उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना के तहत 50 हजार छात्रों को टैबलेट दिया गया है. खुद सीएम योगी आदित्यनाथ ने इस कार्यक्रम में हिस्सा लिया और कहा कि टैबलेट से युवाओं को कई तरह की मदद मिलेगी. सीएम योगी ने कहा कि किसी युवा के चेहरे पर जब खुशी होती है तो वो समाज की खुशी होती है और वो प्रगति के माध्यम से आगे बढ़ाने का काम करती है. टैबलेट मिलने से यही खुशी युवाओं के चेहरे पर है. ये टैबलेट सिर्फ रील देखने का माध्यम नहीं है, इसमें तमाम खूबियां हैं.
IIM लखनऊ से कराई स्टडी
सीएम योगी ने बताया कि पहले चरण के टैबलेट वितरण को लेकर IIM लखनऊ की एक टीम से स्टडी करवाई गई. इस टीम ने बताया कि तीन करोड़ लोगों तक इस पहल का प्रभाव पहुंचा है. 60 लाख युवाओं में से 46 फीसदी युवाओं ने पहली बार कोई डिजिटल डिवाइस देखा था. क्योंकि उन परिवारों की स्थिति ये नहीं थी कि वो स्मार्टफोन या टैबलेट खरीद सकें. आज छात्रों के साथ उनके परिवार भी इसके जरिए ई-गर्वनेंस, डिजिटल पेमेंट और हेल्थ सर्विसेस का लाभ प्राप्त कर रहा है.
चलती-फिरती यूनिवर्सिटी है ये टैबलेट
इस कार्यक्रम में बोलते हुए सीएम योगी ने कहा कि, ये टैबलेट एक चलती-फिरती यूनिवर्सिटी है. 18 हजार से ज्यादा फ्री कोर्स इस टैबलेट में उपलब्ध कराए गए हैं. इसके लिए इंफोसिस से करार किया गया था. सीएम योगी ने बताया कि युवा साथी ऐप में, युवाओं से जुड़ी जितनी भी स्कीम हैं, वो सब इस टैबलेट में हैं. किसी भी युवा का अगर कोर्स या डिप्लोमा लेने के बाद सिलेक्शन नहीं होता है तो युवा साथी ऐप उनकी मदद करेगा. इस टैबलेट में स्कॉलरशिप से लेकर इंटर्नशिप और तमाम तरह की योजनाओं की जानकारी है.
तकनीक को हावी न होने दें- सीएम योगी
सीएम योगी ने कहा कि रील लाइफ और रियल लाइफ में अंतर होता है. जो चीज आप अक्सर अपने स्मार्टफोन में देखते हैं, जो चीज वायरल होती है, वो असली है या नहीं, ये जानना जरूरी है. फैक्ट चेक कीजिए और अपनी डिजिटल सिक्योरिटी का ध्यान रखें. तकनीक जरूरी है, लेकिन इसे अपने ऊपर हावी मत होने दीजिए. हम उसी पर निर्भर रहें, ये नहीं होना चाहिए. हम उसका यूज करें, लेकिन वो हमें यूज ना करे.
यह भी पढ़ें | JEE Main की तैयारी के लिए NTA ने जारी किए पिछले साल के क्वेश्चन पेपर, एक्सपर्ट ने दी ये सलाह
यह भी पढ़ें | बेटों को पढ़ाने के लिए पिता ने बेची जमीन, अब एक बनेगा डॉक्टर और दूसरा इंजीनियर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं