 यूनिवर्सिटी | देश |
| एमआईटी | अमेरिका |
| स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी | यूके |
| इंपीरियल कॉलेज लंदन | यूके |
| ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी | यूके |
| हार्वर्ड यूनिवर्सिटी | अमेरिका |
| कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी | यूके |
| कैलिफोर्निया इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी | अमेरिका |
| यूसीएल | यूके |
| ETH ज्यूरिख | स्विट्जरलैंड |
| नेशनल यूनिवर्सिटी ऑफ सिंगापुर | सिंगापुर |
हायर एजुकेशन के क्षेत्र में दुनियाभर में भारत का जलवा
QS वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग्स 2027 में भारत को हायर एजुकेशन के क्षेत्र को बड़ी बढ़त हासिल हुई है. देश की रैंकिंग में शामिल आधी से ज्यादा यूनिवर्सिटीज ने अपनी ग्लोबल रैंकिंग में सुधार किया है. इस रैंकिंग में भारत के 52 संस्थानों को जगह मिली है. बता दें कि रैंकिंग में IIT दिल्ली पिछले साल 123वें नंबर पर था. लेकिन इस साल उसने 118वीं रैंक हासिल की है, जो बड़ी उपलब्धि है. वह इस ताजा रैंकिंग में सबसे ऊंची रैंक वाला इंडियन इंस्टीट्यूट बन गया है.
IIT दिल्ली रैंकिंग में टॉप पर
IIT दिल्ली का जलवा इसलिए माना जा रहा है क्यों कि उसको जो रैंकिंग मिली है वह QS रैंकिंग के इतिहास में किसी भारतीय संस्थान को मिली अब तक की सर्वोच्च रैंकिंग के बराबर है. QS वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग्स 2027 में दिल्ली के दूसरे बड़े संस्थानों के लिए भी खुशखबरी है. दिल्ली यूनिवर्सिटी (DU), JNU, जामिया मिलिया ने भी अपना दबदबा बनाए रखा है. DU ने पिछले साल की 328वीं रैंक से ऊपर उठकर 322वीं रैंक हासिल की है.
वहीं जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी (JNU) की रैंकिंग में भी सुधार हुआ है. वह पिछले साल 558वें नंबर पर थी लेकिन अब सुधार करते हुए ग्लोबल लेवल पर 555वें नंबर पर पहुंच गई है. JNU को QS वर्ल्ड रैंकिंग में भारतीय संस्थानों में 15वीं रेंकिंग मिली है.
DU और जामिया की ग्लोबल पहचान बढ़ी
बात अगर साउथ दिल्ली की जामिया मिलिया इस्लामिया की करें तो वह भी सबसे ज्यादा तरक्की करने वाले संस्थानों में शामिल है. जामिया ने 761-770 वाले बैंड से छलांग लगाकर ग्लोबल लेवल पर 686वीं रैंक हासिल कर अपने एकेडमिक रुतबे को बढ़ाया है. भारतीय संस्थानों में जामिया को 20वीं रैंक मिली है.
IIT-दिल्ली, DU, JNU और जामिया का डंका
QS वर्ल्ड यूनिवर्सिटी की ताजा रैंकिंग भारतीय हायर एजुकेशन के लिए बहुत ही पॉजिटिव ट्रेंड का संकेत दे रही है. देशभर की यूनिवर्सिटीज ग्लोबल स्तर पर भी अपनी पहचान बनाने में कामयाब हो रही हैं. यह भारत को खुद को ग्लोबल एजुकेशन हब के तौर पर स्थापित करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है. IIT-दिल्ली, DU, JNU और जामिया मिलिया इस्लामिया जैसे संस्थानों का प्रदर्शन दुनिया देख रही है.
ये भी पढ़ें-UP बीएड प्रवेश परीक्षा में अलीगढ़ की वंदना ने हासिल किया पहला स्थान, टॉप 10 में 6 लड़कियों ने बनाई जगह
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं