इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट (IIMs) ने कॉमन एडमिशन टेस्ट (CAT) 2026 का शेड्यूल जारी कर दिया है. CAT 2026 शेड्यूल के अनुसार IIMs के अलग-अलग मैनेजमेंट प्रोग्राम में एडमिशन के लिए कंप्यूटर-बेस्ड एंट्रेंस एग्जाम 29 नवंबर को होगा. ये पेपर कुल तीन सेशन में आयोजित किया जाएगा. इसके अलावा CAT 2026 के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया 3 अगस्त से शुरू हो जाएगी. जो कि 15 सितंबर तक चलेगी. CAT की आधिकारिक वेबसाइट पर जल्द ही आवेदन का लिंक एक्टिव हो जाएगा.
इस बार बढ़ाई गई रजिस्ट्रेशन फीस
इस बार सभी कैटेगरी की रजिस्ट्रेशन फीस बढ़ा दी गई है. जनरल, EWS और NC-OBC कैटेगरी के कैंडिडेट्स को अब 2,700 रुपये देने होंगे. ये फीस पिछले साल 2,600 रुपये थी. SC, ST और PwD कैंडिडेट्स के लिए एप्लीकेशन फीस 1,300 रुपये से बढ़ाकर 1,350 रुपये कर दी गई है. रजिस्ट्रेशन फीस नॉन-रिफंडेबल है. वहीं SC, ST और PwBD कैटेगरी के उम्मीदवारों को रजिस्ट्रेशन करते समय वैलिड कैटेगरी सर्टिफिकेट भी अपलोड करना होगा.
कब जारी होगा एडमिट कार्ड
रजिस्ट्रेशन के समय, उम्मीदवारों को अपनी पसंद के पांच टेस्ट शहर चुनने का मौका दिया जाएगा. चुने गए शहरों में से कोई एक शहर एग्जाम के लिए आवंटित किया जाएगा. उम्मीदवार 4 नवंबर से 29 नवंबर के बीच अपने एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे. IIM इंदौर इस साल ये एग्जाम करवा रहा है. जो कि देश के 170+ शहरों में होगा.
कब आएगा रिजल्ट
CAT 2026 के नतीजे जनवरी 2027 के पहले हफ्ते में जारी किए जा सकते हैं. CAT की आधिकारिक वेबसाइट पर ही रिजल्ट को जारी किया जाना है. बता दें कि CAT 2026 का स्कोर 31 दिसंबर 2027 तक मान्य रहेगा. CAT स्कोर की मदद से ही IIMs की ओर से चलाए जाने वाले मैनेजमेंट प्रोग्राम में एडमिशन मिलता है. हालांकि, हर IIM का अपना सिलेक्शन प्रोसेस और CAT पास करना अनिवार्य होता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं