विज्ञापन

शॉपिंग बडी से लेकर गाय चराने और दुखड़ा सुनने तक...खूब चर्चा में आईं ये गजब की नौकरियां

आजकल सोशल मीडिया पर ऐसी-ऐसी अनोखी और चौंकाने वाली नौकरियां चर्चा में हैं. जिन्हें जानकार आपका भी माथा हिल जाएगा. कहीं गाय चराने की सैलरी मिल रही है, तो कहीं शॉपिंग में हेल्प करने की जॉब निकली है. एक शख्स तो लोगों के दुखड़े सुनकर ही कमाई कर रहा है.

शॉपिंग बडी से लेकर गाय चराने और दुखड़ा सुनने तक...खूब चर्चा में आईं ये गजब की नौकरियां
राजस्थान सरकार की एक नई योजना इन दिनों ग्रामीण इलाकों में खूब सुर्खियां बटोर रही है.

Unique Jobs in India: आपके लिए नौकरी का मतलब सिर्फ कंप्यूटर-लैपटॉप के सामने बैठना या ऑफिस आना-जाना होगा, लेकिन पिछले कुछ समय से ऐसी-ऐसी नौकरियां चर्चा में हैं, लोगों ने ऐसे-ऐसे स्टार्टअप और अनोखे काम शुरू किए हैं, जिनके बारे में जानकर आपका सिर चकरा जाएगा. इस समय इंटरनेट और सोशल मीडिया पर कुछ ऐसी ही अनोखी नौकरियों (Unusual Jobs) की खूब चर्चा हो रही है. कोई आपके भारी-भरकम शॉपिंग बैग उठाने के पैसे ले रहा है, तो कोई आपका अकेलापन दूर करने के लिए आपका दुखड़ा सुन रहा है. एक जगह तो ऐसी भी है, जहां सिर्फ गाय चराने की ही सैलरी मिलती है. आइए जानते हैं भारत की इन सबसे हटके और गजब की नौकरियों के बारे में, जो आजकल टॉक ऑफ द टाउन बनी हुई हैं.

शॉपिंग बडी: आप शॉपिंग कीजिए, सामान हम उठाएंगे

क्या आपके साथ कभी ऐसा हुआ है कि आप दिल्ली के लाजपत नगर जैसे बड़े और भीड़भाड़ वाले बाजार में शॉपिंग करने गए हों और कुछ ही देर में भारी-भरकम बैग्स के बोझ से आपकी हालत खराब हो गई हो. इसी परेशानी का हल एक नए डिजिटल स्टार्टअप नेनिकाला है, जिसका नाम CarryMen है. इसे आप शॉपिंग बडी या पर्सनल हेल्पर कह सकते हैं. यह हेल्पर मार्केट में आपके साथ घूमेगा. इसके लिए आपको महज 149 रुपए प्रति घंटा देना होगा. आप अपनी जरूरत के हिसाब से 2, 3 या 4 घंटे का पैकेज ले सकते हैं. यह हेल्पर आपके भारी-भरकम बैग और सामान को उठाएगा, बिलिंग काउंटर या खाने-पीने की लंबी लाइनों में आपकी जगह खड़ा रहेगा, भीड़ में आपके बैठने के लिए जगह तलाशेगा और आपको पार्किंग या नजदीकी मेट्रो गेट तक सुरक्षित रास्ता दिखाने में मदद करेगा.

दुखड़ा सुनने की नौकरी, रोने के लगेंगे 1000 रुपए

आज की इस डिजिटल दुनिया में भले ही हमारे पास फेसबुक और इंस्टाग्राम पर हजारों दोस्त हों, लेकिन असल जिंदगी में लोग अकेलेपन (Loneliness) का शिकार हो रहे हैं. मध्यप्रदेश के जबलपुर के रहने वाले अंकित राय ने इसी अकेलेपन को दूर करने का एक अनोखा और थोड़ा अजीब रास्ता निकाला है. अंकित ने शहर के एक पार्क में अपना एक बोर्ड लगाया है, जो सोशल मीडिया पर आग की तरह वायरल हो गया. उन्होंने लोगों का दुख सुनने के लिए बाकायदा एक 'रेट कार्ड' (Price List) तैयार किया है. इसमें छोटा-मोटा दुखड़ा गाने के लिए 250 रुपए, बड़ा दुख सुनाने का 500 रुपए, साथ बैठकर आंसू बहाने का 1,000 रुपए लगता है. सोशल मीडिया पर लोग इसे लेकर हैरान हैं..

गाय चराने के मिलेंगे हर महीने 10,000 रु.

राजस्थान सरकार की एक नई योजना इन दिनों ग्रामीण इलाकों में खूब सुर्खियां बटोर रही है. इस योजना का नाम 'गांव ग्वाला योजना' है. इसकी शुरुआत कोटा जिले के खेड़ली गांव से की गई है. इसका मुख्य उद्देश्य हमारी पुरानी और पारंपरिक 'गोचारण परंपरा' (गायों को चराने की प्रथा) को फिर से जिंदा करना है. चुने गए ग्वाले को सुबह-सुबह गांव के लोगों के घरों से गायों को इकट्ठा करना होगा. फिर उन्हें पूरे दिन गोचर भूमि (चरागाह) में चराना होगा और शाम को वापस सुरक्षित उनके घरों तक पहुंचाना होगा. शुरुआती तौर पर 70 गायों की देखरेख पर एक ग्वाला रखा जाएगा. इस काम के लिए उन्हें 10,000 रुपए महीना मानदेय (सैलरी) दिया जाएगा. खास बात यह है कि यह पैसा सरकार नहीं देगी, बल्कि गांव के भामाशाहों (दानदाताओं) के सहयोग से जुटाया जाएगा.

भारत में कुछ अन्य अनोखी नौकरियां

1. मुंबई के रैट कैचर यानी चूहा पकड़ने वाले की जॉब मिलती है. मुंबई जैसे बड़े शहर को बीमारियों से बचाने के लिए बीएमसी (BMC) रात के वक्त चूहे पकड़ने वाले लोगों को काम पर रखती है.

2. दिल्ली के कान साफ करने वाले भी पैसे कमा रहे हैं. पुरानी दिल्ली की गलियों में आज भी आपको अपने औजारों के साथ घूमते हुए पारंपरिक कान साफ करने वाले लोग दिख जाएंगे.

3. सुंदरवन के हनी हंटर्स यानी शहद खोजने वाले भी मिल जाते हैं. मौली समुदाय के ये लोग अपनी जान जोखिम में डालकर घने जंगलों और बंगाल टाइगर्स के बीच से जंगली मधुमक्खियों का शुद्ध शहद इकट्ठा करते हैं.

4. बिहार के फुटपाथ वाले डेंटिस्ट भी खूब पाए जाते हैं. ग्रामीण इलाकों में कुछ ऐसे लोग भी हैं जो बेहद कम पैसों में सड़क किनारे ही दांत निकालने और भरने का काम करते हैं, जो वहां के गरीबों के लिए बड़ा सहारा बताए जाते हैं.

यह भी पढ़ें- RAS Recruitment 2026: राजस्थान में 607 पदों पर आरएएस भर्ती का विज्ञापन जारी, 4 जून से शुरू होंगे आवेदन

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com