आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI की चर्चा हर सेक्टर में हो रही है. एआई क्रांति के साथ ही डिजिटल सेक्टर में करियर ट्रेंड्स भी बदले हैं. इसके उलट आईआईटी और एनआईटी में ट्रेंड कुछ और ही है. यहां कम मार्क्स पर भी एआई कोर्सेज में एडमिशन मिल रहा है. जहां एक ओर, IIT-NIT में बेहद अच्छी रैंकिंग के बावजूद भी मौका नहीं मिल पाता. वहीं, ट्रिपल आईटी कोटा, आईआईटी जोधपुर और एमएनआईटी जयपुर जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में एआई को लेकर क्रेज घटा है. ज्वाइंट सीट अलोकेशन ऑथोरिटी (जोसा) काउंसलिंग-2026 में सामने आए आंकड़ें इसी बदलाव की ओर इशारा करते हैं. जानिए रिपोर्ट के बारे में...
4 हजार तक गिरी क्लोजिंग रैंक
इस बार इन संस्थानों की क्लोजिंग रैंक में 390 से लेकर 4000 तक की गिरावट दर्ज की गई है. यानी टॉप रैंक वाले अभ्यर्थी संस्थानों के एआई कोर्स में प्रवेश नहीं ले रहे हैं. सबसे अधिक गिरावट ट्रिपल आईटी कोटा में दर्ज की गई है. जबकि पिछले साल तक के ट्रेंड की बात करें तो हर साल इन कोर्सेज में ओपनिंग और क्लोजिंग रैंक बेहतर होती रही थी.
ट्रिपल आईटी कोटा में 29000 रैंक पर भी एडमिशन
ट्रिपल आईटी कोटा में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एंड डेटा इंजीनियरिंग की क्लोजिंग रैंक पिछले साल 25 हजार 801 थी, जो इस साल बढ़कर 29 हजार 872 हो गई. यहां रिकॉर्ड 4071 रैंक की गिरावट दर्ज हुई. पिछले साल इस कोर्स के लिए ओपनिंग रैंक 11695 थी. इस साल 9652 रैंक की गिरावट के चलते ओपनिंग रैंक 21 हजार 347 तक पहुंच गई.
इस संस्थान के कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग कोर्स में पिछले साल 23800 रैंक पर एडमिशन बंद हुआ था, लेकिन इस बार 27 हजार 568 रैंक तक के छात्रों को प्रवेश मिला, जिससे 3768 रैंक की गिरावट सामने आई. कोर्स के ओपनिंग रैंक में 2343 रैंक की गिरावट आई है. इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन ब्रांच में क्लोजिंग रैंक 30755 से खिसककर 34014 पर पहुंच गई.
IIT जोधपुर की क्लोजिंग रैंक में भी जबरदस्त गिरावट
आईआईटी जोधपुर की बात करने तो यहां भी इसी तरह का ट्रेंड देखने को मिला. यहां एआई और डेटा साइंस की क्लोजिंग रैंक 3910 से बढ़कर 4831 हो गई यानी 921 रैंक की गिरावट हुई. वहीं, ओपनिंग रैंक में 425 रैंक की गिरावट हुई है. कंप्यूटर साइंस में भी क्लोजिंग रैंक 2844 से बढ़कर 3392 तक पहुंच गई, जिससे 548 रैंक की कमी दर्ज की गई. ओपनिंग रैंक में 501 रैंक की गिरावट हुई है. एमएनआईटी जयपुर में भी गिरावट का असर दिखा. यहां एआई कोर्स की क्लोजिंग रैंक 6225 से बढ़कर 7257 हो गई. कंप्यूटर साइंस में होम स्टेट कोटे की क्लोजिंग रैंक 5629 से बढ़कर 6019 पहुंच गई, जिससे 390 रैंक की गिरावट दर्ज की गई.
सीटों में वृद्धि और संस्थानों की गिरती रैंकिंग बड़ी वजह
विशेषज्ञों की माने तो पिछले कुछ सालों में संस्थानों की रैंकिंग और प्लेसमेंट में गिरता औसत पैकेज इसके लिए एक कारण हो सकता है. एनआईआरएफ रैंकिंग-2025 की बात करें तो आईआईटी जोधपुर 66 वें पायदान पर है. MNIT जयपुर की रैंक 77 है. वहीं, ट्रिपल आईटी कोटा टॉप 100 में भी शामिल नहीं है. इसके साथ ही टॉप संस्थानों में भी सीटों की संख्या बढ़ी है. इसी वजह से अधिक अभ्यर्थी वहां पर आवेदन कर पाते हैं. अभ्यर्थियों का रुझान प्राइवेट संस्थानों की ओर भी बढ़ा है.
यह भी पढ़ेंः IIT के बिना भी बन सकते हैं फ्यूचर-रेडी इंजीनियर: IISc बैंगलोर ने शुरू किए 3 नए BTech कोर्स, JoSAA से मिलेगा Admission
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं