राजस्थान के बांसवाड़ा जिले में स्थित कुशलगढ़ के भारती बीएड कॉलेज में कई छात्र प्रदर्शन कर रहे हैं. मामला सेकंड सेमेस्टर की परीक्षाओं से पहले शॉर्ट अटेंडेंस से जुड़ा है, जिसे लेकर अब विवाद खड़ा हो गया है. छात्रों ने कॉलेज प्रबंधन पर एडमिट जारी करने के नाम पर अवैध वसूली करने के गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि कम अटेंडेंट का हवाला देते हुए कई छात्रों के एडमिट कार्ड ही जारी नहीं किए जा रहे हैं, जिससे उनका पूरा साल बर्बाद हो सकता है. छात्रों की मांग है कि उन्हें जल्द से जल्द एडमिट कार्ड जारी किए जाएं.
छात्रों में भारी आक्रोश
जानकारी के अनुसार 13 जून से आयोजित होने वाली सेकंड सेमेस्टर परीक्षाओं के लिए कॉलेज प्रशासन ने कम उपस्थिति का हवाला देते हुए कई छात्र-छात्राओं के प्रवेश पत्र रोक दिए हैं. इसके बाद विद्यार्थियों में आक्रोश फैल गया. पीड़ित छात्र-छात्राओं का आरोप है कि परीक्षा में बैठने की अनुमति देने के बदले उनसे 5 हजार रुपये से लेकर 25 हजार रुपये तक की राशि मांगी जा रही है. विद्यार्थियों का कहना है कि बाहरी जिलों से आने वाले छात्रों को विशेष रूप से निशाना बनाया जा रहा है.
छात्रों ने यह भी आरोप लगाया कि विरोध करने पर कॉलेज प्रबंधन द्वारा उनके साथ अभद्र व्यवहार किया जा रहा है तथा भविष्य खराब करने की धमकियां दी जा रही हैं. मामले को लेकर विद्यार्थियों में भारी नाराजगी है और वो लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं.
पूरे मामले की जांच की मांग
भारती बीएड कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने जिला कलेक्टर एवं उपखंड अधिकारी को लिखित शिकायत सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करवाने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. फिलहाल मामले को लेकर छात्रों और कॉलेज प्रबंधन के बीच विवाद की स्थिति बनी हुई है. प्रशासनिक स्तर पर शिकायत की जांच किए जाने की मांग उठ रही है.
एनडीटीवी उठाएगा छात्रों की आवाज
एनडीटीवी एजुकेशन पर छात्रों और अभ्यर्थियों की आवाज को लगातार उठाया जा रहा है. किसी भी तरह की शिकायत या फिर व्यवस्था में गड़बड़ी को लेकर आप एनडीटीवी को अपनी बात भेज सकते हैं. इसके लिए educationkhabar@ndtv.com पर आपको मेल करना होगा और इसके साथ अपना मोबाइल नंबर भी देना होगा. हम आपसे संपर्क करेंगे और आपके मुद्दों को जनता तक पहुंचाने का काम करेंगे. मेल आईडी को अपने दोस्तों और बाकी छात्रों के साथ शेयर करें.
(इनपुट - निखिलेश सोनी)
ये भी पढ़ें - NEET के रिजल्ट में इस साल कितनी होगी देरी? देख लीजिए पिछले पांच सालों का ट्रेंड
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं