Genetic Counsellor: अगर आपको कोई ऐसा प्रोफेशन मिले, जिसमें डॉक्टरों की तरह लोगों की मदद भी हो और बीमारी होने से पहले ही उसके खतरे का पता लगाने का मौका भी, तो कैसा लगेगा? हेल्थकेयर की दुनिया में इन दिनों एक ऐसा ही करियर तेजी से युवाओं का फेवरेट बन रहा है. इस प्रोफेशन में एक्सपर्ट्स डीएनए और परिवार की मेडिकल हिस्ट्री की मदद से ये अंदाजा लगाते हैं कि भविष्य में किसी गंभीर बीमारी का खतरा कितना हो सकता है. यही वजह है कि बदलती मेडिकल टेक्नोलॉजी के दौर में इस फील्ड की मांग लगातार बढ़ती जा रही है और युवा भी इसे करियर के तौर पर अपनाने लगे हैं.
कौन सा है ये करियर?
इस प्रोफेशन को जेनेटिक काउंसलर कहा जाता है. इनका काम सिर्फ टेस्ट रिपोर्ट देखना नहीं, बल्कि बीमारी का जोखिम समझना और लोगों को सही समय पर सही सलाह देना भी होता है. जेनेटिक काउंसलर मरीज की फैमिली मेडिकल हिस्ट्री, डीएनए रिपोर्ट और दूसरी जेनेटिक जांच का एनालिसिस करते हैं. इसके बेसिस पर वो बताते हैं कि किसी व्यक्ति या उसकी आने वाली पीढ़ी को थैलेसीमिया, सिस्टिक फाइब्रोसिस, ब्रेस्ट कैंसर जैसी हैरिडिटरी बीमारियों का खतरा कितना है.
अगर जोखिम ज्यादा हो, तो ये समय रहते जरूरी टेस्ट, लाइफस्टाइल में बदलाव और बचाव के तरीके भी सुझाते हैं. आसान शब्दों में कहें तो इनका मकसद बीमारी होने के बाद इलाज करना नहीं, बल्कि उससे पहले ही लोगों को अलर्ट करना होता है.
क्यों बढ़ रही है इस करियर की डिमांड?
आज हेल्थकेयर सेक्टर तेजी से प्रिवेंटिव हेल्थकेयर और पर्सनलाइज्ड मेडिसिन की ओर बढ़ रहा है. यानी इलाज से ज्यादा जोर इस बात पर है कि बीमारी को पहले ही पहचान लिया जाए. यही वजह है कि जेनेटिक काउंसलर्स की जरूरत लगातार बढ़ रही है. इनके लिए बड़े अस्पताल, मल्टी स्पेशलिटी क्लीनिक, आईवीएफ और मैटरनिटी सेंटर, कैंसर रिसर्च सेंटर, डायग्नोस्टिक लैब और बायोटेक कंपनियों में अच्छे अवसर मौजूद हैं.
इस फील्ड में आने के लिए जेनेटिक्स, लाइफ साइंस, बायोटेक्नोलॉजी या नर्सिंग में बीएससी करने के बाद एमएससी इन जेनेटिक काउंसलिंग की जाती है. देश के कई बड़े संस्थान, जैसे एम्स (AIIMS) और टाटा मेमोरियल सेंटर, इससे जुड़े कोर्स और ट्रेनिंग कराते हैं.
ये भी पढ़ें - NEET UG 2026: देशभर में बढ़ी 9,911 MBBS सीटें, जानें बिहार से UP तक किस राज्य में अब कितनी सीट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं