यह ख़बर 22 मार्च, 2011 को प्रकाशित हुई थी

वीएसएनएल के विनिवेश की जांच वरिष्ठ दूरसंचार अधिकारी करेंगे

खास बातें

  • वीएसएनएल को टाटा समूह को बेचे जाने से सम्बंधित मामलों की जांच दूरसंचार विभाग में अतिरिक्त सचिव एसआर राव करेंगे।
New Delhi:

पूर्व सरकारी दूरसंचार कम्पनी विदेश संचार निगम लिमिटेड (वीएसएनएल) को टाटा समूह को बेचे जाने से सम्बंधित मामलों की जांच दूरसंचार विभाग में अतिरिक्त सचिव एसआर राव करेंगे।  अधिकारियों के मुताबिक 2001 में वीएसएनएल का विनिवेश किए जाने के बाद अतिरिक्त भूमि को अलग करने में हुई देरी और सौदा हासिल करने में टाटा को मिले किसी अनुचित लाभ की जांच की जानी है। जांच रिपोर्ट 31 मार्च तक जमा की जाएगी। अधिकारी ने कहा कि कम्पनी के पास नई दिल्ली, पुणे, कोलकाता और चेन्नई में करीब 775 एकड़ अतिरिक्त भूमि है और सरकार ने इसका मूल्यांकन करने के लिए सलाहकारों को आमंत्रित भी किया था। टाटा समूह ने जांच का स्वागत किया है। समूह ने एक बयान जारी कर कहा कि वह ऐसी किसी भी जांच का स्वागत करता है, जिससे अतिरिक्त भूमि को अलग करने के काम में तेजी आए। समूह ने पहले भी कम्पनी और शेयरधारकों के हित में इसके लिए कई बार अनुरोध किया है। बयान में कहा गया कि टाटा समूह इस बात से पूरी तरह इनकार करता है कि टाटा ने अतिरिक्त भूमि से कोई लाभ उठाया है या लाभ उठाना चाहता है।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com