- विराट कोहली ने वनडे क्रिकेट में 53 शतक बनाकर किसी भी फॉर्मेट में सर्वाधिक शतकीय रिकॉर्ड हासिल किया
- विराट कोहली ने 344 लिस्ट-ए मैचों में 57.87 के औसत से माइकल बेवन का रिकॉर्ड तोड़ दिया है
- स्मृति मंधाना ने सबसे तेज़ 10,000 रन पूरे कर विश्व महिला क्रिकेट में नया कीर्तिमान स्थापित किया
भारतीय क्रिकेट के लिए बीत रहा साल 2025 खुशियों की कई सौगातें लेकर आया. स्मृति संधाना से लेकर विराट कोहली, रोहित शर्मा, शुभमन गिल और वैभव सूर्यवंशी जैसे सितारे अक्सर सुर्खियों में छाये रहे. इन सितारों ने इस साल कई ऐसे रिकॉर्ड भी बना दिये जो फ़ैन्स का दिल तो जीतते ही रहे, ये ऐसे महारिकॉर्ड भी साबित हुए जिन्हें तोड़ना आनेवाले वक्त में दुनिया भर के क्रिकेटरों के लिए एक ख़्वाब और एक चुनौती बनी रहेगी.
विराट कोहली
विराट कोहली ने वनडे क्रिकेट में अपने नाम 53 शतक कर लिए. किसी भी एक फॉर्मैट में किसी क्रिकेटर का बनाया ये सर्वाधिक शतकीय रिकॉर्ड है. विराट के नाम 308 वनडे मैचों में 53 शतकों के साथ 14557 रन हो गये हैं.
| बल्लेबाज | टीम | मैच | शतक |
| विराट कोहली | भारत | 308 | 53 |
| सचिन तेंदुलकर | भारत | 463 | 49 |
| रोहित शर्मा | भारत | 279 | 33 |
| रिकी पॉन्टिंग | ऑस्ट्रेलिया | 375 | 30 |
अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में 84 शतकों वाले किंग कोहली ने साल के ख़त्म होने से पहले लिस्ट-A के मैचों में भी सबसे बड़े औसत का रिकॉर्ड बना डाला. 344 लिस्ट-A मैचों के साथ विराट का विशाल बैटिंग औसत 57.87 (344 मैचों के साथ) लंबे सयम तक एक रिकॉर्ड रहने वाला है. लिस्ट-A में उन्होंने माइकल बेवन के 57.86 के औसत के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा.
| बैटर | टीम | औसत |
| विराट कोहली | भारत | 57.87 |
| माइकल बेवन | ऑस्ट्रेलिया | 57.86 |
| सैम हैन- | इंग्लैंड | 57.76 |
| शान मसूद- | पाकिस्तान | 57.13 |
| चेतेश्वर पुजारा | भारत | 57.01 |
स्मृति मंधाना
विश्व विजेता महिला क्रिकेट टीम की सुपरस्टार स्मृति मंधाना के निजी जीवन में चाहे जितनी भी उथल-पुथल रही हो, क्रिकेट के मैदान की वो लाजवाब क्वीन बनी रहीं हैं. स्मृति मंधाना साल 2025 के ख़त्म होने से पहले दुनिया में सबसे तेज़ 10,000 रनों का जादुई आंकड़ा छूनेवाली स्टार बन गईं. मंधाना ने सिर्फ़ 280 पारियों में अपने 10,000 रन पूरे कर लिए.
| बैटर | टीम | पारी | रन |
| स्मृति मंधाना | भारत | 280 | 10,053 |
| मिताली राज | भारत | 314 | 10,868 |
| शैरोलेट एडवर्ड्स | इंग्लैंड | 316 | 10, 273 |
| सूज़ी बेट्स | न्यूज़ीलैंड | 343 | 10,652 |
रोहित शर्मा
रोहित शर्मा ने साल 2025 में शाहिद आफ़रीदी के वनडे मैचों में 351 छक्कों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया. बड़ी बात ये है कि हिटमैन ने 350 से ज़्यादा छक्के 279 वनडे मैचों में ही लगा डाले. शाहिद आफ़रीदी के नाम 351 छक्के 398 मैचों में दर्ज हुए हैं. इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर यूनिवर्स बॉस क्रिस गेल 331 छक्के हैं. ये रिकॉर्ड आनेवाले कई सालों तक नहीं टूटने वाला लगता है.
| बल्लेबाज | टीम | मैच | छक्के |
| रोहित शर्मा | भारत | 279 | 355 |
| शाहिद आफ़रीदी | पाकिस्तान | 398 | 351 |
| क्रिस गेल | वेस्ट इंडीज़ | 301 | 331 |
शुभमन गिल
शुभमन गिल के लिए हालांकि साल का अंत उनके टैलेंट के मुताबिक नहीं हो पाया. लेकिन बतौर टेस्ट कप्तान उन्होंने इंग्लैंड दौरे पर अपना डंका बजवा दिया. इंग्लैंड दौरे पर पांच टेस्ट मैच की सीरीज़ में बतौर कप्तान वो सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले भारतीय कप्तान बन गए.इग्लैंड दौरे पर गिल ने पूर्व भारतीय कप्तान सुनील गावस्कर का 46 साल पुराना 732 रनों का रिकॉर्ड तोड़ दिया. हालांकि वो ब्रैडमैन के रिकॉर्ड को तोड़ने से महज़ 56 रन दूर रह गये.
| कप्तान | टीम | साल | रन |
| डॉन ब्रैडमैन | ऑस्ट्रेलिया | 1936-37 | 810 |
| शुभमन गिल | भारत | 2025 | 754 |
| सुनील गावस्कर | भारत | 1978-79 | 732 |
इसी दौरान शुभमन गिल ने बर्मिंघम टेस्ट में इंग्लैंड के ख़िलाफ़ 269 और 161 रनों की पारी खेलकर धमाका कर दिया.कप्तान गिल ने एजबैस्टन में 430 रन बनाये जो ग्राहम गूच के 456 के बाद दूसरा सबसे बड़ा रिकॉर्ड टोटल साबित हुआ. एक ही मैच में दोहरा शतक लगाने वाले वो भारत के दूसरे और दुनिया के 9वें बैटर भी बन गये.
वैभव सूर्यवंशी
बिहार के समस्तीपुर के रहनेवाले 14 साल के वैभव सूर्यवंशी (14 साल 272 दिन; 24 दिसंबर, 2025) ने विजय हज़ारे ट्रॉफी में शतक लगाकर सबसे युवा खिलाड़ी के तौर पर लिस्ट-A शतक लगाने रिकॉर्ड बना डाला. उन्होंने 14 साल की उम्र में शतक लगाकर पाकिस्तान के जहूर इलाही (15 साल 209 दिन, पाकिस्तान ऑटोमोबाइल्स, 1986) का 39 साल पुराना वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ दिया. वैभव ने विजय हज़ारे की अपनी इस तूफ़ानी पारी में 84 गेंदों पर 190 रन बनाये. उन्होंने इस पारी में 16 चौके और 15 छक्के लगाकर अरुणाचल के गेंदबाज़ों के छक्के छुड़ा दिये. वैभव ने 226.19 के स्ट्राइक रेट से बैटिंग की.














