प्राइमरी स्कूलों में पढ़ा रहे बीएड टीचर्स के लिए एक बार फिर ब्रिज कोर्स में रजिस्ट्रेशन की विंडो खोल दी गई है. राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान (NIOS) के इस 6 महीने के ब्रिज कोर्स के लिए 21 से 28 अक्टूबर तक आवेदन कर सकते हैं. जिन शिक्षकों ने अभी तक ब्रिज कोर्स पूरा नहीं किया है या फिर इसके लिए आवेदन नहीं किया है, वो bridge.nios.ac.in पर जाकर अपना रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं. ये कोर्स उन तमाम सरकारी टीचर्स के लिए बेहद जरूरी है, जिनकी नौकरी बीएड की योग्यता के आधार पर लगी थी. ऐसा नहीं करने वाले टीचर्स की नौकरी जा सकती है.
क्या है ये NIOS ब्रिज कोर्स?
राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (NCTE) की तरफ से NIOS को इस कोर्स की जिम्मेदारी दी गई है. ये 6 महीने का ब्रिज कोर्स एक तरह का प्रोफेशनल ट्रेनिंग प्रोग्राम है. ये कोर्स प्राथमिक स्तर पर पढ़ाने के लिए जरूरी शर्तों को पूरा करता है. कक्षा 1 से लेकर 5वीं तक सभी स्कूलों में पढ़ा रहे टीचर्स को ये कोर्स हर हाल में पूरा करना होगा. जिन शिक्षकों की नौकरी 28 जून 2018 से लेकर 11 अगस्त 2023 तक लगी थी, उन सभी पर ये नियम लागू होता है.
ब्रिज कोर्स के लिए कैसे करें आवेदन?
- ब्रिज कोर्स के लिए सबसे पहले NIOS की आधिकारिक वेबसाइट bridge.nios.ac.in पर जाएं
- होमपेज पर दिख रहे Enrol Now विकल्प पर क्लिक करें
- इसके बाद जो जानकारी मांगी गई है, उसे दर्ज करें
- रजिस्ट्रेशन फॉर्म खुलने के बाद इसमें नौकरी और शैक्षणिक जानकारी भरें
- फीस का भुगतान करने के बाद फॉर्म सबमिट कर दें
फेल होने पर मिलेगा दूसरा मौका
इस ब्रिज कोर्स के बाद होने वाली परीक्षा में फेल होने वाले टीचर्स को एक और मौक दिया जाएगा. इसमें सप्लीमेंट्री एग्जाम का भी प्रावधान रखा गया है. परीक्षा में 250 नंबर इंटरनल असेसमेंट और बाकी 250 परीक्षा के लिए होंगे. इसके बाद भी अगर कोई टीचर परीक्षा में पास नहीं होता है या कोर्स को पूरा नहीं कर पाता है तो उसकी नियुक्ति को अवैध करार दिया जाएगा.
यह भी पढ़ें | मेडिकल की पढ़ाई में कौन सी होती है सबसे महंगी ब्रांच? डिग्री लेने के बाद करोड़ों में होती है कमाई
यह भी पढ़ें | सुप्रीम कोर्ट में क्या होते हैं कोर्ट मास्टर? जिनके 20 पदों पर निकली है भर्ती, 2 लाख है सैलरी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं