Social Work Students Internship : समाज कल्याण के क्षेत्र में प्रैक्टिकल अनुभव हासिल करने के इच्छुक छात्रों को जल्द ही दिल्ली सरकार द्वारा संचालित बुजुर्गों और दिव्यांगों के संस्थानों में काम करने का अवसर मिलेगा. समाज कल्याण विभाग ने छात्रों के लिए इंटर्नशिप की डिटेल्ड गाइडलाइंस और फ्रेमवर्क जारी कर दिया है. इस इंटर्नशिप का उद्देश्य क्लास में मिले ज्ञान को वास्तविक जीवन के अनुभवों से जोड़ना और स्टूडेंट्स को समाज के कमजोर वर्गों की जरूरतों को समझने के लिए प्रेरित करना है. ऐसे में आइए जानते हैं इस इंटर्नशिप प्रोग्राम के लिए कौन अप्लाई कर सकता है, फीस क्या है और स्टाइपेंड मिलेगा या नहीं.
कौन कर सकता है अप्लाई
यह इंटर्नशिप कार्यक्रम सोशल वर्क, साइकोलॉजी, सोशियोलॉजी, नर्सिंग, लॉ और स्पेशल एजुकेशन जैसे विषयों में स्नातक (UG) और स्नातकोत्तर (PG) पाठ्यक्रमों में अध्ययनरत छात्रों के लिए शुरू किया गया है. अपने कोर्स के दूसरे या चौथे सेमेस्टर में पढ़ रहे छात्र इसके लिए आवेदन कर सकेंगे.
दो तरह की है इंटर्नशिप
स्टूडेंट्स दो प्रकार की इंटर्नशिप में से किसी एक का चयन कर सकते हैं. फील्ड-बेस्ड इंटर्नशिप के तहत वे सीधे संस्थानों में रहने वाले लोगों के साथ काम करेंगे और उनकी देखभाल, पुनर्वास और डेली रूटीन में उनका सहयोग करेंगे. वहीं रिसर्च इंटर्नशिप के दौरान छात्रों को कल्याणकारी योजनाओं और संस्थागत सेवाओं का मूल्यांकन, केस स्टडी तैयार करने और शोध संबंधी कार्यों में सहायता करने का अवसर मिलेगा.
कोड ऑफ कंडक्ट का करना होगा पालन
संस्थानों में रहने वाले लोगों की निजता और सम्मान की रक्षा के लिए विभाग ने इंटर्न्स के लिए सख्त कोड ऑफ कंडक्ट भी तय किया है. सक्षम अधिकारी की अनुमति के बिना संस्थानों के भीतर फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी की इजाजत नहीं होगी. इसके अलावा इंटर्न्स को संस्थानों या वहां रहने वाले लोगों से जुड़ी तस्वीरें, रिपोर्ट या किसी भी प्रकार की जानकारी सोशल मीडिया अथवा ब्लॉग पर साझा करने की अनुमति नहीं होगी.
सिलेक्टेड स्टूडेंट्स को रोहिणी स्थित आशा किरण, वृद्धाश्रमों और दृष्टिबाधित छात्रों के हॉस्टल जैसे संस्थानों में काम करने का मौका मिलेगा. इंटर्नशिप के दौरान वे बुजुर्गों और दिव्यांगों की डेली रूटीन में हेल्प करेंगे, काउंसलिंग और मनोरंजन कार्यक्रमों में सहयोग देंगे, बिहेवियर चेंजेज को ऑब्जर्व करेंगे और रिकॉर्ड मैनेजमेंट और डेटा कलेक्शन में मदद करेंगे.
यह इंटर्नशिप पूरी तरह फ्री होगी. छात्रों को इसमें भाग लेने के लिए किसी तरह की फीस नहीं देनी होगी. साथ ही विभाग ने ये भी स्पष्ट किया है कि इंटर्न्स को किसी तरह का स्टाइपेंड या मानदेय नहीं दिया जाएगा. छात्र सीधे या अपने कॉलेज के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं, जबकि लास्ट सिलेक्शन समाज कल्याण विभाग के प्रमुख द्वारा किया जाएगा. इंटर्नशिप पूरी होने के बाद सभी प्रतिभागियों को अपनी रिपोर्ट जमा करनी होगी.
यह भी पढ़ें- शिक्षा मंत्रालय का कार्यभार संभालते ही एक्शन में प्रह्लाद जोशी, अधिकारियों को दी सख्त चेतावनी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं