Scholarship 2026-27: अगर आपने 10वीं, 12वीं की परीक्षा पास कर ली है या फिर कॉलेज में एडमिशन ले चुके हैं और आगे की पढ़ाई के लिए पैसों की चिंता सता रही है, तो आपके लिए बड़ी राहत की खबर है. अगस्त 2026 का यह महीना स्कॉलरशिप के लिए अप्लाई करने का सबसे बेहतरीन मौका लेकर आया है. खास बात यह है कि इनमें 12वीं पास छात्राओं से लेकर ग्रेजुएशन कर रही छात्राओं, डिप्लोमा स्टूडेंट्स और उत्तर प्रदेश के 9वीं से 12वीं तक के छात्रों के लिए भी मौके हैं. अजीम प्रेमजी फाउंडेशन, महिंद्रा ट्रस्ट, U-GO और उत्तर प्रदेश सरकार जैसी कई बड़ी संस्थाएं छात्रों को 10,000 रुपए से लेकर 60,000 रुपए सालाना तक की आर्थिक मदद दे रही हैं. अगर आप भी आगे की पढ़ाई के लिए इनका फायदा उठाना चाहते हैं, तो यहां जानिए किन स्कॉलरशिप में अप्लाई कर सकते हैं और कब तक.
अजीम प्रेमजी स्कॉलरशिप
यह स्कॉलरशिप अजीम प्रेमजी फाउंडेशन की ओर से खासतौर पर उन छात्राओं के लिए चलाई जाती है, जो गरीब परिवार से आती हैं और 12वीं के बाद आगे पढ़ना चाहती हैं. सिर्फ वे ही छात्राएं इसके लिए अफ्लाई कर सकती हैं, जिन्होंने 10वीं और 12वीं की पढ़ाई सरकारी स्कूल या कॉलेज से की हो और 2026-27 में किसी डिग्री या डिप्लोमा (2 से 5 साल के कोर्स) के फर्स्ट ईयर में एडमिशन लिया हो। इस स्कॉलरशिप में पूरे कोर्स के दौरान हर साल 30,000 रुपए दिए जाएंगे. इसके पहले राउंड में अप्लाई करने की लास्ट डेट 31 अगस्त 2026 है. आप आधिकारिक वेबसाइट azimpremjifoundation.org पर जाकर ऑनलाइन फॉर्म भर सकती हैं.
NMMSS स्कॉलरशिप
अगर आप स्कूली छात्र हैं, तो NMMSS (National Means-cum-Merit Scholarship Scheme) भी आपके लिए बड़े काम की है. इस स्कॉलरशिप के लिए आवेदन नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल (National Scholarship Portal) पर किए जा रहे हैं. आवेदन की लास्ट डेट 31 अगस्त 2026 है. NMMSS के लिए आवेदन करने वाले छात्रों को पहले OTR (One Time Registration) करना होगा. इसके बाद मोबाइल नंबर रजिस्ट्रेशन और e-KYC की प्रक्रिया पूरी करनी होगी. फिर लॉगिन करके स्कॉलरशिप एप्लीकेशन भरना होगा.
यू-गो स्कॉलरशिप प्रोग्राम
अगर आप टीचिंग, नर्सिंग, फार्मेसी, इंजीनियरिंग, डॉक्टरी (MBBS, BDS), लॉ या आर्किटेक्चर जैसे प्रोफेशनल कोर्स कर रहे हैं, तो यह स्कॉलरशिप आपकी पढ़ाई का बड़ा खर्च उठा सकती है. इसमें अप्लाई करने के लिए 10वीं और 12वीं में कम से कम 70% अंक होने चाहिए. परिवार की कुल सालाना आय 5 लाख रुपए से कम होनी चाहिए. इस स्कॉलरशिप में नर्सिंग, BCA, BSc जैसे कोर्स करने वालों को 40,000 रुपए सालाना, इंजीनियरिंग, MBBS, लॉ जैसे कोर्स के लिए 4 साल तक 60,000 रुपए हर साल दिए जाएंगे. इसमें अप्लाई करने की लास्ट डेट 20 अगस्त 2026 है.
महिंद्रा ऑल इंडिया टैलेंट स्कॉलरशिप
केसी महिंद्रा एजुकेशन ट्रस्ट का यह स्कॉलरशिप उन छात्रों को दिया जाता है, जो 10वीं या 12वीं के बाद किसी सरकारी पॉलीटेक्निक इंस्टीट्यूट से जॉब-ओरिएंटेड डिप्लोमा कोर्स कर रहे हैं. इसके लिए 10वीं या 12वीं में कम से कम 60% मार्क्स होने चाहिए और फर्स्ट ईयर डिप्लोमा में एडमिशन होना जरूरी है. छात्राएं, दिव्यांग छात्र और सशस्त्र बलों के बच्चों को वरीयता दी जाएगी. इसमें 3 साल के लिए सालाना 10,000 रुपए दिए जाते हैं. अगर आप अप्लाई करना चाहते हैं, तो 31 अगस्त 2026 तक फॉर्म भर सकते हैं.
यूपी स्कॉलरशिप 2026
उत्तर प्रदेश समाज कल्याण विभाग ने कक्षा 9 से 12वीं तक के छात्रों के लिए स्कॉलरशिप पोर्टल खोल दिया है. इसमें अप्लाई करने वाला छात्र उत्तर प्रदेश का मूल निवासी होना चाहिए. सामान्य, SC और ST कैटेगरी के लिए परिवार की आय 2.5 लाख रुपये और OBC वर्ग के लिए 2 लाख रुपए से ज्यादा नहीं होनी चाहिए. ऑनलाइन फॉर्म भरकर उसकी हार्ड कॉपी 25 अगस्त 2026 तक अपने स्कूल या कॉलेज में जमा करनी होगी. ऑफिशियल वेबसाइट scholarship.up.gov.in पर जाकर फॉर्म भर सकते हैं.
यह भी पढ़ें- Azim Premji Scholarship 2026: 12वीं के बाद पढ़ाई के लिए हर साल 30,000, लड़कियां 31 अगस्त तक करें आवेदन
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं