BSEB exam date 2025 : बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) की इंटर यानी कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षा कल, 2 फरवरी से शुरू होने जा रही है. अगर आप या आपके परिवार में कोई इस साल परीक्षा दे रहा है, तो यह खबर आपके लिए बहुत जरूरी है. इस साल करीब 13.18 लाख छात्र-छात्राएं अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। पूरे बिहार में कुल 1762 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां सुरक्षा के कड़े इंतजाम हैं.
यह भी पढ़ें- JEE Main 2026 सेशन 2 के रजिस्ट्रेशन शुरू, जानें कैसे भरें फॉर्म
समय का रखें खास ख्याल
बिहार बोर्ड ने इस बार समय को लेकर बहुत सख्ती दिखाई है. नए नियमों के मुताबिक, परीक्षा शुरू होने से आधा घंटा पहले ही सेंटर का मेन गेट बंद कर दिया जाएगा. यानी गेट केवल 30 मिनट के लिए ही खुलेगा.
पहली शिफ्टसुबह की परीक्षा के लिए आपको 8:30 बजे से 9:00 बजे के बीच सेंटर के अंदर पहुंच जाना होगा। ठीक 9 बजे गेट बंद हो जाएगा।
दूसरी शिफ्टदोपहर की परीक्षा के लिए 1:00 बजे से एंट्री शुरू होगी और 1:30 बजे गेट बंद कर दिया जाएगा।
एक बात का ख्याल रखें बोर्ड ने साफ कह दिया है कि गेट बंद होने के बाद किसी को भी अंदर आने नहीं दिया जाएगा.
जूते-चप्पल और तलाशी के नियम
ठंड को देखते हुए बोर्ड ने इस बार नियमों में थोड़ा बदलाव किया है. आम तौर पर केवल चप्पल पहनकर आने की इजाजत होती है, लेकिन कड़ाके की ठंड को देखते हुए छात्र जूते पहनकर आ सकते हैं. हालांकि, ध्यान रहे कि मोटे सोल वाले जूते पहनकर आने की मनाही है.
एग्जाम हॉल में जाने से पहले छात्रों की दो बार तलाशी ली जाएगी. पहली बार मेन गेट पर और दूसरी बार एग्जाम हॉल के अंदर. मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ, ईयरफोन, कैलकुलेटर या व्हाइटनर जैसी चीजें ले जाना पूरी तरह बैन है. यहां तक कि सेंटर पर ड्यूटी करने वाले अधिकारी भी अपना मोबाइल साथ नहीं रख सकेंगे.
परीक्षा पैटर्न
इस बार भी बिहार बोर्ड ने छात्रों को राहत दी है. एग्जाम पैटर्न में 100% एक्स्ट्रा ऑप्शन मिलेंगे. यानी अगर आपको 50 ऑब्जेक्टिव (MCQ) सवालों के जवाब देने हैं, तो पेपर में कुल 100 सवाल दिए होंगे. आप अपनी पसंद के कोई भी 50 सवाल हल कर सकते हैं. यह नियम छात्रों को अच्छे नंबर लाने में काफी मदद करेगा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं