Global Korea Scholarship 2026 : बांका जिले के अमरपुर प्रखंड अंतर्गत सलेमपुर गांव की होनहार बेटी जानू कुमारी ने अपनी मेहनत और लगन के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन किया है. जानू कुमारी का सिलेक्शन प्रतिष्ठित 2026 ग्लोबल कोरिया स्कॉलरशिप (GKS) के लिए हुआ है. इस स्कॉलरशिप के तहत वह दक्षिण कोरिया की सन मून यूनिवर्सिटी से इंटरनेशनल रिलेशंस विषय में मास्टर डिग्री की पढ़ाई करेंगी. उनकी इस अचीवमेंट से परिजनों और ग्रामीणों में खुशी की लहर है. आइए जानते हैं जानू ने कहां से पढ़ाई की है और इस अचीवमेंट की कहानी क्या है...
कहां से की है पढ़ाई
जानू कुमारी की प्रारंभिक शिक्षा सलेमपुर हाई स्कूल से हुई. इसके बाद उन्होंने भागलपुर स्थित शारदा झुनझुनवाला महिला महाविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई पूरी की. मध्यमवर्गीय परिवार से आने वाली जानू ने सीमित संसाधनों के बावजूद शिक्षा के प्रति अपनी लगन को बनाए रखा. उनके पिता चंडिका चौधरी और मां रानी चौधरी ने बेटी की पढ़ाई को हमेशा प्राथमिकता दी और हर कदम पर उसका सहयोग किया.
जानू बचपन से ही पढ़ाई में मेधावी
परिजनों के अनुसार, जानू बचपन से ही पढ़ाई में मेधावी रही हैं. उनके चाचा अंबिका चौधरी ने बताया कि जानू पिछले करीब तीन वर्षों से ग्लोबल कोरिया स्कॉलरशिप हासिल करने के लिए लगातार तैयारी कर रही थीं. उन्होंने कठिन मेहनत और दृढ़ संकल्प के साथ आवेदन प्रक्रिया पूरी की और अंत में उनका चयन इस प्रतिष्ठित छात्रवृत्ति के लिए हो गया.
ग्लोबल कोरिया स्कॉलरशिप क्या है
जानू ने बताया कि ग्लोबल कोरिया स्कॉलरशिप दक्षिण कोरिया के शिक्षा मंत्रालय के अधीन नेशनल इंस्टीट्यूट फॉर इंटरनेशनल एजुकेशन (NIIED) द्वारा प्रदान की जाती है. प्रत्येक वर्ष इसके लिए आवेदन आमंत्रित किए जाते हैं और भारत से सीमित संख्या में विद्यार्थियों का चयन किया जाता है.
कितने समय की होगी स्कॉलरशिप
जानू की छात्रवृत्ति की अवधि 1 सितंबर 2026 से 31 अगस्त 2029 तक होगी. इस दौरान कोरियाई सरकार की ओर से आने-जाने का हवाई किराया, पूरी ट्यूशन फीस, मासिक स्टाइपेंड और स्वास्थ्य बीमा सहित कई सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी.
मिल रही बधाई
सलेमपुर गांव की बेटी की इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है. ग्रामीणों ने जानू को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है. उनकी सफलता ग्रामीण क्षेत्र की छात्राओं के लिए प्रेरणा बनी है.
यह भी पढ़ें- अगस्त में खुला स्कॉलरशिप का खजाना, 10वीं-12वीं पास और कॉलेज छात्रों को मिलेंगे 10 हजार से 60 हजार रुपये तक
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं