Female Toppers list : कहते हैं कि अगर आप एक लड़के को पढ़ाते हैं तो सिर्फ एक व्यक्ति शिक्षित होता है, लेकिन जब एक लड़की पढ़ती है तो पूरा खानदान संवर जाता है. साल 2026 के अब तक के जो भी परीक्षा परिणाम आए हैं, उन्हें देखकर तो यही लग रहा है कि देश की बेटियां अब रुकने वाली नहीं हैं. चाहे देश की सबसे कठिन इंजीनियरिंग परीक्षा JEE Main हो या फिर CA का रिजल्ट, हर जगह लड़कियों ने अपना परचम लहरा दिया है. चलिए जानते हैं उन 5 बेटियों के बारे में जिन्होंने अपनी कड़ी मेहनत से सफलता के झंडे गाड़ दिए हैं.
1. दीक्षा गोयल: करनाल की बेटी बनी CA टॉपर
चार्टर्ड अकाउंटेंसी (CA) की परीक्षा को दुनिया की सबसे कठिन परीक्षाओं में से एक माना जाता है. भारतीय चार्टर्ड अकाउंटेंट्स संस्थान (ICAI) द्वारा जारी CA फाइनल परीक्षा 2026 के परिणामों में हरियाणा के करनाल की रहने वाली दीक्षा गोयल ने बाजी मारी है. दीक्षा ने 600 अंकों में से 486 अंक प्राप्त करके ऑल इंडिया में पहली रैंक हासिल की है. 81% स्कोर के साथ दीक्षा आज लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई हैं.
2. अनुराधा अमोल बुधावंत: सैनिक स्कूल एंट्रेंस में किया टॉप
वहीं, महाराष्ट्र की बेटी अनुराधा अमोल बुधावंत ने अपनी छोटी सी उम्र में ही बड़ा कमाल कर दिखाया है. एनटीए (NTA) द्वारा आयोजित सैनिक स्कूल (AISSEE) क्लास 6 की प्रवेश परीक्षा 2026 में अनुराधा ने ऑल इंडिया टॉप किया है. उन्होंने कुल 300 अंकों में से 296 अंक हासिल कर पहली रैंक अपने नाम कर लिया है.
3. आशि ग्रेवाल: इंजीनियरिंग की दुनिया की 'क्वीन'
देश की सबसे बड़ी इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा JEE Main 2026 के जनवरी सेशन में हरियाणा की आशि ग्रेवाल ने जबरदस्त प्रदर्शन किया. आशि ने लड़कियों की कैटेगरी में देशभर में टॉप किया है. उनका 99.99 पर्सेंटाइल स्कोर यह साबित करता है कि लड़कियां अब मैथ्स और साइंस जैसे कठिन माने जाने वाले सब्जेक्ट्स में भी लड़कों को पीछे छोड़ रही हैं.
साल 2025 की टॉपर गर्ल
4. अविका अग्रवाल: NEET UG की चमकती सितारा
मेडिकल की पढ़ाई के लिए होने वाली परीक्षा NEET UG में दिल्ली की अविका अग्रवाल ने साल 2025 हुई परीक्षा में शानदार प्रदर्शन किया था. अविका ने 99.9996832 पर्सेंटाइल के साथ ऑल इंडिया रैंक (AIR) 5 हासिल की. खास बात यह है कि वह टॉप 10 की लिस्ट में जगह बनाने वाली इकलौती छात्रा थीं. उनकी यह सफलता फीमेल एजुकेशन के बढ़ते ग्राफ को दिखाती है.
5. स्नेहा कुमारी: बिहार बोर्ड की 'साइंस स्टार'
वहीं, बिहार बोर्ड (BSEB) इंटरमीडिएट परीक्षा 2025 के नतीजों में स्नेहा कुमारी ने पूरे राज्य को गौरवान्वित किया. साइंस स्ट्रीम में स्नेहा ने 500 में से 491 नंबर (98.2%) लाकर पहला स्थान हासिल किया.
यह भी पढ़ें- CA Final Results: करनाल की दीक्षा गोयल ने हासिल की पहली रैंक, जानें कितने आए मार्क्स
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं